कहानी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कहानी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 15 जनवरी 2021

अरे! ऐसा भी होता है


एक प्राथमिक स्कूल मे अंजलि नाम की एक शिक्षिका थीं वह कक्षा 5 की क्लास टीचर थी, उसकी एक आदत थी कि वह कक्षा मे आते ही हमेशा "LOVE YOU ALL" कहा करतीं थी।
मगर वह जानती थीं कि वह सच नहीं बोल रही ।
वह कक्षा के सभी बच्चों से एक जैसा प्यार नहीं करती थीं।
कक्षा में एक ऐसा बच्चा था जो उनको फूटी आँख भी नहीं भाता था। उसका नाम राजू था। राजू मैली कुचेली स्थिति में स्कूल आ जाया करता है। उसके बाल खराब होते, जूतों के बन्ध खुले, शर्ट के कॉलर पर मेल के निशान । पढ़ाई के दौरान भी उसका ध्यान कहीं और होता था।
मेडम के डाँटने पर वह चौंक कर उन्हें देखता, मगर उसकी खाली खाली नज़रों से साफ पता लगता रहता कि राजू शारीरिक रूप से कक्षा में उपस्थित होने के बावजूद भी मानसिक रूप से गायब हे यानी (प्रेजेंट बाडी-अफसेंट माइड) .धीरे धीरे मेडम को राजू से नफरत सी होने लगी। क्लास में घुसते ही राजू मेडम की आलोचना का निशाना बनने लगता। सब बुराई उदाहरण राजू के नाम पर किये जाते. बच्चे उस पर खिलखिला कर हंसते.और मेडम उसको अपमानित कर के संतोष प्राप्त करतीं।
राजू ने हालांकि किसी बात का कभी कोई जवाब नहीं दिया था।
मेडम को वह एक बेजान पत्थर की तरह लगता जिसके अंदर आत्मा नाम की कोई चीज नहीं थी। प्रत्येक डांट, व्यंग्य और सजा के जवाब में वह बस अपनी भावनाओं से खाली नज़रों से उन्हें देखा करता और सिर झुका लेता। मेडम को अब इससे गंभीर नफरत हो चुकी थी।
पहला सेमेस्टर समाप्त हो गया और प्रोग्रेस रिपोर्ट बनाने का चरण आया तो मेडम ने राजू की प्रगति रिपोर्ट में यह सब बुरी बातें लिख मारी । प्रगति रिपोर्ट माता पिता को दिखाने से पहले हेड मास्टर के पास जाया करती थी। उन्होंने जब राजू की प्रोग्रेस रिपोर्ट देखी तो मेडम को बुला लिया। "मेडम प्रगति रिपोर्ट में कुछ तो राजू की प्रगति भी लिखनी चाहिए। आपने तो जो कुछ लिखा है इससे राजू के पिता इससे बिल्कुल निराश हो जाएंगे।" मेडम ने कहा "मैं माफी माँगती हूँ, लेकिन राजू एक बिल्कुल ही अशिष्ट और निकम्मा बच्चा है । मुझे नहीं लगता कि मैं उसकी प्रगति के बारे में कुछ लिख सकती हूँ। "मेडम घृणित लहजे में बोलकर वहां से उठ कर चली गई स्कूल की छुट्टी हो गई आज तो ।
अगले दिन हेड मास्टर ने एक विचार किया ओर उन्होंने चपरासी के हाथ मेडम की डेस्क पर राजू की पिछले वर्षों की प्रगति रिपोर्ट रखवा दी । अगले दिन मेडम ने कक्षा में प्रवेश किया तो रिपोर्ट पर नजर पड़ी। पलट कर देखा तो पता लगा कि यह राजू की रिपोर्ट हैं। " मेडम ने सोचा कि पिछली कक्षाओं में भी राजू ने निश्चय ही यही गुल खिलाए होंगे।" उन्होंने सोचा और कक्षा 3 की रिपोर्ट खोली। रिपोर्ट में टिप्पणी पढ़कर उनकी आश्चर्य की कोई सीमा न रही जब उन्होंने देखा कि रिपोर्ट उसकी तारीफों से भरी पड़ी है। "राजू जैसा बुद्धिमान बच्चा मैंने आज तक नहीं देखा।" "बेहद संवेदनशील बच्चा है और अपने मित्रों और शिक्षक से बेहद लगाव रखता है।" "
यह लिखा था
अंतिम सेमेस्टर में भी राजू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर लिया है। "मेडम ने अनिश्चित स्थिति में कक्षा 4 की रिपोर्ट खोली।" राजू ने अपनी मां की बीमारी का बेहद प्रभाव लिया। .उसका ध्यान पढ़ाई से हट रहा है। "" राजू की माँ को अंतिम चरण का कैंसर हुआ है। । घर पर उसका और कोई ध्यान रखनेवाला नहीं है.जिसका गहरा प्रभाव उसकी पढ़ाई पर पड़ा है।
" लिखा था
नीचे हेड मास्टर ने लिखा कि राजू की माँ मर चुकी है और इसके साथ ही राजू के जीवन की चमक और रौनक भी। । उसे बचाना होगा...इससे पहले कि बहुत देर हो जाए। " यह पढ़कर मेडम के दिमाग पर भयानक बोझ हावी हो गया। कांपते हाथों से उन्होंने प्रगति रिपोर्ट बंद की । मेडम की आखो से आंसू एक के बाद एक गिरने लगे. मेडम ने साङी से अपने आंसू पोछे
अगले दिन जब मेडम कक्षा में दाख़िल हुईं तो उन्होंने अपनी आदत के अनुसार अपना पारंपरिक वाक्यांश "आई लव यू ऑल" दोहराया।
मगर वह जानती थीं कि वह आज भी झूठ बोल रही हैं। क्योंकि इसी क्लास में बैठे एक उलझे बालों वाले बच्चे राजू के लिए जो प्यार वह आज अपने दिल में महसूस कर रही थीं..वह कक्षा में बैठे और किसी भी बच्चे से अधिक था ।
पढ़ाई के दौरान उन्होंने रोजाना दिनचर्या की तरह एक सवाल राजू पर दागा और हमेशा की तरह राजू ने सिर झुका लिया। जब कुछ देर तक मेडम से कोई डांट फटकार और सहपाठी सहयोगियों से हंसी की आवाज उसके कानों में न पड़ी तो उसने अचंभे में सिर उठाकर मेडम की ओर देखा। अप्रत्याशित उनके माथे पर आज बल न थे, वह मुस्कुरा रही थीं। उन्होंने राजू को अपने पास बुलाया और उसे सवाल का जवाब बताकर जबरन दोहराने के लिए कहा। राजू तीन चार बार के आग्रह के बाद अंतत:बोल ही पड़ा। इसके जवाब देते ही मेडम ने न सिर्फ खुद खुश होकर तालियाँ बजाईं बल्कि सभी बच्चों से भी बजवायी..
फिर तो यह दिनचर्या बन गयी।मेडम हर सवाल का जवाब अपने आप बताती और फिर उसकी खूब सराहना तारीफ करतीं। प्रत्येक अच्छा उदाहरण राजू के कारण दिया जाने लगा । धीरे-धीरे पुराना राजू सन्नाटे की कब्र फाड़ कर बाहर आ गया। अब मेडम को सवाल के साथ जवाब बताने की जरूरत नहीं पड़ती। वह रोज बिना त्रुटि उत्तर देकर सभी को प्रभावित करता और नये नए सवाल पूछ कर सबको हैरान भी करता ।
उसके बाल अब कुछ हद तक सुधरे हुए होते, कपड़े भी काफी हद तक साफ होते जिन्हें शायद वह खुद धोने लगा था। देखते ही देखते साल समाप्त हो गया और राजू ने दूसरा स्थान हासिल कर कक्षा 5 वी पास कर लिया यानी अब दुसरी जगह स्कूल मे दाखिले के लिए तैयार था।
कक्षा 5 वी के विदाई समारोह में सभी बच्चे मेडम के लिए सुंदर उपहार लेकर आए और मेडम की टेबल पर ढेर लग गया। इन खूबसूरती से पैक हुए उपहारो में एक पुराने अखबार में बदतर सलीके से पैक हुआ एक उपहार भी पड़ा था। बच्चे उसे देखकर हंस रहे थे । किसी को जानने में देर न लगी कि यह उपहार राजू लाया होगा। मेडम ने उपहार के इस छोटे से पहाड़ में से लपक कर राजू वाले उपहार को निकाला। खोलकर देखा तो उसके अंदर एक महिलाओं द्वारा इस्तेमाल करने वाली इत्र की आधी इस्तेमाल की हुई शीशी और एक हाथ में पहनने वाला एक बड़ा सा कड़ा कंगन था जिसके ज्यादातर मोती झड़ चुके थे। मिस ने चुपचाप इस इत्र को खुद पर छिड़का और हाथ में कंगन पहन लिया। बच्चे यह दृश्य देखकर सब हैरान रह गए। खुद राजू भी। आखिर राजू से रहा न गया और मिस के पास आकर खड़ा हो गया। ।
कुछ देर बाद उसने अटक अटक कर मेडम को बोला "आज आप में से मेरी माँ जैसी खुशबू आ रही है।" इतना सुनकर मेडम के आखो मे आसू आ गये ओर मेडम ने राजू को अपने गले से लगा लिया
राजू अब दूसरी स्कूल मे जाने वाला था
राजू ने दूसरी जगह स्कूल मे दाखिले ले लिया था
समय बीतने लगा।
दिन सप्ताह,
सप्ताह महीने और महीने साल में बदलते भला कहां देर लगती है?
मगर हर साल के अंत में मेडम को राजू से एक पत्र नियमित रूप से प्राप्त होता जिसमें लिखा होता कि "इस साल कई नए टीचर्स से मिला। मगर आप जैसी मेडम नहीं मिली।"
फिर राजू की पढ़ाई समाप्त हो गई और पत्रों का सिलसिला भी सम्माप्त। कई साल आगे गुज़रे और मेडम रिटायर हो गईं।
एक दिन मेडम के घर अपनी मेल में राजू का पत्र मिला जिसमें लिखा था:
"इस महीने के अंत में मेरी शादी है और आपके बिना शादी की बात मैं नहीं सोच सकता। एक और बात .. मैं जीवन में बहुत सारे लोगों से मिल चुका हूं। आप जैसा कोई नहीं है.........आपका डॉक्टर राजू
पत्र मे साथ ही विमान का आने जाने का टिकट भी लिफाफे में मौजूद था।
मेडम खुद को हरगिज़ न रोक सकी। उन्होंने अपने पति से अनुमति ली और वह राजू के शहर के लिए रवाना हो गईं। शादी के दिन जब वह शादी की जगह पहुंची तो थोड़ी लेट हो चुकी थीं।
उन्हें लगा समारोह समाप्त हो चुका होगा.. मगर यह देखकर उनके आश्चर्य की सीमा न रही कि शहर के बड़े-बड़े डॉक्टर, बिजनेसमैन और यहां तक कि वहां पर शादी कराने वाले पंडितजी भी थक गए थे. कि आखिर कौन आना बाकी है...मगर राजू समारोह में शादी के मंडप के बजाय गेट की तरफ टकटकी लगाए उनके आने का इंतजार कर रहा था। फिर सबने देखा कि जैसे ही एक बुड्ढी औरत ने गेट से प्रवेश किया राजू उनकी ओर लपका और उनका वह हाथ पकड़ा, जिसमें उन्होंने अब तक वही कंगन पहना हुआ था और उन्हें सीधा मंच पर ले गया।
राजू ने माइक हाथ में पकड़ कर कुछ यूं बोला "दोस्तों आप सभी हमेशा मुझसे मेरी माँ के बारे में पूछा करते थे और मैं आप सबसे वादा किया करता था कि जल्द ही आप सबको उनसे मिलाऊँगा।।।........
ध्यान से देखो यह यह मेरी प्यारी सी माँ दुनिया की सबसे अच्छी है यह मेरी मॉ यह मेरी माँ हैं।

!! प्रिय दोस्तो.... इस सुंदर कहानी को सिर्फ शिक्षक और शिष्य के रिश्ते के कारण ही मत सोचिएगा । अपने आसपास देखें, राजू जैसे कई फूल मुरझा रहे हैं, जिन्हें आप का जरा सा ध्यान, प्यार और स्नेह नया जीवन दे सकता है...........👍
बी.एल. मीना मासूम
महेंद्र कुमार वर्मा की पोस्ट से साभार...

