कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 3 सितंबर 2018

माँ केवल माँ होती है...

माँ केवल माँ होती है...

चूल्हे-चौके में व्यस्त
और पाठशाला से दूर रही माँ
नहीं बता सकती
कि ”नौ-बाई-चार” की कितनी ईंटें लगेंगी
दस फीट ऊँची दीवार में
…लेकिन अच्छी तरह जानती है
कि कब, कितना प्यार ज़रूरी है
एक हँसते-खेलते परिवार में।

त्रिभुज का क्षेत्रफल
और घन का घनत्व निकालना
उसके शब्दों में ‘स्यापा’ है
…क्योंकि उसने मेरी छाती को
ऊनी धागे के फन्दों
और सिलाइयों की
मोटाई से नापा है

वह नहीं समझ सकती
कि ‘ए’ को ‘सी’ बनाने के लिए
क्या जोड़ना या घटाना होता है
…लेकिन अच्छी तरह समझती है
कि भाजी वाले से
आलू के दाम कम करवाने के लिए
कौन सा फॉर्मूला अपनाना होता है।

मुद्दतों से खाना बनाती आई माँ ने
कभी पदार्थों का तापमान नहीं मापा
तरकारी के लिए सब्ज़ियाँ नहीं तौलीं
और नाप-तौल कर ईंधन नहीं झोंका
चूल्हे या सिगड़ी में
…उसने तो केवल ख़ुश्बू सूंघकर बता दिया है
कि कितनी क़सर बाकी है
बाजरे की खिचड़ी में।

घर की कुल आमदनी के हिसाब से
उसने हर महीने राशन की लिस्ट बनाई है
ख़र्च और बचत के अनुपात निकाले हैं
रसोईघर के डिब्बों
घर की आमदनी
और पन्सारी की रेट-लिस्ट में
हमेशा सामन्जस्य बैठाया है
…लेकिन अर्थशास्त्र का एक भी सिद्धान्त
कभी उसकी समझ में नहीं आया है।

वह नहीं जानती
सुर-ताल का संगम
कर्कश, मृदु और पंचम
सरगम के सात स्वर
स्थाई और अन्तरे का अन्तर
….स्वर साधना के लिए
वह संगीत का कोई शास्त्री भी नहीं बुलाती थी
…लेकिन फिर भी मुझे
उसकी लल्ला-लल्ला लोरी सुनकर
बड़ी मीठी नींद आती थी।

नहीं मालूम उसे
कि भारत पर कब, किसने आक्रमण किया
और कैसे ज़ुल्म ढाए थे
आर्य, मुग़ल और मंगोल कौन थे,
कहाँ से आए थे?
उसने नहीं जाना
कि कौन-सी जाति
भारत में अपने साथ क्या लाई थी
लेकिन हमेशा याद रखती है
कि नागपुर वाली बुआ
हमारे यहाँ कितना ख़र्चा करके आई थी।

वह कभी नहीं समझ पाई
कि चुनाव में किस पार्टी के निशान पर
मुहर लगानी है
लेकिन इसका निर्णय हमेशा वही करती है
कि जोधपुर वाली दीदी के यहाँ
दीपावली पर कौन-सी साड़ी जानी है।

मेरी अनपढ़ माँ
वास्तव में अनपढ़ नहीं है
वह बातचीत के दौरान
पिताजी का चेहरा पढ़ लेती है
काल-पात्र-स्थान के अनुरूप
बात की दिशा मोड़ सकती है
झगड़े की सम्भावनाओं को भाँप कर
कोई भी बात
ख़ूबसूरत मोड़ पर लाकर छोड़ सकती है

दर्द होने पर
हल्दी के साथ दूध पिला
पूरे देह का पीड़ा को मार देती है
और नज़र लगने पर
सरसों के तेल में रूई की बाती भिगो
नज़र भी उतार देती है

अगरबत्ती की ख़ुश्बू से
सुबह-शाम सारा घर महकाती है
बिना काम किए भी
परिवार तो रात को
थक कर सो जाता है
लेकिन वो सारा दिन काम करके भी
परिवार की चिन्ता में
रात भर सो नहीं पाती है।

सच!
कोई भी माँ
अनपढ़ नहीं होती
सयानी होती है
क्योंकि ढेर सारी डिग्रियाँ बटोरने के बावजूद
बेटियों को उसी से सीखना पड़ता है
कि गृहस्थी
कैसे चलानी होती है।

शनिवार, 12 मई 2018

घड़ी थकती है, पर माँ नहीं

बर्तनों की आवाज़ देर रात तक आ रही थी,
रसोई का नल चल रहा है,
माँ रसोई में है....