बुधवार, 30 सितंबर 2015

उसकी रातों में सुबह नहीं थी

story


jayanti
जयंती रंगनाथन
उसने अपना नाम बताया—सौम्या। बड़ी सी गाड़ी से उतरी जरूर,पर उसके चाल-ढाल में बड़ा होने वाली बात नजर नहीं आई। उसका कद मुझ जितना ही था। मुझसे ज्यादा दुबली थी। बाल घुंघराले।
मां कहती थी कि मैं हमेशा अपने से अमीर घर की लड़कियों से दोस्ती करती हूं। सौम्या…मेरे घर के सामने आलीशान कोठी में रहती थी।
हम किराए के छुटकू से घर में। दो बहनें, एक भाई,एक दादी और मां-पापा। पापा के पास एक स्कूटर। भाई के पास एक साइकिल। घर में कुल जमा एक मोबाइल।
और उसके घर में ना जाने कितने कमरे। कितनी गाडिय़ां, कितने मोबाइल। मैं स्कूल में नई थी। आठवीं में यूं भी नए दोस्त बनाना मुश्किल होता है। सब पहले से अपना गुट बना चुके होते हैं। सौम्या का भी एक गुट था। पर वह कुछ अलग-थलग सी रहती थी। मैंने आगे बढ़ कर दोस्ती की। वह कुछ बेपरवाह लगी। अमीर लड़कियों में ये सब बातें होती हैं। कुछ झक्की होती हैं, तो कुछ घमंडी। सौम्या शायद ये दोनों नहीं थी। पर बड़ी मुश्किल से वह मुझसे बात करने लगी।
फिर मैंने उसे अपने जन्मदिन पर घर बुलाया। वह आई,अपने लाल बैग में से निकाल कर उसने उपहार दिया। भाई देखते ही फुसफुसाया–मोबाइल।
सच में। वह मेरे लिए मोबाइल लाई थी। मेरी आंखें चमकने लगीं। मां ने उसकी कुछ ज्यादा खातिर की। उसे दही बड़े पसंद आए। मां ने एक बड़े से डिब्बे में उसे पैक करके दे दिया।
मेरा रुतबा बढ़ गया। बड़ी कोठी वाली सौम्या की सहेली पूर्णा। सौम्या को मैं कोंचती रहती–घर में खाने में क्या बनता है? उसके पास कौन-कौन सी चीजें हैं? पापा उसे कहां घुमाने ले जाते हैं? वह कपड़े कहां से खरीदती है? वह अनमनी हो जाती। उसने बताया था कि उसकी मम्मी नहीं रहीं। बड़ा परिवार था। कई सारी ज्वैलरी की दुकानें थी। एक सिनेमा थियेटर, दो रेस्तरां। यह सब वो नहीं बताती थी। वह शायद कुछ भी नहीं बताती थी।
घर की पूछो तो कहती,आज सुबह गिलहरी बिस्किट खाने नहीं आई। बगीचे में नीले रंग का गुलाब खिला है।
फिर उसका जन्मदिन आया। उसने एक दिन पहले कह दिया कि वह अपना जन्मदिन घर पर नहीं मनाती। पर जन्मदिन वाले दिन भाई ने उकसाया–तुम्हारी इतनी अ‘छी दोस्त है। पास में रहती है। उसने तुम्हें मोबाइल दिया तो तुम्हें भी तो उसे कुछ देना चाहिए। वह घर पर नहीं मनाती तो क्या हुआ, तुम जा कर उसे विश तो कर सकती हो ना?
भाई की बात में तर्क था। मैं उसके घर कभी गई नहीं। बस बाहर-बाहर से देखा था। अब सवाल। उसे क्या दूं? दोस्त को उपहार देने के नाम पर मुझे पैसे मिलने से रहे। बहुत सोच कर मैंने अपने पुराने एक सिल्क के लहंगे से अपनी दीदी की मदद से बैग तैयार किया। दीदी हाथ के कामों में अच्छी थी। बैग में मैंने दस रुपए वाले दो चॉकलेट भी रख दिए।
वैसे तो भाई और दीदी भी आना चाहते थे सौम्या के घर। पर मैंने मना कर दिया। कोई बुलावा तो था नहीं।
मैं गेट के पास पहुंची। सिक्योरिटी गार्ड ने ना जाने मुझसे कितने सवाल पूछे। डर लगा। डटी रही। आखिरकार उसने फोन लगाया। कहा कि बेबी की दोस्त आई है। अंदर आने दें?
पता नहीं उसे क्या कहा गया? सिक्योरिटी गार्ड ने मुझे वहीं बैठने को कहा–तनिक रुको। अभी बड़े मालिक निकलने वाले हैं। उनके जाने के बाद तुम्हें अंदर भेजेंगे।
दस मिनट बाद एक बड़ी सी गाड़ी कोठी के बाहर निकली। इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड ने मुझसे कहा,‘बरामदे में जाओ। वहीं बेबी जी आवेंगी।’
मैं बरामदे तक पहुंची ही थी कि सौम्या आ गई। उसन पीले रंग का लहंगा पहन रखा था। बालों की चोटी। माथे पर बिंदी। बड़ी-बड़ी लग रही थी। लगा कि उसे मुझे वहां देख कर खुशी नहीं हुई। मैंने हैप्पी बर्थडे कह कर गिफ्ट पकड़ा दिया। उसने ले लिया। फिर बोली,‘हम लोग बाहर जाने वाले हैं। कल स्कूल में मिलेंगे।’
वह मुड़ कर चली गई अंदर। मैं ठगी सी खड़ी रही। अपमान सा लगा। शरीर जलने लगा। आंखें बरसने को हो उठीं। मैं बहुत मुश्किल से सिक्योरिटी गार्ड को पार कर बाहर निकली। बिल्कुल सामने मेरा घर। कहीं कोई मुझे देख ना रहा हो। मैं जल्दी से पास की गली में निकल गई। आंख से जार-जार आंसू बह रहे थे। घर जा कर सबको क्या बताऊंगी?
आधा घंटा मैं गली के किनारे वाली मंदिर की सीढिय़ों पर बैठी रही। अंधेरा होने लगा। मंदिर में लोग आने लगे। मैं उठ कर तेज कदमों से चलती हुई घर आ गई।
रसोई से दाल पकने की महक आ रही थी। मुझे देखते ही भाई लपक कर मेरे पास आया,‘तू आ गई? कैसा रहा? खाने को क्या मिला?’
मैंने अपने को संभाल कर कहा,‘बहुत कुछ। सब तो मैं खा भी नहीं पाई।’
भाई मुझे घेर कर कमरे में ले आया,‘ठीक से बता। मुंह में बात मत रख। पूरा बता।’
मैंने धीरे से बताना शुरू किया,‘घर बहुत सुंदर सजा हुआ था। हर तरफ लाइट्स थे। गाना चल रहा था। एक तरफ एक सुंदर सा पेड़ था। उसमें ना जाने कितनी चीजें टंगी थी। बर्गर, पिज्जा, आइसक्रीम,जो मन हो,वहां से निकालो और खा लो।’
आइसक्रीम? क्या बोल रही है?वो तो पिघल गया होगा ना।’
क्यों पिघलेगा? कमरा इतना ठंडा जो था। बहुत सारे बैच्चे थे। पर मैं तो किसी को जानती नहीं थी। इसलिए बस थोड़ा इधर-उधर बैठी। बाहर आतिशबाजी चल रही थी। ऐसे कि हमने दिवाली पर भी ना देखे हों। मैं तो वही देखती रही। फिर आ गई।’
‘इतनी जल्दी क्यों आ गई? पूरा रह कर आना था ना?’
मैंने रुक कर जवाब दिया,’हां,रुक तो सकती थी। सौम्या ने कहा भी। पर मैं दूसरे बच्चों से क्या बातें करती?’
‘तुझे रिटर्न गिफ्ट नहीं दिया?’भैया ने पूछा। मैंने अपने बर्थडे पर भी सबको एक पेंसिल बॉक्स दिया था।
‘सौम्या जब बाहर तक छोडऩे आई ना,तो उसने कहा कि मेरा रिटर्न गिफ्ट वह कल स्कूल ले आएगी।‘कहते-कहते मैं थक गई।
भाई यह सब दीदी को बताने चले गए। मैं चुपचाप कमरे में आ गई। इंतजार था कि मां कब खाने पर बुलाएंगी। शायद यह सोच कर ना ही बुलाए कि यह तो सौम्या के घर खा कर आई होगी। पेट की भूख बड़ी थी कि मन में अवहेलना की आग,समझ में नहीं आया।
रात सबके सोने के बाद मैंने बिस्तर के नीचे से अपना छोटा सा पर्स निकाला। उसमें मैं साल भर पैसे जमा करती थी। फिर दीवाली में कुछ लेती थी। उसमें कुल जमा उनतीस रुपए निकले। इतने में तो कोई अच्छी चीज आ नहीं सकती थी। अपने लिए रिटर्न गिफ्ट के नाम पर क्या लूं?
सुबह पैसे साथ रख लिए। स्कूल के बाहर मुझे सौम्या नजर आई, मैंने हिकारत से उसकी तरफ देखा और सिर घुमा कर अंदर चली गई।
क्लास में हम साथ बैठते थे। और कोई जगह खाली नहीं थी। वह मेरे पास बैठने आई, तो मैंने गुस्से से कहा,‘कहीं और जा कर बैठो।’
वह अकड़ गई,‘क्यों, मेरी सीट है, मैं यहीं बैठूंगी।’
मैं अपना बस्ता ले कर पीछे चली गई। पीछे की बैंच पर दो लड़कियों के साथ सट कर बैठ गई। गनीमत थी कि आर्ट एंड क्रॉफ्ट का पीरिएड था इसलिए सर का ध्यान मेरी तरफ नहीं गया। लंच टाइम में सब अपना डिब्बा खोल कर बैठे। सौम्या केक ले कर आई थी। मैं चिढ़ गई, ‘किस बात का केक? कोई बर्थडे तो था ही नहीं। मैं गई थी इसके घर गिफ्ट ले कर। वहां क्या हुआ इससे पूछो।’
सौम्या अचानक उठ गई और जोर से बोली, ‘तुम क्यों आई थी? मैंने बुलाया था क्या?’
मैं भी उठ गई और मुठ्ठियां भींच कर बोली,‘तुम भी तो आई थी मेरे बर्थ डे पर।’
वह उसी रौ में बोली,‘तो मैं इतना महंगा गिफ्ट ले कर आई थी।’
‘मैंने भी दिया था तुम्हें गिफ्ट।’
‘हां, हां, बैग ही ना। मैं तुम्हें वापस कर दूंगी कल ही।’
‘मैं भी ला दूंगी तुम्हारा स्टुपिड मोबाइल।’
हम दोनों तेज आवाज में बोल रहे थे, मैं इससे पहले कभी किसी के साथ नहीं झगड़ी थी। मुझे पता नहीं था कि जब आप गुस्सा होते हैं तो आप भीतर से जलने लगते हैं। मुंह से शब्द की बजाय झाग निकलने लगता है और दिमाग में आग सी लग जाती है। शरीर कांपने लगता है।
किसी तरह दोस्तों ने हमें अलग किया। इसके बाद मैं रोने लगी। पता नहीं क्या-क्या कहती जा रही थी कि उसने मेरे साथ क्या-क्या किया।
जबकि मैं सिर्फ सौम्या से यह जानना चाहती थी कि उसने मेरे साथ ऐसा क्यों किया?
सौम्या से दोस्ती टूट गई। मोबाइल वापस लौटाना था। मुझे समझ नहीं आया कि भैया से क्या कहूंगी,मैंने घर जा कर कुछ नहीं कहा। हां,जाते समय एक सेकंड हैड किताब की दुकान से एक कॉमिक खरीद कर ले गई अपना रिटर्न गिफ्ट दिखाने।
अगले दिन सौम्या स्कूल आते ही मेरी सीट पर मेरा दिया बैग फेंक कर चली गई। सिल्क का कपड़ा पुराना तो था ही,एक तरफ से फट गया। मैंने बैग उसकी तरफ उछाल कर जोर से कहा, ‘तुमने बैग फाड़ दिया। अब क्यों लौटा रही हो?’
उसने बैग को उलट-पुलट कर देखा, कुछ नहीं बोली,बस उसे ले कर वापस चली गई। इसके बाद उसने मोबाइल के बारे में भी कुछ नहीं पूछा।
हमारी बातचीत बिलकुल बंद हो गई। आठवीं के बाद अगले साल हमारे सेक्शन बदल गए। मैं उसे कभी कभार देखती, स्कूल में आते हुए या खेल के मैदान में। वह लंबी होती जा रही थी। घुंघराले बालों को छोटे कटवा लिए थे। कुछ दिनों तक मुझे उसकी दोस्ती सालती रही। अफसोस हुआ कि उसने ऐसा क्यों किया। कई बार मन हुआ कि उसे रोक कर बात करूं,पूछूं कि उसने उस दिन मेरे साथ ऐसा क्यों किया।
दसवीं के बाद मैंने उसके बारे में उड़ती-उड़ती खबर सुनी कि उसका किसी लडक़े से अफेयर चल रहा है। शायद अपने घर के ड्राइवर से। हम लड़कियों ने खूब चटकारे लिए। ग्यारहवीं के बाद उसने स्कूल छोड़ दिया।
अर्से बाद, मैंने उसे दिल्ली में कनाट प्लेस में देखा। मैं दिल्ली युनिवरसिटी में पढऩे आई थी। हॉस्टल में रहती थी। मेरी दुनिया बदल रही थी। साइकोलॉजी पढ़ती थी। पहले के मुकाबले गंभीर और गुरु-ज्ञानी हो चली थी। नवंबर की एक सुहानी शाम मैं अपने मित्रों के साथ घूम रही थी। वह एक रेस्तरां से निकलती दिखी। पहचानी शक्ल। दिमाग पर जोर डालना पड़ा। रंगे हुए बॉय कट बाल। जरूरत से ज्यादा दुबली। अजीब से कपड़े। शार्ट स्कर्ट और बेहद झीना कुर्ता। शायद उसने पी रखी थी। मुझे देख कर वह ठिठक गई,‘पूर्णा?.. राइट? अहा,लॉन्ग टाइम बड्डी।’
मैं अचकचा गई। छह साल का फासला। मैं मुस्कराई,‘कैसी हो सौम्या?’