तीनों बहुऐं अपने-अपने कमरे में सोने जा चुकी,
माँ रसोई में है...

माँ का काम बकाया रह गया था,पर काम तो सबका था;
पर माँ तो अब भी सबका काम अपना ही मानती है..

दूध गर्म करके,
ठण्ड़ा करके,
जावण देना है,
ताकि सुबह बेटों को ताजा दही मिल सके;

सिंक में रखे बर्तन माँ को कचोटते हैं,
चाहे तारीख बदल जाये,सिंक साफ होना चाहिये....

बर्तनों की आवाज़ से
बहू-बेटों की नींद खराब हो रही है;
बड़ी बहू ने बड़े बेटे से कहा;
"तुम्हारी माँ को नींद नहीं आती क्या? ना खुद सोती है और ना ही हमें सोने देती है"

मंझली ने मंझले बेटे से कहा; "अब देखना सुबह चार बजे फिर खटर-पटर चालू हो जायेगी, तुम्हारी माँ को चैन नहीं है क्या?"

छोटी ने छोटे बेटे से कहा; "प्लीज़ जाकर ये ढ़ोंग बन्द करवाओ कि रात को सिंक खाली रहना चाहिये"

माँ अब तक बर्तन माँज चुकी थी

झुकी कमर,
कठोर हथेलियां,
लटकी सी त्वचा,
जोड़ों में तकलीफ,
आँख में पका मोतियाबिन्द,
माथे पर टपकता पसीना,
पैरों में उम्र की लड़खडाहट
मगर,
दूध का गर्म पतीला
वो आज भी अपने पल्लू से उठा लेती है,
और...
उसकी अंगुलियां जलती नहीं है,
क्योंकि वो माँ है ।

दूध ठण्ड़ा हो चुका,
जावण भी लग चुका,
घड़ी की सूइयां थक गई,
मगर...
माँ ने फ्रिज में से भिण्ड़ी निकाल ली और काटने लगी;
उसको नींद नहीं आती है, क्योंकि वो माँ है!

कभी-कभी सोचता हूं कि माँ जैसे विषय पर लिखना,बोलना,बताना,जताना क़ानूनन बन्द होना चाहिये;
क्योंकि यह विषय निर्विवाद है,
क्योंकि यह रिश्ता स्वयं कसौटी है!

रात के बारह बजे सुबह की भिण्ड़ी कट गई,
अचानक याद आया कि गोली तो ली ही नहीं;
बिस्तर पर तकिये के नीचे रखी थैली निकाली,
मूनलाईट की रोशनी में
गोली के रंग के हिसाब से मुंह में रखी और गटक कर पानी पी लिया...

बगल में एक नींद ले चुके बाबूजी ने कहा;"आ गई"
"हाँ,आज तो कोई काम ही नहीं था"
-माँ ने जवाब दिया,

और

लेट गई,कल की चिन्ता में
पता नहीं नींद आती होगी या नहीं पर सुबह वो थकान रहित होती हैं,
क्योंकि वो माँ है!

सुबह का अलार्म बाद में बजता है,
माँ की नींद पहले खुलती है;
याद नहीं कि कभी भरी सर्दियों में भी,
माँ गर्म पानी से नहायी हो
उन्हे सर्दी नहीं लगती,
क्योंकि वो माँ है!

अखबार पढ़ती नहीं,मगर उठा कर लाती है;
चाय पीती नहीं,मगर बना कर लाती है;
जल्दी खाना खाती नहीं,मगर बना देती है,
क्योंकि वो माँ है!

माँ पर बात जीवनभर खत्म ना होगी,

गुरुवार, 3 मई 2018

मेरा यार शरद बिल्लौरे

दिवंगत कवि शरद बिल्लौरे का आज स्मृति दिवस है । रीजनल कॉलेज ऑफ एजुकेशन से बी ए ऑनर्स करने के बाद अरुणाचल प्रदेश में उनकी नौकरी लगी जहाँ से लौटते हुए रेल में उन्हें लू लगी और 3 मई 1980 को कटनी स्टेशन पर उनकी मृत्यु हो गई । असीम सम्भावनाओं से भरे कवि शरद बिल्लौरे आज होते तो देश के प्रमुख कवियों में उनका नाम होता । शरद मेरे मित्र थे, मैं उन्हें हमेशा याद करता रहूँगा और जब तक मैं जीवित हूँ उनकी कविताएँ इस पीढ़ी के लिए प्रस्तुत करता रहूँगा ।


प्रस्तुत कविता में महाभारत की कथा में उल्लिखित राजा शिवि का प्रतीक है । अपने त्याग के लिए प्रसिद्ध राजा शिवि की परीक्षा लेने हेतु इंद्र ने बाज का और अग्नि ने कबूतर का रूप धारण किया। बाज से कबूतर की प्राणरक्षा हेतु राजा शिवि ने उसे कबूतर की तौल के बराबर अपनी देह का मांस देने का वचन दिया लेकिन जब एक एक अंग काटकर रख देने के बाद भी इंद्र के छल की वजह से कबूतर  वाला पलड़ा नहीं झुका तो अंततः राजा शिवि समूचे खुद ही पलड़े पर बैठ गए । इंद्र और अग्नि प्रसन्न हुए और अपने मूल रूप में आकर उन्हें प्राणदान दिया ।


शरद बिल्लौरे ने इस कविता में राजा शिवि के रूप में भारत के आम आदमी को प्रस्तुत किया है ,जो अपना सब कुछ सत्ता को दे चुका है फिर भी सत्ता उससे छल कर रही है और उसका अस्तित्व ही समाप्त कर देना चाहती है । चालीस साल पहले लिखी यह कविता पढिये और सोचिये क्या स्थितियाँ पहले से अधिक बदतर नहीं हुई हैं ?


■ तय तो यही हुआ था ■
सबसे पहले बायाँ हाथ कटा
फिर दोनों पैर लहूलुहान होते हुए
टुकड़ों में कटते चले गये
खून दर्द के धक्के खा खा कर
नसों से बाहर निकल आया था


तय तो यही हुआ था कि मैं
कबूतर की तौल के बराबर
अपने शरीर का माँस काटकर
बाज को सौंप दूँ और वह कबूतर को छोड़ दे


सचमुच बड़ा असहनीय दर्द था
शरीर का एक बड़ा हिस्सा तराजू पर था
और कबूतर वाला पलड़ा फिर नीचे था
हार कर मैं
समूचा ही तराजू पर चढ़ गया


आसमान से फूल नहीं बरसे
कबूतर ने कोई दूसरा रूप नहीं लिया
और मैंने देखा
बाज की दाढ़ में
आदमी का ख़ून लग चुका है  ।


ये पहाड़ वसीयत हैं

ये पहाड़ वसीयत हैं
हम आदिवासियों के नाम
हज़ार बार
हमारे पुरखों ने लिखी है
हमारी सम्पन्नता की आदिम गंध हैं ये पहाड़।
आकाश और धरती के बीच हुए समझौते पर
हरी स्याही से किए हुए हस्ताक्षर हैं
बुरे दिनों में धरती के काम आ सकें
बूढ़े समय की ऎसी दौलत हैं ये पहाड़।
ये पहाड़ उस शाश्वत गीत की लाइनें हैं
जिसे रात काटने के लिए नदियाँ लगातार गाती हैं।
हरे ऊन का स्वेटर
जिसे पहन कर हमारे बच्चे
कड़कती ठण्ड में भी
आख़िरकार बड़े होते ही हैं।
एक ऎसा बूढ़ा जिसके पास अनगिनत किस्से हैं।
संसार के काले खेत में
धान का एक पौधा।
एक चिड़िया
अपने प्रसव काल में।
एक पूरे मौसम की बरसात हैं ये पहाड़।
एक देवदूत
जो धरती के गर्भ से निकला है।
दुनिया भर के पत्थर-हृदय लोगों के लिए
हज़ार भाषाओं में लिखी प्यार की इबारत है।
पहाड़ हमारा पिता है
अपने बच्चों को बेहद प्यार करता हुआ।


तुम्हें पता है
बादल इसकी गोद में अपना रोना रोते हैं।
परियाँ आती हैं स्वर्ग से त्रस्त
और यहाँ आकर उन्हें राहत मिलती है।


हम घुमावदार सड़कों से
उनका शृंगार करेंगे
और उनके गर्भ से
किंवदन्तियों की तरह खनिज फूट निकलेगा।


कविता : शरद बिल्लौरे
प्रस्तुति : शरद कोकास

बुधवार, 11 अप्रैल 2018

तब आप मरने लगते हैं...