वह कुछ चहक कर बोली, ‘कैसी हूं? अच्छी हूं, बहुत अच्छी। मजे कर रही हूं।’फिर पता नहीं क्या हुआ, मेरा हाथ पकड़ कर बोली, ‘वो जो तुमने मुझे एक बार गिफ्ट दिया था ना एक बैग, मेरे बर्थडे पर, वो आज भी है मेरे पास।’ उसकी आंखें चमकने लगी थीं और मेरी आंखों में कौतुहल था।
सौम्या के पीछे एक विदेशी हिप्पी सा दिखने वाला युवक खड़ा था। सौम्या को उसने पीछे से ठोका। सौम्या मेरा हाथ छोड़ आगे बढ़ गई, बाय कहती हुई।
कितने सवाल रह गए उस समय वहां। मैं बटोर कर सुलझाना चाहती थी। सौम्या को रोक कर पूछना चाहती थी कि उसने वह फटा हुआ पुराने कपड़े से बना बैग आज तक क्यों रखा है अपने पास, उसके पीछे तो कितना झगड़ा हो चुका था हमारा। मैं खड़ी रही,वह चली गई।
मैं उसके बारे में जितना सोचती, पाती कि मैंने उसके साथ कुछ गलत किया था। मैं चाहती, तो उस दिन उसके साथ इतने बुरे से पेश ना आती। वो गलत कहां थी? उसने तो सच में मुझे नहीं बुलाया था अपने घर? मैंने स्कूल में अगले दिन उसे कुछ कहने का मौका भी तो नहीं दिया था।
मन की गुत्थियां अब मुझे लुभाने लगी थी। आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति ले कर मैं अमेरिका चली गई। डॉक्टर पूर्णा राव बन कर लौटी। बैंगलोर के एक नामी अस्पताल से जुड़ गई। जिंदगी व्यस्त हो गई। रोज ना जाने कितने केस आते। रात हो जाती।
मां-पिता मेरे साथ रहते थे। रात पहुंचती तो मां खाना गर्म कर देती। फिर उनके साथ खूब बतियाती,अगले दिन के लिए दिमाग खाली भी तो करना था। बत्तीस की हो चली थी मैं। मां शादी के लिए कहती,तो हंस देती। मन तैयार नहीं था। फिलहाल तो काम ही रास आ रहा था।
महीने में एकाध सेमिनार,मीटिंग के लिए बाहर निकल जाती।
कभी अपने दोस्तों से मिलने चली जाती। भाई दिल्ली में बस गया था। दीदी लखनऊ में। अब हम सबके पास बड़ा घर और गाड़ी थी।
मां ने फिर से राग छेड़ा,‘पूर्णा,कोई तो होगा तेरे लायक? शादी क्यों नहीं कर लेती?’
इस बार मैं नहीं हंसी,‘ठीक है,तुम ही देख लो।’
मां खुश,उन्हें एक काम मिल गया। इस बीच मुझे मुंबई जाना पड़ा एक सेमिनार के लिए। मां ने एक नाम और पता पकड़ा दिया कि यह शख्स तुमसे मिलेगा। अपने होटल के कमरे में मत बुलाना। रेस्तरां में मिलना। ठीक से बात करना। डॉक्टर है। तेरी तरह बाहर से पढ़ कर आया है। तेरी फोटो उसे अच्छी लगी,वो भी दिखने में ठीक है।
मैंने हामी भर दी। सोचा कि मिल भी लूंगी, एक शाम ठीक कट जाएगी।
सेमिनार वाले दिन सुबह ही डॉक्टर विश्वास का फोन आ गया। शाम को होटल के ही कॉफी शॉप में मिलना तय हुआ।
शाम तक थक गई। मन हुआ उसे मना कर दूं। पर वह समय से पहले आ पहुंचा। मां गलत नहीं थी। दिखने में आकर्षक था। हम कॉफी शॉप छोड़ कर बार में आ बैठे।
वाइन की चुस्की और फिश फिंगर के बीच बातचीत शुरू हुई। खत्म होने का नाम ही नहीं लिया। तय हुआ कि अगले दिन लंच पर मिलेंगे। सेमिनार एक बजे खत्म हुआ। दो बजे हम मिले।
शाम तक गपशप की। रात उसने कहा कि डिनर उसके घर पर करते हैं। आधी रात वह मुझे छोडऩे मेरे होटल आया। हमने काफी शॉप में बैठ कर कैपीचोनो पी। जाते-जाते उसने पूछा,‘कल घर पर एक छोटा सा गेटटुगेदर रख लूं? अपने दोस्तों से तुम्हें मिलाना चाहता हूं।’
मुझे दिक्कत नहीं थी। बल्कि अच्छा लगा।
दिन में मैं अपने काम में व्यस्त रही। शाम को विश्वास मुझे लेने होटल आ गया। मैं हमेशा की तरह जीन्स और कुर्ते में तैयार थी। बस,चेहरे पर ठीक सा मेकअप था।
विश्वास के घर पर ठीक सी भीड़ थी। वह अपने दोस्तों से मिलवा रहा था। डॉ. रूपा और उनके पति डॉ. अवनीश। मीरा भाटिया फिल्में बनाती हैं। ये हैं इनके पार्टनर फिलिप्स। प्रोफेसर मोहसिन और उनकी पार्टनर…
मोहसिन सत्तर के आसपास पहुंचे हुए थे। सफेद बाल, दाढ़ी, चेहरे पर झुर्रियां और उनकी पार्टनर लंबी, तन्वी सी… सौम्या।
क्या यह सौम्या थी? उसने मुझे नहीं पहचाना। वह खोई-खोई सी थी। मैंने उसका हाथ पकड़ कर कहा—सौम्या, मैं पूर्णा… हम भोपाल में साथ में पढ़ते थे।
उसके चेहरे पर अजीब से भाव आए। उसने धीरे से सिर हिलाया। विश्वास मुझे आगे ले गया। मैं पीछे मुड़ कर उसे देखती रही। वह बार काउंटर में पहुंच गई थी और अपने लिए बड़ा सा जाम भर रही थी।
मैं सबसे मिलने के बाद एक बार फिर सौम्या के पास गई। उसने अबकि औपचारिक होते हुए कहा, ‘विश्वास और तुम्हारे लिए मुझे बड़ी खुशी है। अच्छी जोड़ी रहेगी तुम दोनों की।’
मैं ठहरी, ‘सौम्या, पिछली बार जब तुम्हें दिल्ली में देखा था, तो बात नहीं कर पाई थी। तुम मुंबई में कब से हो?’
उसने मेरी तरफ देखा, उसकी आंखों में खालीपन था। अजीब सा खालीपन। लगा कि इस तरह उसे कई बार देखा है। हां,स्कूल में जब पहली बार मिली थी, तब भी ऐसी ही नजरें थी उसकी।
सौम्या ने सोच कर कहा, ‘कई साल हो गए। इट्स ए कूल प्लेस,’ और वह अपना जाम उठा कर मोहसिन के पास चल दी।
कहीं ऐसा तो नहीं कि मैं किसी और को सौम्या समझ रही हूं? पर थी तो वही,बाएं गाल पर बड़ा सा काला तिल,वही बादामी आंखें। मैं पहचानने में इतनी गलती नहीं कर सकती।
खाने-पीने का दौर चला। मेरी नजरें सौम्या से हट नहीं रही थीं। अचानक सौम्या जमीन पर गिरी और बेहोश हो गई। विश्वास तुरंत पहुंच गया। डॉक्टर था, उसे पता था कि क्या करना है।
सौम्या को बेडरूम ले जाया गया। विश्वास ने इंजेक्शन दिया। मोहसिन उसके पास था। बाहर आ कर विश्वास ने कहा,‘स्ट्रेस है। डिहाइड्रेशन हो गया है। इसलिए तो मैं सभी यंग और खूबसूरत लड़कियों से कहता रहता हूं कि शराब के अलावा पानी भी पिया करो।’
दो-तीन लोग हलके से हंसे। धीरे-धीरे मेहमानों ने विदा लेना शुरू किया। बस मोहसिन और सौम्या रह गए। सौम्या को होश आ गया था, पर कमजोरी थी। विश्वास ने कहा कि मोहसिन और वो यहीं रह जाए। घर जाकर कहीं तबीयत और बिगड़ ना जाए।
मैं और विश्वास ब्लैक कॉफी का मग ले कर बालकनी में आ गए। अच्छी हवा चल रही थी। दूर से कहीं समंदर की कल-कल आवाज आ रही थी और मौसम में खारापन सा समाने लगा। मोहसिन आए। विश्वास ने उठ कर उन्हें कुर्सी पर बैठने को कहा। वो परेशान लग रहे थे।
मैंने पूछ लिया,‘आप सौम्या को कितने समय से जानते हैं?’
वे चौंके, फिर अनमने भाव से कहा,‘यही कोई छह महीने से।’
मैंने सिर हिलाया। वे मेरी तरफ देखने लगे, मैंने रुक कर कहा,‘एक समय में मैं और सौम्या एक ही क्लास में पढ़ते थे, दोस्ती भी थी, फिर..’
मोहसिन और विश्वास को आगे जानने की उत्सुकता हो आई, दोनों मेरा चेहरा ताकने लगे।
मैंने संभल कर कहा,‘वही जो टीनएज में होता है। किसी बात पर लड़ाई हो गई, बस…’
विश्वास ने सिर हिलाया। मोहसिन पता नहीं क्या सोचने लगे। बड़ी देर बाद पूछा,‘पूर्णा, तुम्हें कोई खास बात नजर आई थी सौम्या में?’
मैं सोचने लगी। मोहसिन ने लंबी सांस ली, ‘सौम्या से मुझे शिकायत नहीं है। मैं उसे ले कर परेशान रहता हूं। जो बच्चियां बचपन में एब्यूस का शिकार होती हैं, कई तरह के कॉम्पलेक्स होते हैं उनके अंदर।’
मैं चौंकी, ‘बचपन में कुछ हुआ था उसके साथ?’
‘उसने पूरी बात नहीं बताई। टुकड़ों-टुकड़ों में बताई है कभी-कभी। वह गोद ली बच्ची थी। मां जब तक रही, ठीक-ठाक परवरिश हुई उसकी। पर शायद दस या ग्यारह साल की थी, जब मां गुजर गई। इसके बाद एक बड़े परिवार में उसे कभी वो दर्जा नहीं मिला, जो एक बच्चे को मिलना चाहिए। जिसे वह पापा कहती थी, उसने ही…’
मैं अंदर तक सुलगने लगी। मेरी आंखों के आगे बारह-तेरह साल की, आठवीं में मेरे साथ पढऩे वाली सौम्या आ गई। घुंघराले बाल, अपने आप से बेखबर बड़ी होती बच्ची।
मुझे लगा मेरे अंदर कुछ टूटने सा लगा है। उसकी आंखों में वो खालीपन,उसका दुनिया से बेखबर रहना,उसका मुझे अपने घर के अंदर ना बुलाना,किसी दोस्त को अपने परिवार वालों से ना मिलाना,अपने परिवार की सुख-समृद्धि से असंपृक्त रहना…
मेरे दिमाग में फ्लैश सा होने लगा। आज कितना आसान लग रहा है सबकुछ समझना। और उस समय शायद मैंने उसकी पहले से दुरूह जिंदगी को और भी पेचीदा बना दिया था।
और फिर कनाट प्लेस पर उसका मुझसे मिल कर यह कहना कि उसे मेरा दिया पर्स आज भी संभाल कर रखा है… ओह, क्या मेरी आंखें बंद थी उस समय, मेरी चेतना को क्या हो गया था? क्यों नहीं समझ पाई उसकी आंखों की बात?
मैं काफी खत्म कर उठी। कप किचन में रखने के बहाने बैडरूम का दरवाजा खोल बिस्तर पर सोई सौम्या को देखने लगी। उस वक्त उसके चेहरे पर किसी किस्म का मलाल नहीं था, किसी से कोई शिकायत नहीं थी। वह मेरी तरफ चेहरा किए सो रही थी,चादर से उसकी कमजोर बांहें बाहर निकल आई थीं। मैं धीरे से उसके पास गई, उसके ठीक से चादर उढ़ा दिया और उसका हाथ थाम कर वहीं बैठ गई।
सौम्या ने करवट ली। उसके चेहरे पर अब चिंता नहीं थी, हलका सा मुस्करा रही थी।
मोहसिन और विश्वास भी कमरे में आ गए। मोहसिन को देख मैं उठ गई। मोहसिन ने मुझे बैठने का इशारा किया और धीरे से फुसफुसाहटों में भरे बोले, ‘मैडम, विश्वास बता रहा था कि आप एक नामी साइकॉलोजिस्ट है। आप उससे बात करेंगी? आप तो रोज ऐसे कई पेशेंट का इलाज करती होंगी?’