नोबेल पुरस्कार विजेता ब्राजीली कवयित्री  मार्था मेरिडोस की कविता "You Start Dying Slowly" का हिन्दी अनुवाद..

1) आप धीरे-धीरे मरने लगते हैं, अगर आप:
- करते नहीं कोई यात्रा,
- पढ़ते नहीं कोई किताब,
- सुनते नहीं जीवन की ध्वनियाँ,
- करते नहीं किसी की तारीफ़।

2) आप धीरे-धीरे मरने लगते हैं, जब आप:
- मार डालते हैं अपना स्वाभिमान,
- नहीं करने देते मदद अपनी और न ही करते हैं मदद दूसरों की।

3) आप धीरे-धीरे मरने लगते हैं, अगर आप:
- बन जाते हैं गुलाम अपनी आदतों के,
- चलते हैं रोज़ उन्हीं रोज़ वाले रास्तों पे,
- नहीं बदलते हैं अपना दैनिक नियम व्यवहार,
- नहीं पहनते हैं अलग-अलग रंग, या
- आप नहीं बात करते उनसे जो हैं अजनबी अनजान।

4) आप धीरे-धीरे मरने लगते हैं, अगर आप:
- नहीं महसूस करना चाहते आवेगों को, और उनसे जुड़ी अशांत भावनाओं को, वे जिनसे नम होती हों आपकी आँखें, और करती हों तेज़ आपकी धड़कनों को।

5) आप धीरे-धीरे मरने लगते हैं, अगर आप:
- नहीं बदल सकते हों अपनी ज़िन्दगी को, जब हों आप असंतुष्ट अपने काम और परिणाम से,
- अग़र आप अनिश्चित के लिए नहीं छोड़ सकते हों निश्चित को,
- अगर आप नहीं करते हों पीछा किसी स्वप्न का,
- अगर आप नहीं देते हों इजाज़त खुद को, अपने जीवन में कम से कम एक बार, किसी समझदार सलाह से दूर भाग जाने की..।
तब आप धीरे-धीरे मरने  लगते हैं..!!

*इसी कविता के लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार प्राप्त हुआ।

शुक्रवार, 10 जुलाई 2015

मुनव्वर राणा की दो नज्में

विभाजन के समय जो लोग हिंदोस्तान से पाकिस्तान चले गए, उनको वहाँ 'मुहाजिर'(शरणार्थी) कहा गया।
मुहाजिरों पर लखनऊ के सुविख्यात शायर मुनव्वर राना साहब ने लगभग साढ़े चार सौ अशआर पर आधारित एक लंबी ग़ज़ल 'मुहाजिरनामा' कही।
हालाँकि ये ग़ज़ल ख़ासतौर पर भारत-पाकिस्तान के बँटवारे से जुड़े मुहाजिरों के लिए लिखी गयी है, लेकिन दुनिया के दूसरे मुहाजिरों के लिए भी ये उतनी ही प्रासंगिक है।
इस ग़ज़ल के कुछ चुनिंदा अशआर देखें और अपनी बहुमूल्य टिप्पणियाँ दें।
०००

मुहाजिर हैं, मगर हम एक दुनिया छोड़ आए हैं
तुम्हारे पास जितना है, हम उतना छोड़ आए हैं
(मुहाजिर - शरणार्थी)

कहानी का ये हिस्सा आज तक सब से छुपाया है
कि हम मिट्टी की ख़ातिर अपना सोना छोड़ आए हैं

कई दर्जन कबूतर तो हमारे पास ऐसे थे
जिन्हें पहना के हम चांदी का छल्ला छोड़ आए हैं

वो टीपू जिसकी क़ुर्बानी ने हमको सुर्ख़-रू रक्खा
उसी टीपू के बच्चों को अकेला छोड़ आए हैं
(टीपू - टीपू सुल्तान; सुर्ख़-रू - कामयाब/अच्छी हालत में)