मैंने सिर हिलाया,‘सौम्या को आप बैंगलोर ले आइए। यह मेरे पास,मेरे घर में रहेगी। आप चिंता ना करें,अब उसकी गुत्थियों को सुलझाना मेरी जिम्मेदारी है।’
मोहसिन के चेहरे से लगा कि उनके सिर से कोई भार निकल गया है।
अगले दिन मुझे बैंगलोर लौटना था। विश्वास मुझे एयरपोर्ट छोडऩे आए। रास्ते में बताया कि मोहसिन का अपनी दूसरी बीवी से तलाक नहीं हुआ है। जब पहली बार मोहसिन ने सौम्या को अपनी गर्लफ्रेंड कह कर मिलवाया था, अजीब लगा था। सौम्या डाक्यूमेंट्री फिल्में बनाती हैं और इसी सिलसिले में मोहसिन से मिली थी। इससे पहले वह छह महीने ड्रग छोडऩे के लिए रिहाबिलेशन सेंटर में भी रह चुकी थी।
बैंगलोर से मुंबई आने के दो दिन बाद मैंने मोहसिन को फोन लगाया। उन्होंने मुझे जो खबर बताई,वो आश्चर्यजनक थी। जिस रात वे दोनों विश्वास के घर रहे थे, अगले दिन सुबह सौम्या और उनका झगड़ा हो गया। सौम्या ने यहां तक कह दिया कि वह उनमें अपने गोद लिए पिता की झलक देखती है।
उस दिन सौम्या अपना सामान ले कर पता नहीं कहां चली गई। वह मेरे नाम एक पैकेट छोड़ गई है। उसने विश्वास से कहा था कि किसी भी हाल मुझे वो पैकेट पहुंचा दें।
सौम्या चली गई? मुझे समझने का मौका दिए बगैर? विश्वास ने कहा कि वो अगले सप्ताह बैंगलोर आ रहा है, अपने साथ पैकेट लेता आएगा।
मैं उत्सुक थी यह जानने को… क्या छोड़ कर गई है सौम्या मेरे लिए? इससे अच्छा होता कि हम आमने-सामने बैठते,कुछ वो कहती,कुछ मैं। शनिवार को विश्वास को आना था। उसने एयरपोर्ट से फोन किया, मुझे लगा वो टेक ऑफ की सूचना दे रहा है। पर वो तो थोड़ा तनाव में था,‘पूर्णा, मुझे पता नहीं था कि तुम्हारी फ्रेंड तुम्हारे लिए गिफ्ट में एक पिस्तौल भेजेगी। सामान की चैकिंग हुई, तो उस लिफाफे में से एक पुरानी पिस्तौल निकली। पुलिस की पूछताछ चल रही है। साथ में एक लेटर भी है। शायद उससे कुछ क्लू मिले। देखो तो,पूरा फंसवा दिया मुझे तुम्हारी फ्रेंड ने।’
विश्वास की आवाज कांप रही थी। उसने बताया कि उसने मोहसिन को भी वहां बुलवा लिया है। पुलिस की इन्क्वायरी होने के बाद वह फ्लाइट बोर्ड करेगा।
पिस्तौल? सौम्या मुझे भेज रही थी? क्या मुझे मुंबई जाना चाहिए?
आधे घंटे बाद विश्वास का फोन आ गया कि जांच पूरी हो गई। पुलिस ने पिस्तौल अपने कब्जे में ले ली है और वह रात की फ्लाइट से बैंगलोर आ रहा है।
रात साढ़े बारह बजे उसकी फ्लाइट लैंड हुई। मैं पिताजी के साथ उसे लेने एयरपोर्ट पहुंची। वह कुछ बदहवास सा लगा। मुझसे मिलते ही फिर से कहा,‘तुम्हारी दोस्त से मेरा पुलंदा बंधवाने का पूरा इंतजाम कर रखा था। ऐसे दोस्त हैं तुम्हारे?’
मैंने कहना चाहा—दोस्त कहां थी वो मेरी? हां, बनाना जरूर चाहती थी। बचपन में कुछ वक्त हमने साथ बिताए थे। जिंदगी के इस मोड़ पर शायद वह मेरे साथ कुछ बांटना चाहती थी।
मैं चाहती थी कि वह सौम्या का दिया लिफाफा मुझे फौरन सौंप दे। उसका मूड देख कर मैं चुप रही। पापा उससे कुछ बातें करते रहे। होटल में उसका कमरा बुक था। उसे अपनी गाड़ी से छोडऩे गए। होटल पहुंचते ही उसने कहा,‘रात बहुत हो गई है। मैं आराम करना चाहता हूं। कल मिलेंगे।’
दरवाजा खोल वह बाहर निकला। मैं और पापा भी निकले। वह आगे बढ़ गया रूम चैक करवाने। उस एक क्षण में मुझे वह निहायत आत्मकेंद्रित व्यक्ति लगा। मैं अब लोगों के मूड से उनका व्यक्तित्व भांपने लगी थी। मैंने तय कर लिया कि इस व्यक्ति के साथ मेरा लंबा चलना मुमकिन नहीं।
मैंने पीछे से पुकारा,‘मिस्टर विश्वास, मुझे मेरी दोस्त का पैकेट दे दें। अगर आपको आपत्ति ना हो तो?’
विश्वास चिंहुक कर पीछे मुड़ा, उसने अपना किटबैग खोल कर एक फटा हुआ पैकेट मुझे थमा दिया और इस बार कुछ रूखे स्वर में बोला, ‘मैडम, आप दूर रखिए अपने ऐंसे दोस्तों से मुझे।’
मैं मुस्कराई, मन में बोली- इससे भी आसान रास्ता है मेरे पास। मैं अपने दोस्त की तरह खुद दूर होना पसंद करूंगी।’
पलट कर मैं होटल से बाहर आ गई, पापा गाड़ी के पास खड़े थे। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी स्टार्ट कर दिया।
पापा रास्ते भर विश्वास की बात कर रहे थे। मैंने कुछ कहा नहीं। कल सुबह बताऊंगी कि मैंने इस लडक़े को भी रिजेक्ट कर दिया है।
पापा को सोने भेज कर मैंने अपने लिए बड़े कप में चाय बनाया और बालकनी में आ गई। झूले पर बैठ कर मैंने छोटा लैंप जला लिया। सौम्या का भेजा पैकेट हाथ में था। पीले रंग का लिफाफा। बुरी तरह खोला गया। गुस्से में। मैंने हलके से लिफाफे पर हाथ फेरा। अंदर से कुछ कपड़े सा झांक रहा था—ओह, वही पर्स… सिल्क का पर्स, जो अपनी अंतिम अवस्था में था। पर्स के नीचे कुछ पन्ने। पर्स के बीच में शायद उसने पिस्तौल रखा था। मैंने पन्ने खोले। बड़े-बड़े अक्षरों में सौम्या ने लिखा था—
मेरी मुक्ति का दिन आ गया है…जीने की वजह नहीं रही। जिस वजह,गुस्से और सीने में धधकते आग के साथ जी रही थी,वह मर गया।
तुम्हें समझ नहीं आ रहा होगा कि मैं क्या कर रही हूं और तुमसे क्यों कह रही हूं। पर लगता है कि अगर मुझे कोई समझ पाएगा तो वो तुम ही होगी।
कल रात तुम्हारे घर आने से पहले मुझे पता चला कि मेरा पिता मर गया है। पिछले तीन साल से वह मुंबई में था,कैंसर हो गया था उसे। दरअसल उसे मरना तो मेरे हाथों था…
मैंने बहुत पहले तय कर लिया था…शायद जब मैं ग्यारह साल की थी। मम्मी के मरने के बाद ही। उस आदमी ने मुझे पहले भी कभी अपनी बेटी नहीं माना था। मम्मी बचा कर रखती थी मुझे। मेरे ग्यारहवें जन्मदिन पर उस आदमी ने कहा कि वह मुझे कोई बहुत बड़ा तोहफा देने जा रहा है। उसने मुझे ऐसा तोहफा दिया कि तोहफों के नाम से नफरत हो गई। रातें मेरे लिए एक राक्षस की खोह की तरह होती थी। घर में सबको पता था,पर कोई कुछ कहता नहीं था। एक अनाथ बच्ची को रहने-खाने की जगह दे रहे थे, क्या यह कम था?
मैं घर से भाग गई। उस राक्षस से बचने के लिए। मैं अपने आप से भागती रही। ड्रग एडिक्ट बन गई। कॉर्ल गर्ल बन गई। मौका ढूंढ़ती रही कि जिंदगी में एक बार जब वो मेरे सामने आएगा, तो मैं उसे ऐसी मौत दूंगी कि…
उसी के पीछे-पीछे मैं नेपाल से दिल्ली, दिल्ली से गोआ और फिर मुंबई आ गई। मोहसिन के साथ रहना मेरे लिए मुफीद था क्योंकि सेक्स में उसकी रुचि नहीं थी।
कल मेरे रहने का प्रयोजन खत्म हो गया। वो मर गया। मैंने बहुत पहले नेपाल में उसे मारने के लिए एक पिस्तौल खरीदी थी। इसमें गोली है भी या नहीं, मुझे नहीं पता। तुम प्लीज इस पिस्तौल को और और मेरे सबसे प्यारे तोहफे को किसी नदी में बहा देना। एक तुम्हारा ही दिया तोहफा था, जिसमें से मुझे कभी किसी स्वार्थ की बू नहीं आई। सच कहूं, तो मां के पास बिलकुल ऐसी सिल्क की साड़ी थी, जो मुझे बहुत पसंद थी। मुझे मां की खुशबू आती थी।
पता नहीं तुम मेरी क्या हो? मुझे समझने की कोशिश मत करना। पर इस समय मैं और किसी से यह नहीं कह सकती थी— मैं मुक्त हुई!
मेरे हाथ से पन्ने फडफ़ड़ा कर उड़ने लगे। मैंने पकडऩे की कोशिश नहीं की। सौम्या को मुक्ति चाहिए थी… उसे मुक्त होना ही था!

बुधवार, 29 जनवरी 2014

दोस्ती, प्यार और ज़िन्दगी का चौराहा !

दोस्ती, प्यार और ज़िन्दगी का चौराहा !
विजय कुमार सप्‍पाटी 
करीब ८ महीने पहले………………….!
डॉक्टर वर्मा ने मुझे अपने करीब बिठाया और कहा, “देखो देव, तुम एक संवेदनशील कवि और लेखक हो, मैं तुमसे झूठ नहीं बोलूँगा। तुम लंग कैंसर की एडवांस स्टेज पर हो। तुम्हारी सिगरेट पीने की आदत ने तुम्हे ख़तम कर दिया है। अब ज्यादा से ज्यादा ६ या ८ महीने बस !”
मैंने उसे गले से लगा लिया, “यार वर्मा, तुमने तो मेरी ज़िन्दगी की सबसे अच्छी खबर मुझे सुनाई है, पता नहीं कितने बरसो की मेरी ये तमन्ना थी कि मैं मर जाऊं। शुक्रिया तुम्हारा और सिगरेट का!”
डॉक्टर वर्मा की आँखे भीग गयी, “अब मैं तुम्हारी कविताये नहीं पढ़ पाऊंगा, इस बात का मुझे ज्यादा, बहुत ज्यादा दुःख है।”
मैंने उसे फिर से गले लगा लिया, “यार अब कुछ अगले जनम के लिए तो रखो!”
करीब ४ महीने पहले………………………!
मैंने इन्टरनेट में सर्च किया और उसका पता ढूँढा और उसे फ़ोन किया। मैंने कहा, “मैं देव बोल रहा हूँ निम्मो, एक बार मिलना है, शायद आखरी बार। जल्दी से मिलने आ जाओ।”
बहुत देर की ख़ामोशी के बाद उसकी हिचकियो से भरी हुई भीगी हुई आवाज़ आयी, “अब? इतने बरस बाद? क्या तुमने मुझे माफ़ कर दिया देव? क्या तुम्हारे मन में मेरे लिए अब कोई नफरत नहीं रही?”
मैंने कहा, “माफ़ी? प्रेम में माफ़ी? हाँ, क्रोध रह सकता है पर कोई उससे कैसे नफरत करे जिसे टूट-टूट कर चाहा हो। जीवन के इस मोड़ पर मैं माफ़ी जैसे शब्द से ऊपर, बहुत ऊपर उठ चूका हूँ। बस जीवन के आखरी कुछ दिन बचे हुए है। तुम्हे देखना चाहता हूँ एक बार! हाँ ; बेटी को लेते आना। और अमित को भी। उसे कुछ देना है”
दूसरी ओर बहुत देर तक रोने की आवाज़ आती रही! यहाँ भी सात समंदर पार आकाश भीगा सा रहा, असमय मेघो ने बारिश की। मेरे आँखों के साथ मेरा मन भी भीग गया।
आज सुबह………………………!
घर के दरवाजे पर दस्तक भी हुई और घंटी भी बजी, मैं पूजा कर रहा था।
मैंने प्रभु को प्रणाम करते हुए दरवाजे की तरफ देखते हुए कहा, “आ रहा हूँ भाई, ज़रा रुक जाओ”
मैंने अपना चश्मा पहना और फिर धीरे धीरे चलते हुए दरवाजे की ओर बढ़ा और फिर दरवाजा खोला। पुराना दरवाजा था, कुछ आवाज़ करते हुए खुला।
सामने जो शख्स खड़ा था, उसे देखकर मैं चौंका। मैं समझा, मेरी नजरो का धोखा होंगा, मैंने अपने चश्मे को साफ़ किया और उस शख्स को गौर से देखा। वो मुस्कराता हुआ खड़ा था और मैंने उसे पहचान लिया।
वो अमित था!
मुझे आभास हुआ कि मैंने जो फ़ोन किया था, शायद वो बात मान ली गयी है।
उसने कहा, “देव मैं हूँ अमित, पहचाना या पूरी तरह से भूल गया?”
मैंने कहा, “नहीं। मैं तुझे कैसे भूल सकता हूँ, कभी भी नहीं, कम से कम इस जन्म में तो नहीं।”
वो मुस्कराया, “हां न, मैंने तो काम ही कुछ ऐसा किया था। खैर तूने मुझे बुलाया है। मुझे अन्दर नहीं बुलाएंगा रे।”
मैंने कहा, “आना। अन्दर आ, तेरा ही घर है।”
मैंने उसके कंधे के पार देखा। दूर दूर तक कोई नज़र नहीं आया।
मैंने अमित की ओर देखा, वो मुझे ही देख रहा था। जैसे ही उससे नज़रे मिली, वो मुस्कराया। “अब भी तेरी आँखे उसे तलाश करती है देव?” उसने मुझसे पुछा।
मैंने कोई जवाब नहीं दिया, जिसे मैंने दिल से चाहा हो, उसे तो हमेशा ही मेरी नज़रे ढूंढेंगी। ये बात ये व्यापारी क्या समझेंगा।
वो अन्दर आया, चारो तरफ देखा, और कहा, “वैसे ही है रे। कुछ भी तो नहीं बदला। हाँ शायद सफेदी करवाई है बस और कुछ नहीं।”
मैंने कुछ नहीं कहा। उससे क्या कहता।
वो भीतर आया और घर के किनारे में रखे हुए सोफे पर बैठ गया।
उसने हँसते हुए कहा, “देव, कुछ भी तो नहीं बदला है। सब कुछ वैसे ही रखा हुआ है। वही पुराना घर। पुराना सोफ़ा, पुराना फर्नीचर, तेरी तरह!”
मैंने उसकी ओर देखा और कहा, “हां तो, क्या हुआ, मेरा मन इसमें लगता है। बस वही मेरे लिए काफी है। और फिर मुझे मेरा पुरानापन पसंद है।”
उसने हँसते हुए कहा, “मेरा घर इससे कई गुना बड़ा और खूबसूरत है, आज आधे संसार में मेरे घर बने हुए है, इससे अच्छा सोफ़ा तो मेरे नौकर के घर में होंगा।” कहकर उसने खिल्ली उड़ाने वाली नज़र से मुझे देखा। वो मेरी हंसी उड़ा रहा था।
मैं चुप रहा। मैंने उसे गहरी नज़र से देखा और कहा, “तू बदला नहीं अमित।”
उसने कहा, “इसमें बदलने की क्या बात है, जो है सो वही मैने कहा।”
मैंने हँसते हुए कहा, “हाँ, तेरे पास कई बड़े घर है, वो भी आधे संसार में, लेकिन तूने उन सबको अपने पुस्तैनी मकान की नींव पर बनाया है। होंगे तेरे पास वो सारे घर, लेकिन आज वो तेरा पुराना घर नहीं है जिसमे तू कभी खेलता था। पैदा हुआ, पढ़ा लिखा, बढ़ा हुआ और इस काबिल बना कि उस घर को बेचकर उसे और इस देश को छोड़कर विदेश चला गया। जिसके पास अपने गाँव का घर नहीं, जिसमे उसने दिवाली का पहला दिया जलाया हुआ हो, उसके पास क्या है। वो तो बहुत गरीब हुआ जो कि तू है।”
अमित का चेहरा गुस्से में लाल सा हो गया। फिर हम दोनों के बीच बहुत देर की ख़ामोशी रही।
मैंने कहा, “चाय पियेंगा रे?”
उसने करवट बदलते हुए कहा, “हाँ।”
मैंने उससे पुछा, “मैंने निम्मो को और बच्ची को भी बुलाया था। वो लोग नहीं आये?”
अमित ने कहा, “आये है, हम सब कल देर रात यहाँ पहुंचे है, बिटिया की तबियत कुछ ठीक नहीं लग रही थी, मैंने उन दोनों को थोड़ी देर आराम कर के आने को कहा है।”
मैं किचन में गया और केतली में चाय उबालने रखा। मेरे पीछे अमित आ गया था।
मैंने उसे गहरी नजर से देखा, वो भी बुढा हो ही गया था, लेकिन मैं ज्यादा बुढा लगता था। वो थोडा कम लगता था। मुझे चश्मा लग गया था, उसे नहीं, मैं लगभग गंजा हो गया था, वो नहीं, वो अब भी सुन्दर और बेहतर दिखता था, मेरे नजरो के सामने से २५ बरस पहले के बहुत से चित्र गुजर गए।
उसने मुझे देखा और पुछा, “तू क्यों चाय बना रहा है, कोई और नहीं है?”
मैंने एक पल रूककर, भीगे स्वर में कहा, “मैंने शादी नहीं की अमित।”
वो चुप हो गया। मैंने उसकी ओर देखा और उसने मुझे देखा।
२५ बरस पहले के पल हम दोनों के बीच में फिर ठहर से गए थे।
मैंने उससे पुछा, “शक्कर कितनी?”
उसने कहा, “तू बना तो। तेरे हाथ की चाय पीऊंगा। बरसो बीत गए।”
मैंने कहा, “ठीक है, आज तुझे मैं गुड़ की चाय पिलाता हूँ। याद है, हम दोनों कितना पिया करते थे।”

उसने फिर मेरी खिल्ली उड़ाने वाले अंदाज में हँसते हुए कहा, “लेकिन यार देव, तूने अपने आपको नहीं बदला, अपने माइंडसेट को नहीं बदला, वही का वही रहा। आज भी केतली में चाय! यार मेरे नौकर भी इलेक्ट्रिक स्टोव में कॉफ़ी बनाकर पीते है। मैंने तो बरसो से चाय नहीं पी, मैं तो दुनिया की बेहतरीन कॉफ़ी पीता हूँ। Rwanda Blue Bourbon, Hawaiian Kona Coffee, Hacienda La Esmeralda मैं तो सिर्फ इन ब्रांड्स के काफी को पीता हूँ।”

मैंने उसे टोककर कहा, “फिर भी मेरे घर की चाय पीना चाहता है।”
मैं सर हिलाते हुए हंस पड़ा।
उसने खिसियाने स्वर में कहा, “तो क्या हुआ, दोस्त के घर में उसके पास जो होंगा वही तो पिऊंगा न।”
मैंने सूखे हुए स्वर में कहा, “दोस्त? क्या तू इस शब्द के अर्थ समझता है अमित। नहीं! न तब और न ही अब!”
एक लम्बी खामोशी छा गयी। मैंने चाय उबाली और उसे कप में दिया। वो चुपचाप चाय पीने लगा। मैंने घर की खिडकियों को खोल दिया, ताज़ी हवा भीतर आई। दूर कहीं आरती चल रही थी।
उसने कहा, “संगम के हनुमान मंदिर की आरती है न।”
मैंने कहा, “हाँ !”
बहुत सी यादे हम दोनों के दरमियान फिर तैर गयी।
हम दोनों ने चुपचाप चाय पी।
चाय ख़त्म हुई। मैंने अमित से पुछा, “वो दोनों कब तक आयेंगे?”
अमित ने कहा, “शायद दोपहर तक। तू मिलना चाहता था। हम सबसे। हमें देरी हो गयी आने में। वीसा इत्यादि में समय लग गया। बोल, क्या बात है।”
मैंने कहा, “कोई खास नहीं, बस एक बार तुम सभी को देखना चाहता था।”
एक अजनबी सी चुप्पी हम दोनों के बीच फिर आ गयी।
फिर अमित ने कहा, “तू कितना बुढा हो गया है। तूने उस कॉलेज की नौकरी को छोड़ देना था, ज़िन्दगी भर एक ही जगह रहने में क्या तुक है। तुझे मिला क्या, कुछ भी नहीं। वही छोटी सी नौकरी, वही तन्खवाह। कुछ किताबो में लिख पढ़ कर छप गया। बस और क्या? तू जहाँ था, वही पर खड़ा है देव। क्या खोया और क्या पाया, कभी हिसाब किताब लगाया है तूने ? सिफर! ए बिग जीरो! और कुछ भी नहीं। अबे; मुझे कहता है, पुश्तैनी घर के बारे में, अरे तूने क्या कर लिया, तू तो अपने नाम का एक घर भी नहीं बना सका। पड़ा हुआ है साले अपने पुराने घर में। और मुझे ज्ञान देता है।” इतना कहकर वो हांफने लगा!
मैंने उसकी सारी बाते सुनी। सच्ची बात थी, पर कडवी थी।
मैंने कहा, “व्यापारी तो तू है अमित। हिसाब किताब करना तू जाने। ज़िन्दगी भर तो वही करते आया है न। खरीदना और सिर्फ खरीदना। नहीं?” वो चुप रहा।
उसके चेहरे पर एक रंग आ रहा था और एक रंग जा रहा था।
२५ बरस पुरानी दुश्मनी अब हम दोनों के जुबान में आ गयी थी।
मैंने आगे कहा, “और फिर मुझे किसके लिए घर बनाकर रखना है, मैं तब भी अकेला ही था अब भी अकेला ही हूँ और अकेला ही जाऊँगा। मेरे तो आगे पीछे कोई नहीं; और रही बात मेरे जीरो होने की। तो ठीक है न। जो हूँ, उसमे खुश हूँ। मेरे हिसाब किताब में वो सब कुछ नहीं है, जो तेरी बैलेंस शीट में है। हाँ, एक रिश्ता मैंने बुना था, दोस्ती का तुझसे ! और..............!”
अमित ने हँसते कहा, “और एक रिश्ता बुना मोहब्बत का निर्मल से! जो तेरी न बन सकी। उसने मुझे चुना था देव। वो भी आज से २५ साल पहले। तू तब भी मुझसे हारा था और आज भी तू मुझसे कही पीछे, बहुत ज्यादा पीछे है।”
मैंने कहा, “हां। ये सही है अमित। मैं न दोस्ती जीत सका और न ही मोहब्बत। दोनों रिश्ते मैं हार गया था शायद। पर ज़िन्दगी का हिसाब किताब मुझे तेरी तरह नहीं आता है अमित। देख ले आज तू और निर्मल दोनों ही मेरी यादो में है। जबकि तूने दोबारा मुड़कर नहीं देखा , न ही मुझे और न ही इस शहर को ! हाँ, दोस्ती और मोहब्बत के अलावा भी एक रिश्ता बुना है मैंने। शब्दों से। शब्दों की तासीर से। शब्दों की परछाईयो से। शब्दों की दीवानगी से और शब्दों में धडकती ज़िन्दगी की छाँव से। और अब वही मेरी पहचान है। किताबे मेरी साथी बन गयी है । अमित, मैं अपना अकेलापन शब्दों से भरता हूँ और जीवित रखता हूँ खुद को। लिखना पढना ही अब मेरी पहचान है और वही शायद मेरे संग जायेंगी ! मेरे लिए रिश्ते तेरे व्यापार से कहीं बहुत ज्यादा और बहुत ऊपर है मेरे दोस्त !” अब मैं हांफने लग गया था। मैं थक गया था !
अमित ने मुझे पकड़कर बिठाया। मैं आँखे बंद करके बहुत देर तक अमित का हाथ पकड़कर बैठा रहा। मुझे बहुत अच्छा लग रहा था। एक अजीब सी ख़ुशी मन में आ रही थी। मेरे सबसे अच्छे दोस्त का हाथ था।
हम दोनों बहुत देर तक बैठे रहे। मेरे हाथ में उसका हाथ था और उसके हाथ में मेरा हाथ! हम दोस्त थे। बचपन के। भला उस दोस्ती की महक कैसे चली जाती। मेरी आँखों में बीते दिनों की याद आंसू ले आई। मैंने उठकर उसे अपने गले लगा लिया। बहुत देर तक हम यूँ ही एक दुसरे के गले लगे रहे। फिर मुझे लगा कि मेरा कन्धा उसके आंसुओ से भीग रहा है। मैंने उसे धीरे से अपने से अलग किया, देखा तो उसकी भी आँखे भीगी थी और मेरी भी। हम एक दुसरे को बहुत देर तक देखते रहे। एक पूरा जीवन हमने साथ जिया था। बरसो के पहले के चित्र बंद आँखों के सामने से गुजर गए। एक पूरी ज़िन्दगी आँखों में से गुजर गयी।
मैंने उससे कहा कि वो जाकर निर्मल और बच्ची को ले आये।
उसने हामी में सर हिलाया और जाने लगा ।
मैंने पुछा, “बच्ची का नाम क्या है अमित ।”
वो जाते जाते लौटा और मुस्कराया और मुझसे कहने लगा, “यहाँ मैं तुझसे फिर जीत गया हूँ देव। तूने और निर्मल ने सोचा था कि तुम्हारी संतान होंगी और अगर वो बेटी हुई तो उसका नाम तुम अपेक्षा रखोंगे। जब हमें बेटी हुई तो निर्मल ने मुझसे इस नाम की रिक्वेस्ट की और मैं मान गया। मेरी बेटी का नाम तेरे सपनो की बेटी का है। अपेक्षा!”