नई दुनिया बसा लेने की इक कमज़ोर चाहत में
पुराने घर की दहलीज़ों को सूना छोड़ आए हैं

अभी तक हमको मजनूँ कहके कुछ साथी बुलाते हैं
अभी तक याद है हमको कि लैला छोड़ आए हैं

'मियाँ' कह कर हमारा गाँव हमसे बात करता था
ज़रा सोचो तो हम भी कैसा ओहदा छोड़ आए हैं

वो इंजन के धुएँ से पेड़ का उतरा हुआ चेहरा
वो डिब्बे से लिपट कर सबको रोता छोड़ आए हैं

हमारा पालतू कुत्ता हमें पहुँचाने आया था
वो बैठा रो रहा था, उसको रोता छोड़ आए हैं

बिछड़ते वक़्त था दुश्वार उसका सामना करना
सो उसके नाम हम अपना संदेशा छोड़ आए हैं

बुरे लगते हैं शायद इसलिए ये सुरमई बादल
किसी की ज़ुल्फ़ को शानों पे बिखरा छोड़ आए हैं
(शाना - कन्धा)

कई होठों पे ख़ामोशी की पपड़ी जम गयी होगी
कई आँखों में हम अश्कों का पर्दा छोड़ आए हैं

बसी थी जिसमें ख़ुश्बू मेरी अम्मी की जवानी की
वो चादर छोड़ आए हैं, वो तकिया छोड़ आए हैं

किसी की आरज़ू के पाँवों में ज़ंजीर डाली थी
किसी की ऊन की तीली में फंदा छोड़ आए हैं

पकाकर रोटियाँ रखती थी माँ जिसमें सलीक़े से
निकलते वक़्त वो रोटी की डलिया छोड़ आए हैं

जो इक पतली सड़क उन्नाव से मोहान जाती है
वहीं हसरत के ख़्वाबों को भटकता छोड़ आए हैं
(उन्नाव - यूपी का एक ज़िला, मोहान - एक क़स्बा)
(नोट: यहाँ 'हसरत' शब्द महान उर्दू शायर, पत्रकार और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी 'हसरत मोहानी' के लिए इस्तेमाल किया गया है।)

यक़ीं आता नहीं, लगता है कच्ची नींद में शायद
हम अपना घर-गली, अपना मोहल्ला छोड़ आए हैं

हमारे लौट आने की दुआएँ करता रहता है
हम अपनी छत पे जो चिड़ियों का जत्था छोड़ आए हैं

गले मिलती हुई नदियाँ, गले मिलते हुए मज़हब
इलाहाबाद में कैसा नज़ारा छोड़ आए हैं

वज़ू करने को जब भी बैठते हैं, याद आता है
कि हम जल्दी में जमना का किनारा छोड़ आए हैं
(वज़ू - नमाज़ पढ़ने से पहले मुँह-हाथ-पैर धोने की एक निश्चित और अनिवार्य प्रक्रिया; जमना - यमुना)

हम अपने साथ तस्वीरें तो ले आए हैं शादी की
किसी शायर ने लिक्खा था जो सेहरा, छोड़ आए हैं
(सेहरा - शादी के मौक़े पर दूल्हा और उसके घरवालों के बारे में नज़्म या ग़ज़ल के रूप में लिखा गया कलाम)

कई आँखें अभी तक ये शिकायत करती रहती हैं
कि हम बहते हुए काजल का दरिया छोड़ आए हैं

शकर इस जिस्म से खिलवाड़ करना कैसे छोड़ेगी
कि हम जामुन के पेड़ों को अकेला छोड़ आए हैं

वो बरगद जिसके पेड़ों से महक आती थी फूलों की
उसी बरगद में एक हरियल का जोड़ा छोड़ आए हैं

अभी तक बारिशों में भीगते ही याद आता है
कि हम छप्पर के नीचे अपना छाता छोड़ आए हैं

भतीजी अब सलीक़े से दुपट्टा ओढ़ती होगी
वही झूले में हम जिसको हुमड़ता छोड़ आए हैं

ये हिजरत तो नहीं थी बुज़दिली शायद हमारी थी
कि हम बिस्तर में एक हड्डी का ढाँचा छोड़ आए हैं
(हिजरत - एक जगह से दूसरी जगह रहने के लिए जाना)