मैं अवाक था। मेरी आँखे और भीग गयी, मैं कुछ न कह सका और उसकी ओर देखकर मैंने अपनी बांहे फैला दी। उसने मुझे देखा और बिना मेरी बांहों में आये घर से बाहर चला गया ।
मैं फिर अपने आराम कुर्सी पर बैठ गया। मैं काँप रहा था। ज़िन्दगी भी क्या क्या रूप दिखाती है। मैं एक निशब्द एकांत के साए में चला गया। और बीते हुए समय की परतो में पता नहीं क्या तलाश करने लगा।
२५ बरस पहले..............!
/// एक ///
बरसो पहले हम दोनों की दोस्ती सारे इलाहाबाद शहर में मशहूर थी। एक ही साइकिल पर घूमना, साथ साथ रहना, पढना और खाना पीना तक साथ-साथ । कभी मैं उसके घर रुक जाता, कभी वो मेरे घर रुक जाता। दोनों के घरवालो में सिर्फ पिता ही बचे थे। ज़िन्दगी अपनी गति से भाग रही थी। समय जैसे पलक झपकते ही बदल जाता था। स्कूल से कॉलेज तक का सफ़र और फिर नौकरी लगने तक का सफ़र। सब कुछ साथ साथ ही रहा। रोज सुबह संगम के तट पर भागना और फिर हनुमान जी के मंदिर की आरती में शामिल होना और फिर अपना दिन शुरू करना। ज़िन्दगी बहुत ही खूबसूरत थी । फिर उसके पिता नहीं रहे। वो हमारे संग ही रहने लगा। फिर मेरे पिता भी नहीं रहे। हम फिर भी साथ ही रहे। कभी मैं उसके घर तो कभी वो मेरे घर। हर दिन सिर्फ हमारी दोस्ती को बढाता ही था। मेरी नौकरी लगी एक कॉलेज में शिक्षक की, जो कि मेरे मन की थी। अमित को नौकरी पसंद नहीं थी। वो छोटे मोटे काम करते रहा। फिर उसने मसालों का व्यापार शुरू किया। धीरे धीरे उसने उस व्यापार में अपने पैर जमाने शुरू किया। मैं अपनी नौकरी में खुश और वो अपने व्यापार में खुश। कुछ भी हो जाए हम साथ में रात का खाना जरुर खाते थे।
सब कुछ ठीक ही था जब तक कि, निर्मल से मेरी मुलाकात नहीं हुई।
निर्मल मेरे ही कॉलेज में लेक्चरर बनकर आई और पहले ही दिन मैं उस से प्रेम कर बैठा। मैं हिंदी पढाता था और वो भी हिंदी ही की लेक्चरर थी। बस धीरे धीरे मुलाकाते हुई और प्रगाढ़ता बढ़ी। वो मुझे पसंद करती थी और मैं उसे चाहता था। हम दोनों में कितनी बाते एक जैसी ही थी। ...........हिंदी...कविता...प्रेम....जीवन को मुक्तता से जीना और दोनों का ही शिक्षण के क्षेत्र में होना। सब कुछ कितना अच्छा था। मेरा तो आगे पीछे कोई नहीं था। पर उसके घर में उसके माता –पिता थे। वो एक मिडिल क्लास फॅमिली से थी। और उसके सपने थे। ज़िन्दगी की शुरुवात में जो गरीबी उसने देखी थी, उससे वो बाहर आना चाहती थी। बस इस एक विषय पर हम अलग थे। मैं सपने ज्यादा देखता नहीं था और अगर सोचता भी था तो सिर्फ एक मामूली ज़िन्दगी के बारे में ही सोचता था। गरीबी मैंने भी देखी थी पर मैं बहुत संतोषी था। निर्मल को संतोष नहीं था। उसके सपने बहुत बड़े थे। और मुझे ये बात बुरी नहीं लगती थी। सब मेरी तरह साधू तो नहीं थे न! मैं उसके परिवार से मिला। उन्हें मैं अच्छा लगा और मुझे वो सब। मैंने सोच लिया था कि निर्मल से ही शादी करके घर बसाऊंगा। मैंने निर्मल से शादी की बाते की। उसने हां कह दिया!
मैंने अमित को निर्मल के बारे में बताया। वो भी मिलना चाहता था। पर उन दिनों वो अपने व्यापार के सिलसिले में केरल, गोवा तथा अन्य जगहों पर जाता था और धीरे धीरे एक्सपोर्ट्स के बारे में सोच रहा था।
/// दो ///
दिवाली के दिन थे, जब वो वापस आया। आते ही मुझसे लिपट गया और कहने लगा, “अबे देव, मुझे एक्सपोर्ट का लाइसेंस और परमिशन मिल गया है और बहुत जल्दी ही मैं अपना काम दुसरे देशो में स्टार्ट करूँगा, तू ये नौकरी छोड़ और मेरे साथ आ जा।” मैंने हँसते हुए कहा, “अरे, ये धंधा तुझे ही मुबारक हो, मैं यही ठीक हूँ। हां; तू आगे बढ़, मुझे इससे ज्यादा ख़ुशी क्या होंगी”
उसने हँसते हुए कहा, “तू नहीं बदलेंगा रे। अच्छा ये सब छोड़, मुझे बता तू मुझे निर्मल से कब मिला रहा है।”
मैंने कहा, “आज दिवाली है, शाम को उसके घर चलते है”
हम शाम को तैयार हुए । वो तब भी मुझसे खुबसूरत ही था और अब कुछ नए कपडे भी खरीद लिया था। मेरे लिए भी कपडे लाया था। मैंने उसका लाया हुआ कुरता पहना और उसने कोट पैंट। मैंने कहा, “तू तो यार और अच्छा लग रहा है।” वो हंस दिया। हम दोनों निर्मल के घर चले। उसने कई उपहार खरीद रखे थे निर्मल के लिए, उसने वो सब ले लिए, मैंने कुछ मिठाई खरीदी और हम दोनों रिक्शे में बैठकर उसके घर पहुंचे।
निर्मल इलाहाबाद के मीरगंज इलाके में रहती थी। मैंने अमित को उसका घर दिखाया। घर दियो से सजा हुआ था। मैंने कहा, ”अमित यहाँ से चलकर तेरे घर में भी दिए जलाना है।” अमित ने कहा, ”ठीक है न यार। बस यहाँ से चलते है थोड़ी देर में।”
मैंने निर्मल का दरवाजा खटखटाया। निर्मल ने दरवाजा खोला। वो बहुत सुन्दर लग रही थी। उसने मेरे मनपसंद रंग गहरे नीले रंग की साड़ी पहनी हुई थी। अमित उसे देखते ही रह गया। मैंने उन दोनों का परिचय एक दुसरे से कराया। अमित ने धीरे से मुझे कुहनी मार कर कहा, “अबे ये तो बहुत सुन्दर है। तुझ जैसे बन्दर को कहाँ से मिल गयी।” मैंने हंसकर कहा, “अपने अपने नसीब है रे, कभी कभी हम जैसे लंगूर को हूर मिल जाती है” ये सुनकर निर्मल शरमा गयी और हम सब हंस पड़े।
हम सब उसके परिवार से घुल मिल गए। अमित का रंग निर्मल के परिवार पर कुछ ज्यादा ही जमा हुआ था। निर्मल के पिता उससे काफी प्रभावित हुए। मुझे लग रहा था कि निर्मल को मिले हुए सपने उसके पिता के सपनो का ही एक्सटेंशन है। खैर हमने पूजा की और फटाके फोड़े। निर्मल और अमित ने खूब फटाके फोड़े। अमित के लाये हुए उपहार सभी को पसंद आये। हम वापस चल पड़े ।
अमित ने राह में मुझसे कहा, “अबे तेरी तो सच में किस्मत खुल गयी है।” मैं मुस्करा दिया। अमित ने कहा, “यार मुझे भी निर्मल पसंद है; यदि तेरा शादी का मन न बने तो मुझे कह देना, मैं शादी कर लूँगा।” पूरी शाम में बस उसकी यही बात मुझे अच्छी न लगी। मैं चुप रह गया।
हम अमित के घर गए, वहां दिए जलाए, पूजा की और मेरे घर की ओर चल पड़े।
रात में, अमित अपने कुछ नए व्यापारी मित्रो से मिलने चला गया। और मैं अपने घर में दियो की रौशनी में अपने भविष्य के सपनो को बुनता रहा।
फिर मेरा विचलित मन न माना तो मैंने निर्मल को फ़ोन किया। उससे बाते की। मैंने उससे पुछा कि क्या वो मेरे घर आ सकती है। उसने थोडा सोचकर कहा “हां, मैं आती हूँ।”
करीब एक घंटे बाद वो आई। उसी नीली साड़ी में। घर में उसके आते ही जैसे उजाला हो गया। मैंने धीरे से उसका हाथ थामकर उससे कहा, “मेरी हो जाओ निम्मो’। मैं उसे प्यार से निम्मो कहता था।
उसने कहा, “मैं तुम्हारी ही हूँ देव!” मैंने उसे अपनी बांहों में ले लिया. उसने मेरा चेहरा अपने हाथो में ले लिया और मेरे माथे पर एक छुअन के साथ धीमे से कहा, “फिर से दिवाली की ढेर सारी शुभकामनाये।”
हम दोनों बहुत देर तक वैसे ही खड़े रहे। मैंने उसका चेहरा अपने हाथ में लेकर कहा, “निम्मो हम जल्दी से शादी कर लेते है और अपना घर बसा लेते है।”
उसने कहा, “हाँ पर थोडा रुक जाओ, अगले साल शादी कर लेते है, मेरे घर में शादी के इंतजाम के लिए पैसे नहीं है। मैं अकेली लड़की हूँ, माँ बाबू जी के सपने है। थोडा रुक जाओ। सब ठीक हो जायेंगा”
मैं उसे अपने घर की छत पर ले आया, हम बहुत देर तक शहर की रोशनियों को देखते रहे। बहुत अच्छा लग रहा था। मैंने उसका हाथ पकड़ रखा था। मैंने उससे कहा, “निम्मो मैं चाहता हूँ कि हमारी पहली संतान एक बेटी हो उसका नाम अपेक्षा रखेंगे।”
निर्मल ने पुछा, “अपेक्षा क्यों भला !”
मैंने कहा, “क्योंकि वो हम दोनों की अपेक्षा होंगी। इसलिए !”
हम दोनों हंस पड़े। मैंने उसे फिर अपनी बांहों में ले लिया। बहुत देर तक रात ऐसे ही ठहरी रही।
फिर नीचे से अचानक आवाज़ आई, “देव कहाँ है रे ?”
वो अमित की आवाज़ थी।
हम दोनों नीचे चल पड़े। अमित ने हम दोनों को देखा तो चौंक गया और कहने लगा, “अरे निर्मल, तुम यहाँ कब आई? अगर मुझे पता रहता तो मैं बाहर जाता ही नहीं। तुम कितनी खूबसूरत लग रही हो। ये नीली साड़ी तुम पर कितनी अच्छी लग रही है।“
मैंने कहा, “अरे रुक जा भाई तू तो एक दिन में इतनी तारीफ कर रहा है, जितनी मैंने अब तक नहीं की होंगी।“
अमित ने कहा, “अबे, ये मेरा स्टाइल है मैं तेरे जैसा old fashioned नहीं हूँ ।“
निर्मल ने कहा, “अमित बहुत अच्छा दोस्त है न। मुझे तो अमित और उसकी बाते बहुत पसंद है।“ अमित जोर से हंस पड़ा, लेकिन पता नहीं क्यों ; मुझे निर्मल की ये बात अच्छी नहीं लगी ।
हम तीनो बहुत देर तक फिर से छत पर जाकर बैठे रहे, रोशनियाँ देखते रहे। फटाको का शोर सुनते रहे।
मैं तो खैर चुप ही था, वो दोनों बहुत सारी बाते करते रहे।
इतने में निर्मल के पिताजी का फ़ोन आया। उन्होंने उसे वापस भेजने को कहा।
अमित ने कहा कि वो निर्मल को छोड़ आयेंगा। मैं ने उन दोनों को विदा किया।
/// तीन ///
दिन गुजरते रहे। ज़िन्दगी अब कुछ और तेज हो गयी थी।
हम तीनो की जिंदगियां एक साथ होकर भी अब अलग-अलग हो रही थी। मुझे कुछ आभास हो रहा था कि अमित; निर्मल और उसके परिवार में कुछ ज्यादा ही शामिल हो गया था। मुझसे कहीं ज्यादा। स्वभाव तो अमित का अच्छा ही था ऊपर से उसका व्यापार और उसकी महत्वकांक्षाए।
मुझे लगने लगा था कि एक साथ मैं बहुत कुछ, बहुत ज्यादा बाजियां हारने वाला हूँ।
मैं अब निर्मल को बार बार शादी के लिए कहने लगा। वो शादी की बात को टाल जाती थी। मैं ये भी जानता था कि वो और अमित अब कुछ ज्यादा ही मिलने लगे थे।
अमित अब मुझसे ज्यादा बाते न करता था और अक्सर मुझसे आँखे चुराने लगा था। निर्मल भी अब ज्यादातर समय चुप ही रहती थी।
फिर एक दिन अमित ने मुझसे कहा, “देव, मुझे एक्सपोर्ट के सिलसिले में विदेश जाना है, मैं लंदन जा रहा हूँ वहाँ पर अपना पहला ऑफिस खोलना है। तू चल मेरे साथ। मुझे बहुत ख़ुशी होंगी।
मुझे भी ये सुनकर बहुत अच्छा लगा। मैंने कहा, “यार मेरे पास तो पासपोर्ट भी नहीं है। तू जा, मेरी शुभकामनाये तेरे साथ है। ज़िन्दगी में आगे बढ़। तू बहुत सफल होंगा।”
उसने मुझे गले लगा लिया और फिर धीरे से कहा, “क्या मैं निर्मल को अपने साथ ले जा सकता हूँ “
मैं ये सुनकर अवाक रह गया, फिर मैंने धीरे से कहा, “अगर वो जाना चाहती है तो ले जा। लेकिन क्या उसके पास पासपोर्ट और वीसा है ?”
अमित ने बिना मेरी ओर देखे कहा, “हां मैंने बनवा दिया था उसका भी और उसके माँ बाबु का भी।”
मैंने ये सुना तो क्रोध से पागल सा हो गया। मैंने उसका कॉलर पकड़कर कहा, “साले, मेरे बारे में नहीं सोचा, उनका पासपोर्ट और वीसा बनवा लिया. यही तेरी दोस्ती है ? तुझे हो क्या गया है बोल तो।”
उसने बिना मेरी ओर देखे कहा, “देव, मैं भी निर्मल से प्रेम करने लगा हूँ बस !”
मैं ने उससे कहा, “तूने ये क्या कह दिया यार। मैं तेरा दोस्त हूँ। तुझे मेरी दोस्ती का ख्याल नहीं आया।“
उसने मेरी ओर देखते हुए कहा, “देव मैं तुझसे माफ़ी मांगने के काबिल भी नहीं हूँ। पर ये दिल की बात है , मैं ये भी कहना चाहूँगा कि निर्मल तेरे साथ कभी खुश नहीं रह पाती। उसकी अपनी महत्वकांक्षाए है जो कि तू कभी पूरी नहीं कर पाता।”
मेरी आँखों में आंसू आ गए। मैंने कहा, “लेकिन प्रेम; वो तो सबसे ऊपर है।“
अमित ने कहा, “ज़िन्दगी सबसे ऊपर है देव। प्रेम सिर्फ सपनो में जीने की चीज है। तू अपने आपको बदल। चाहता तो मैं था कि तू मेरे साथ ही रह, लेकिन तू नहीं रह पायेंगा।“
मैं क्रोध में पागल हो रहा था, मेरे संवेदनशील मन को यह सब कुछ सहन नहीं हो पा रहा था . मैंने उसे धक्का देते हुए कहा, “निकल जा मेरे घर से अमित, आज के बाद तू मुझे अपनी सूरत मत दिखा। तूने जो धोखा दिया है, उसके लिए ईश्वर भी तुझे माफ़ नहीं करेंगा। तू कभी सुख से नहीं जी पायेंगा।“
अमित ने कहा, “यार बददुआ तो मत दे, मैं एक नयी ज़िन्दगी शुरू कर रहा हूँ। तू मेरा सबसे अच्छा दोस्त है। ठीक है, मैं तेरे प्यार को तुझ से छीन रहा हूँ; लेकिन उससे हमारी दोस्ती तो ख़त्म नहीं हो जाती न !”
मैंने हिकारत से कहा, “तू और दोस्ती।“
गुस्से में मैंने उसके मुंह पर थूक दिया और कहा, “दूर हो जा साले; नहीं तो मैं तेरी जान ले लूँगा।“
उसने मुझे देखा और अपने आंसू जो कि अपमान और दोस्ती के टूटने की वजह से थे, पोंछते हुए मेरे घर से चला गया। हमेशा के लिए.............!
मैं बहुत देर तक रोते हुए बैठा रहा। फिर गुस्से में निर्मल के घर गया। वहां पर अमित पहले से ही था, मैंने निर्मल को पकड़ा और उसे एक थप्पड़ मारा वो चुपचाप खड़ी रही। मुझसे गुस्सा सहन नहीं हो रहा था। निर्मल के बाबू जी मुझे रोकने आये। अमित ने उनका हाथ पकड़कर रोक लिया और कहा, “उसे अपना गुस्सा निकाल लेने दीजिये बाबू जी।“
मैं निर्मल को घर के बाहर लेकर आया और उसे पुछा, “ये तूने क्या किया निम्मो, मेरे प्यार में क्या कमी थी ?”
मैं रोने लगा था ।
निर्मल चुपचाप थी। उसने मेरे आंसू पोंछे और कहा, “देव; ये प्रेम की कमी के बारे में नहीं है, मेरे अपने सपने है, जो प्रेम से बड़े है, और उन सपनो की पूर्ती तुम नहीं कर सकते थे। तुम्हारा mindset उतना, मेरे महत्वकांक्षाओ जितना बड़ा नहीं है हम साथ रहकर भी साथ नहीं जी पाते। प्रेम का बुखार कुछ दिन में ख़तम हो जाता है। ज़िन्दगी की अपनी दौड़ होती है। जीवन की गति, प्रेम को बहुत पीछे छोड़ देती है। मैंने बहुत सोचकर ही फैसला किया है, तुम एक प्रेमिका के रूप में मुझे हमेशा खुश रखते , पर एक पत्नी के रूप में तुम मेरे सपनो को पूरा नहीं कर पाते देव। मैंने बहुत गरीबी देखी हुई है, मुझे अब जीवन के सुख चाहिए ।“
मैंने कहा, “किसी भी कीमत पर निम्मो ?”
उसने धीरे से कहा, “ हाँ देव !”
मैंने कहा, “और मेरा प्यार, उसका क्या ?”
उसने कहा, “प्यार तो हमेशा ही जीवित रहता है देव। हाँ जीवन के रास्ते अलग-अलग हो जाते है। मुझे माफ़ कर दो देव !”
मैंने कहा, “नहीं निम्मो तुम माफ़ी के काबिल नहीं। तुमने और अमित ने मुझे छला है। तुम दोनों को मैं कभी माफ़ नहीं करूँगा”
मैं वापस चला आया।
/// चार /// 
कुछ दिनों के बाद पता चला कि अमित ने अपना और निर्मल का घर बेच दिया है और हमेशा के लिए विदेश जा रहा है।
मुझसे नहीं रहा गया; मैं आखरी बार उन दोनों से मिलने पहुँचा। निर्मल का परिवार और वो दोनों विदेश जाने की तैयारियां कर रहे थे। मैं पहुंचा। मुझे देखकर अमित और निर्मल दोनों ठहर से गए। समय भी ठहर सा गया, मैंने बहुत प्यार और बहुत प्यास से दोनों को देखा। दोनों मेरी ज़िन्दगी का हिस्सा थे और अब दोनों ही अलग हो रहे थे। शायद हमेशा के लिए ।
मुझे रोना आ गया। अपनी हार पर। अपनी बेबसी पर और जो कुछ मैं खो रहा था उस पर!
वो दोनों मुझे देख रहे थे। चुपचाप। भरी हुई आँखों से। निर्मल और अमित दोनों की आंखे भी बह रही थी। एक दोष का भाव था उनके चेहरे पर और आँखों पर और शायद अंतरात्मा पर भी।
मैंने रोते हुए कहा, “जाओ खुश रहो। मैं अब तुम दोनों से जीवन में कभी नहीं मिलना चाहूँगा !”
निर्मल ने कुछ कहना चाहा पर उसका गला रुंध गया मैं वापस लौट पड़ा।
वो सब चले गए !
/// पांच ///
मेरी ज़िन्दगी में एक अजनबी सा एकांत आ गया था। मुझे कभी कभी आत्महत्या कर लेने का मन हो जाता था। एक बार मैंने संगम में कूदकर जान देने की कोशिश भी की, पर लोगो ने बचा लिया। मुझे शायद जीना था इसी दुःख के साथ। यही मेरी नियति थी।
मैंने जीने के लिए सिगरेट और किताबो का सहारा लिया। किताबे मुझे हमेशा से ही प्रिय थी। धीरे धीरे समय बीतता रहा। मैं कहानी और कविता लिखने लगा। ज़िन्दगी में कोई चाह नहीं रही। सिगरेट के धुएं ने मेरी सारी चाहतो को एक विराम सा दे दिया था ।
कई साल बाद जब मुझे पता चल कि अमित का घर फिर से बिकने वाला है तो मैंने उसे अपने प्रोविडेंट फण्ड के पैसो और अपनी जिंदगी भर की कमाई लगाकर खरीद लिया। पता नहीं मेरे मन में उस वक़्त क्या विचार थे। पर हर दिवाली को मैं अपने और अमित के घर में जाकर दिए जला दिया करता था।
समय बीतता रहा। और फिर कुछ महीनो पहले मुझे पता चला कि मुझे कैंसर हो गया है और अब ज्यादा दिनो की ज़िन्दगी शेष नहीं रही थी। मैंने वकील के साथ मिलकर कुछ कागजात तैयार किये।
वसीयत के कागजात! अपनी सम्पति की वसीयत! अपनी ज़िन्दगी की वसीयत! अपने शब्दों की वसीयत!
और एक दिन मैंने निर्मल और अमित को उनकी बच्ची के साथ अपने घर बुला लिया, ताकि एक आखरी बार उन्हें देख लूं और अपना सब कुछ उन्हें दे सकू!
अचानक मुझे जोरो से खांसी आई और मैं यादो के सफ़र से वापस आज के इस पल में लौट पड़ा!
आज दोपहर..............!
मैंने फ़ोन करके अपने वकील मित्र को बुला लिया और उसे कुछ और कागज़ जल्दी से तैयार करके लाने को कहा।
मैंने सोचा इन सभी को क्या खिलाऊं। फिर मैं मुस्करा उठा। अमित को मेरे हाथो की बनी हुई खिचड़ी बहुत पसंद थी। उन दिनों, पैसो की कमी के कारण मैं दाल, चावल, कुछ सब्जियां सब मिलाकर खिचड़ी बना लेता था। और उसे मैं और अमित, आचार के साथ बड़े चाव से खाते थे। हर जगह हमारी ये “बम्बाट खिचड़ी” मशहूर थी। मैंने ये खिचड़ी निम्मो को भी खिलाया था, उसे भी बहुत पसंद आई थी. उसने कहा था, “शादी के बाद तुम मेरे लिए रोज़ ये खिचड़ी बनाया करना।“
शादी के बाद...........!!!
मैंने बड़े अवसाद में सर हिलाया। मेरी ज़िन्दगी भी क्या सर्कस के जोकर की तरह हो गयी थी। मेरी आँखे भीग गयी।
मैंने खिचड़ी बनायी। घर ठीक किया। कुछ पुराने गानों के कैसेट थे, उन्हें बहुत दिनों से नहीं सुना था। हम तीनो को गुलाम अली के ग़ज़ल बहुत पसंद थे। उनकी गजलो की कैसेट ढूंढ कर प्लेयर पर चला दिया। घर भर में गुलाम अली की आवाज गूंजने लगी। मन को कुछ अच्छा लगने लगा था।
अचानक घर की घंटी बजी, मैंने बड़ी उम्मीद से दरवाजा खोला, ये सोचकर कि निम्मो आई होंगी, पर दरवाजे पर मेरा वकील मित्र था। उसने मुझे कागजात दिए और गले से लगा लिया। जाते जाते वो मुड़ा और मुझे एक सलाम किया। मैं भी मुस्करा उठा!
मैं अपनी आरामकुर्सी पर बैठ गया और यादो में खो गया। शाम होने की थी; अब तक वो लोग नहीं आये थे।
गुलाम अली की नयी ग़ज़ल शुरू हो गयी थी “किया है प्यार जिसे हमने ज़िन्दगी की तरह..............!”
मेरी आँखे भीग गयी। कितना चाहा था मैंने निर्मल को और अमित को भी। पर क्या मिला मुझे! एक नितांत एकांत! पर अब ठीक है। अब ज़िन्दगी बची ही कितनी है।
इतने में दरवाजे पर आहट हुई। मैंने मुड़कर देखा। अमित दरवाजे पर था। मैं उठा। दरवाजे तक गया अपना चश्मा पहना और बाहर की ओर देखा।
अमित के पीछे निर्मल खड़ी थी। मेरी निम्मो! मैंने एक आह सी भरी! जो मेरी हो सकती थी, वो आज किसी और की थी। मेरे दोस्त की! वो आज भी अच्छी लगती थी। मैं ने सबको भीतर आने का इशारा किया और भीतर आने के लिए मुड़ा। अचानक मेरे कदम ठहर से गए। मेरी आँखों में कुछ कौध सा गया था। मैंने फिर मुड़कर दरवाजे के बाहर देखा।
निर्मल के पीछे उसकी बेटी खड़ी थी। नीली साड़ी पहने हुए। निम्मो की दिवाली वाली नीली साड़ी। बेटी को देखा तो आँखों से आंसू बह उठे। मुझे किसी शायर की बात याद आ गयी :
एक पल में जी लिए पूरे बरस पच्चीस हम,
आज बिटिया जब दिखी साड़ी तेरी पहनी हुई !