हमारी अहलिया तो आ गयी, माँ छुट गई आख़िर
कि हम पीतल उठा लाये हैं, सोना छोड़ आए हैं
(अहलिया - पत्नी)

महीनों तक तो अम्मी ख़्वाब में भी बुदबुदाती थीं
सुखाने के लिए छत पर पुदीना छोड़ आए हैं

वज़ारत भी हमारे वास्ते कम-मर्तबा होगी
हम अपनी माँ के हाथों में निवाला छोड़ आए हैं
(वज़ारत - मंत्रालय का पद; कम-मर्तबा - छोटे दर्जे की)

यहाँ आते हुए हर क़ीमती सामान ले आए
मगर इक़बाल का लिक्खा तराना छोड़ आए हैं

कल एक अमरुद वाले से ये कहना पड़ गया हमको
जहाँ से आये हैं हम इसकी बग़िया छोड़ आए हैं

वो हैरत से हमें तकता रहा कुछ देर, फिर बोला
वो संगम का इलाक़ा छुट गया या छोड़ आए हैं?
(नोट: संगम यानी इलाहाबाद के मीठे अमरूद बहुत मशहूर हैं।)

अभी हम सोच में गुम थे कि उससे क्या कहा जाए
हमारे आँसुओं ने राज़ खोला, 'छोड़ आए हैं'

गुज़रते वक़्त बाज़ारों में अब भी याद आता है
किसी को उसके कमरे में सँवरता छोड़ आए हैं

हमारा रास्ता तकते हुए पथरा गयी होंगी
वो आँखे जिनको हम खिड़की पे रक्खा छोड़ आए हैं

तू हमसे चाँद इतनी बेरुख़ी से बात करता है
हम अपनी झील में एक चाँद उतरा छोड़ आए हैं

ये दो कमरों का घर और ये सुलगती ज़िंदगी अपनी
वहाँ इतना बड़ा नौकर का कमरा छोड़ आए हैं

हमें मरने से पहले सबको ये ताकीद करनी है
किसी को मत बता देना कि क्या-क्या छोड़ आए हैं
(ताकीद - नसीहत)

ग़ज़ल ये ना-मुक़म्मल ही रहेगी उम्र भर 'राना'
कि हम सरहद से पीछे इसका मक़्ता छोड़ आये हैं
(ना-मुकम्मल - अधूरी; मक़्ता - ग़ज़ल का आख़िरी शेर जिसमें शायर का तख़ल्लुस यानी उपनाम भी आता है)

9999999999999999999999999999999999999999
"आज उस बूढी अलमारी के अन्दर ... पुराना इतवार मिला है ... "

जाने क्या ढूँढने खोला था उन बंद दरवाजों को ...

अरसा बीत गया सुने उन धुंधली आवाजों को ...

यादों के सूखे बागों में जैसे
एक गुलाब खिला है ...

आज उस बूढी अलमारी के अन्दर ...
पुराना इतवार मिला है ...

कांच की एक डिब्बे में कैद ...
खरोचों वाले कुछ कंचे ...

कुछ आज़ाद इमली के दाने ...
इधर उधर बिखरे हुए ...

मटके का इक चौकोर लाल टुकड़ा ...
पड़ा बेकार मिला है ...

आज उस बूढी अलमारी के अन्दर ...
पुराना इतवार मिला है ...

एक भूरी रंग की पुरानी कॉपी...
नीली लकीरों वाली ...

कुछ बहे हुए नीले अक्षर...
उन पुराने भूरे पन्नों में ...

स्टील के जंक लगे शार्पनर में पेंसिल का एक छोटा टुकड़ा ...
गिरफ्तार मिला है ...

आज उस बूढी अलमारी के अन्दर ...
पुराना इतवार मिला है ...

बदन पर मिटटी लपेटे एक गेंद पड़ी है ...

लकड़ी का एक बल्ला भी है जो नीचे से छीला छीला है ...

बचपन फिर से आकर साकार मिला है ...

आज उस बूढी अलमारी के अन्दर ...
पुराना इतवार मिला है ...