मैंने उसे अपनी ओर बुलाया। वो हिचकती हुई मेरे पास आकर खड़ी हो गयी। वो पूरी तरह से निम्मो सी ही दिखती थी। हाँ उसका बड़ा माथा अमित पर गया था। अमित के नाक नक्श भी उसे हासिल हो गए थे। मैं बहुत देर तक उसे देखता रहा। मेरी आँखे बहती रही। फिर मैंने उसका हाथ पकड़ कर भीतर ले आया और अपनी आराम कुर्सी के पास की कुर्सी पर बिठा दिया। और उसे देखने लगा। मुझे बहुत अच्छा लग रहा था। मैं उठा और घर के भीतर जाकर थोडा सा गुड- चना ले आया। उसे दिया और कहा, “बेटी, खा ले, तू पहली बार अपने घर आई है और इस घर की परंपरा है कि जब कोई पहली बार आता है तो उसे हम गुड-चना खिलाते है।” उसने अपनी माँ की ओर देखा। निम्मो ने सर हिलाकर हामी दी। अमित ने कहा, “खा ले बेटा।” उसने धीरे धीरे खाया।
मैंने उन सभी को बैठने को कहा और खिचड़ी ले आया। सबको परोसा और अपेक्षा को मेरे पास ही बिठाकर उसे खिचड़ी खिलाया। सब चुपचाप खा रहे थे। अपेक्षा को खिचड़ी खाना नहीं हो पा रहा था, उसके लिए ये एक नया भोजन था। मैंने कहा, “बेटा जितना होता है ,उतना खा ले! तेरे माता –पिता को तो ये बहुत पसंद थी। देखो कैसे ठूंस ठूंस कर खा रहे है।” वो हंस पड़ी। मुझे उसकी हंसी बहुत प्यारी लगी। अपनी माँ की तरह हंसती थी! निम्मो की तरह..............!!!!
सबने खाना खा लिया था और अब मेरे करीब ही बैठ गए थे।
आज शाम......!!!
मैं उठा। मैंने अपेक्षा को भी उठने को कहा। मैंने उससे कहा, “चलो बेटी,संध्या हो गयी है, पूजा कर लेते है।“ उसने और मैंने मिलकर सारे घर में अलग- अलग कोनो में दिए लगाए। फिर मैंने कुछ सोचा और फिर घर में जितने भी दिए थे, उन्हें हर ओर लगा दिया। अब लग रहा था कि दिवाली आज ही है। मैं ये सोच ही रहा था कि अमित ने कहा, “आज ही इतने बरसो की दिवाली एक साथ मना ले रहा है रे!”
मुझे बरसो पहले की वो दिवाली की रात याद आ गयी। मैंने कुछ नहीं कहा ।
मैं अपेक्षा का हाथ पकड कर भीतर आया और अपनी आराम कुर्सी पर बैठ गया।
मैंने अमित को देखा वो मुझे ही देख रहा था। उसे महसूस हो रहा था कि जो गलती उसने उस वक़्त की थी। उसका असर अब मुझ पर इस बुढापे में और भी ज्यादा हो रहा था।
मैंने निर्मल को देखा। मेरी निम्मो! कितना चाहा था मैंने इसे। वो रह-रहकर मुझे देख लेती थी। उसकी नजरो में एक ऐसा गिल्ट फील था जो कि कभी भी उसकी आत्मा से नहीं मिटने वाला था।
मैंने अपेक्षा को देखा। वो मुझे ही देख रही थी। बहुत शांत नज़रो से। उसके आसपास एक पवित्रता सी थी। एक बुद्ध की शान्ति थी। उसने मुझे अपनी ओर देखते हुए देखा तो मुस्करा दी। उसने पहली बार मुझसे कहा, “आप बहुत ग्रेसफुल दिखते है।” मुझे उसकी ये बात बहुत प्यारी लगी !
मैंने सभी को अपने करीब बैठने को कहा और कहने लगा, “मैंने तुम सभी को इसलिए यहाँ बुलाया है, क्योंकि मैं एक बार तुम सभी को जी भर कर देखना चाह रहा था! बहुत बरस बीत गए है तुम्हे देखे हुए। करीब २५ बरस! जीवन इन पच्चीस बरसो में कभी बहुत धीमे तो कभी बहुत तेज गति से गुजरा है।”
मैं थोड़ी देर के लिए रुका और फिर उन तीनो को देखते हुए कहा, “मुझे कैंसर हो गया है, अब ज्यादा दिन नहीं है मेरे पास! इसलिए एक आखरी बार मैं तुम सभी को देखना चाहता था !”
ये सुन कर निर्मल रोने लगी। अमित फटी फटी आँखों से मुझे देखते रहा गया। अपेक्षा की आँखे भीग गयी, उसने मुझसे कहा, “आप हमारे साथ चलिए, हम लन्दन में आपका इलाज करायेंगे !”
ये सुनकर अब मेरी आंखे भीग उठी। मैंने अमित से कहा, “तुझे याद है रे, तूने बरसो पहले साथ चलने को कहा था, आज तेरी बेटी भी वही कह रही है।” अमित ने सर हिलाया। उसकी आँखों से आंसू टपक पड़े।
मैंने आगे कहा, “बीते बरसो में ज़िन्दगी ने मुझे बहुत कुछ सीखाया और मैं तुम दोनों से अपने उस बुरे व्यवहार के लिए माफ़ी मांगता हूँ , जो मैंने तुम्हारे साथ गुस्से में २५ बरस पहले किया था। खासकर मेरे अमित से !”
निर्मल ने कहा, “नहीं देव; तुम क्यों माफ़ी मांग रहे हो। माफ़ी तो हमने मांगी चाहिए थी और सच कहो तो हम माफ़ी के भी काबिल नहीं है। हो सके तो हमें माफ़ कर दो !"
मैंने कहा, “नहीं नहीं, ऐसी कोई बात नहीं है। ज़िन्दगी में तो ये सब होते ही रहता है। मुझे अब किसी से कोई शिकायत नहीं है ! मैं तो अब नौकरी छोड़ चूका हूँ, लेकिन ख़ुशी है कि अमित अब भी काम कर रहा है। भगवान उसे और तरक्की दे। मैं तो यही चाहूँगा कि अमित तू और आगे बढे । तुझे सारी दुनिया की खुशियाँ मिले।”
अमित ने धीरे भीगे स्वर में कहा, “जिस दुनिया में तू नहीं, उस दुनिया की खुशियों का क्या करना है। सच तो यही है कि इतने बरसो में मैंने कभी तुझे फ़ोन नहीं किया। न ही कोई ख़त लिखा। लेकिन मैं अक्सर तेरे बारे में पढ़ता था और मुझे ख़ुशी भी होती थी कि तू इतना अच्छा लिखता है और तेरे जाने की कल्पना मैंने कभी नहीं की।”
मैंने कहा, “हम सभी को एक दिन जाना है अमित। बस अपने कर्म अच्छे रहे यही कोशिश करते रहना चाहिए !”
मैं अब थक गया था। मैं उठा और पानी पिया और घर के भीतर गया। अंदर से तीन लिफ़ाफ़े ले आया।
मैंने अमित को पास में बुलाया उसे एक लिफाफा दिया, मैंने उसके कंधे पर हाथ रखा और कहा, “घर तेरे पास बहुत होंगे, लेकिन तेरे बचपन का घर नहीं है तेरे पास। तूने उसे बेच जो दिया था, इन नए घरो के लिए! मैं तुझे तेरे बचपन का घर वापस कर रहा हूँ। अबकी दिवाली में वहां दिया जलाना! ये ले उस घर के कागजात,मैंने उसे खरीद लिया था और अब उसे तेरे नाम कर दिया है!” ये कहकर मैंने उसके हाथ में एक लिफाफा रखा!
अमित मुझे देखते ही रह गया। उसका गला रुंध गया, बस उसके आँखों से आंसू बह रहे थे।
मैंने निर्मल को करीब बुलाया। उसे बहुत देर तक देखता रहा। मैंने धीरे से कहा। “निम्मो, मैंने तुझे बहुत बरस पहले अपना सबसे अच्छा दोस्त दे दिया था, उसके बाद मेरे पास तुझे देने के लिए कुछ भी न रहा, लेकिन तुम हमेशा ही मेरी यादो में रही। मैं तुम्हारे नाम से कविताएं लिखता था और अपनी कहानियों में तुम्हारा ज़िक्र करता था। ऐसी ही एक कविता तुम्हे सुनाता हूँ, ये मेरी आखरी कविता है जो मैंने लिखी है :
तुम अपने हाथो की मेहँदी में
मेरा नाम लिखती थी
और मैं अपनी नज्मो में
तुझे पुकारता था ;
ये हमारी मोहब्बत थी
लेकिन मोहब्बत की बाते अक्सर किताबी होती है
जिनके अक्षर वक्त की आग में जल जाते है
किस्मत की दरिया में बह जाते है ;
तेरे हाथो की मेंहदी से मेरा नाम मिट गया,
वो तेरी मोहब्बत थी!
लेकिन मुझे तेरी मोहब्बत की कसम,
मैं अपने नज्मो से तुझे जाने न दूंगा।।।
ये मेरी मोहब्बत है !!
ये सुनाकर मैंने उससे पुछा “कैसी है कविता।“ कोई कुछ न बोला। सब स्तब्ध खड़े थे।
निर्मल मुझे खामोश देख रही थी। उसकी आंखे भरी हुई थी। मैंने उसके हाथ में एक बड़ा सा लिफाफा रखा। मैंने कहा, “निम्मो, मैं अपना सारा लेखन तुझे देता हूँ। मेरी कविताएं, मेरी कहानिया सब कुछ अब तेरा, अब और कुछ मेरे पास तुझे देने के लिए नहीं रहा! तू खुश रहे हमेशा, बस यही एक सच्ची दुआ है मेरे मन में!”
अमित ने मुझे दखते हुए कहा, “आज तू फिर जीत गया देव ! वाकई तू देव ही है। तुझ जैसा कोई और क्या होंगा इस दुनिया में। हम तो किस्मत वाले थे, जो तू हमें मिला, पर हम तेरे देवत्व को, तेरे प्यार को संभाल नहीं सके !”
मैनें कहा, “कहीं कोई हार जीत नहीं है अमित। प्रेम में कोई हारता नहीं है। और न ही कोई जीतता है। न तू जीता और न मैं हारा। मैंने शादी नहीं की पर निर्मल मेरे साथ हमेशा है। ये मेरे प्यार की जीत है। निर्मल ने पूरे २५ बरस तेरे साथ गुजारे, तेरे बच्ची की माँ बनी, कभी तो उसने एक औरत के किसी न किसी रूप में तुझसे प्रेम किया होंगा। ये तेरे उस प्रेम की जीत है, जो तूने निर्मल से किया है। निर्मल ने तुझसे शादी करने के बाद एक बार भी मुझे न कोई ख़त लिखा ना मुझसे मिलने आई, वो पूरी तरह तेरी हो गयी। हाँ, उसने अपनी बेटी का नाम, हमारे सपनो की नींव पर रखा, ये उसके प्रेम की जीत है, जो उसने मुझसे किया है। अब तू बता, जहां हर तरह, हम सब की किसी न किसी तरह जीत है तो हारने का सवाल ही नहीं उठता है। प्रेम सबसे ऊंचा है अमित !”
अमीत और निर्मल की आँखों से आंसू बह रहे थे, अपेक्षा चुपचाप खड़ी थी। मेरी आँखे भीग गयी।
मैंने उसे अपने पास बुलाया, उसके सर पर हाथ रखा और फिर तीसरा लिफाफा उसे दे दिया। मैंने कहा, “बेटी, मेरे पास जो कुछ भी था वो मैंने तेरे माँ बाप को दे दिया है, बस मेरा ये पुरखो का घर है, इसे मैंने तेरे नाम कर दिया है, मेरी इच्छा है कि मेरे मरने के बाद तू कभी कभी यहाँ आकर रहे। मेरे मरने के बाद तू इसमें कभी कभी त्यौहार के दिए जलाना। मेरे कृष्ण की पूजा कर लिया करना। घर के आँगन में एक तुलसी है जिसे मेरी माँ ने बोया था, वो अब भी सदाबहार है, उसमे पानी डाल दिया करना। बस यही मेरी अंतिम ख़ुशी होंगी।”
मैं कांपने लगा था। अमित और निर्मल ने मुझे बिठाया।
पता नहीं दोस्ती, प्यार और ज़िन्दगी का ये कैसा चौराहा था, जिस पर हम चारो के आंसू बह रहे थे।
अपेक्षा मेरे पैरो के पास बैठ गयी। मैंने बहुत प्यार से उसके सर को सहलाया। उसे पूरे दिल से आशीर्वाद दिया।
अपेक्षा ने धीरे से कहा, “आपने हम सभी को बहुत कुछ दिया है। आज मैं आपको कुछ देना चाहती हूँ, क्या मैं आपको अब से हमेशा बड़े पापा जी कह सकती हूँ।”
मेरा गला रुंध गया और आंसू बह निकले। मुझे बिना मांगे बहुत कुछ मिल गया था और अब कुछ नहीं चाहिए था।
मैंने उसे, अमित और निर्मल को एक साथ अपने गले लगा लिया!
http://storiesbyvijay.blogspot.in/2014/01/blog-post.html

विजय कुमार सप्‍पाटी