एक के ऊपर एक पड़े ...
माचिस के कुछ खाली डिब्बे ...

बुना हुआ एक फटा सफ़ेद स्वेटर ...
जो अब नीला नीला है ...

पीला पड़ चूका झुर्रियों वाला एक अखबार मिला है ...

आज उस बूढी अलमारी के अन्दर ...
पुराना इतवार मिला है ...

गत्ते का एक चश्मा है ...
पीला प्लास्टिक वाला ...

चंद खाली लिफ़ाफ़े बड़ी बड़ी डाक टिकिटों वाले ...

उन खाली पड़े लिफाफों में भी छुपा एक इंतज़ार मिला है ...

आज उस बूढी अलमारी के अन्दर ...
पुराना इतवार मिला है ...

पापा ने चार दिन रोने के बाद जो दी थी वो रुकी हुई घडी ...

दादा जी के डायरी से चुराई गयी वो सुखी स्याही वाला कलम मिला है ...

आज उस बूढी अलमारी के अन्दर ...
पुराना इतवार मिला है ...

कई बरस बीत गए ...

आज यूँ महसूस हुआ रिश्तों को निभाने की दौड़ में भूल गये थे जिसे ...

यूँ लगा जैसे वही बिछड़ा ...
पुराना यार मिला है ...

आज उस बूढी अलमारी के अन्दर ...
पुराना इतवार मिला है ...

आज उस बूढी अलमारी के अन्दर .... पुराना इतवार मिला है

गुरुवार, 22 मई 2014

गिरीश पंकज की कविता

सुख से कट्टी रही हमारी
दुःख से लेकिन पक्की यारी

सुख सपने में आ कर ठगते
दुःख आये पर बारी-बारी

हमको तकलीफों ने पाला
हम तो हैं इनके आभारी

झुकना सीख नहीं पाये हम
नहीं आ सकी अपनी पारी

जो सच्चे थे साथ रहे वे
झूठे सब हो गए सरकारी

कविता अपने लिए साधना
उनको लगती है तरकारी

हम भी यहाँ सफल हो जाते
बस आती थोड़ी मक्कारी

बेचारा वो पिछड़ गया है
क्यों पाला तेवर खुद्दारी

तिल-तिल ही जोड़ा है पंकज
यहां नहीं है माल उधारी

गिरीश पंकज, रायपुर

शनिवार, 21 दिसंबर 2013

परिवर्तन के रणनीतिकार

परिवर्तन के रणनीतिकार
……………………………

एक अकेले नहीं केजरीवाल,
देश में फैले कई हजार,
हर गाँव - शहर गढ़ रहे,
अरबिंद के नये नये अवतार।

पुराने सभी दल झेल रहे,
व्यवस्था परिवर्तन की मार,
राहुल, मोदी पर भी भारी,
अरबिंद केजरीवाल की धार।

जाति-संप्रदाय-भाषा-क्षेत्र के,
सारे मुद्दे हैं दरकिनार,
देश में चलेगी तो सिर्फ,
एक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार।

इस आन्दोलन में कूद पड़े,
लेखक, कवि और चित्रकार,
जनता की आवाज़ बन गये,
निडर-निर्भीक छायाकार-पत्रकार।

"आप" की ताकत के पीछे,
हैं चेहरे कई परदे के पार,
देश के कोने-कोने में रहते,
इस परिवर्तन के रणनीतिकार।

ॐ . ੴ . اللّٰه . † …….
Om.Onkar. Allâh.God…..
जय हिंद ! जय जगत् (Universe)!
- ग़ुलाम कुन्दनम्
9931018391.

इस कविता को लिखने की प्रेरणा मुझे "प्रभात खबर" अखबार में छप रहे एक
कालम "परिवर्तन के रणनीतिकार" तथा कुछ अन्य लेखकों के "अभिमत" को पढ़कर
मिली, जिनमें से कुछ लिंक आप सभी देशप्रेमी भाई-बहनों से साझा कर रहा हूँ
। चित्र और लिंक संबंधित वेबसाइटों से साभार।

"आप" के रणनीतिकार देश में ही नहीं, अप्रवासी भारतीय के रूप में विदेशों
में भी फैले हैं । सभी का योगदान एक से बढ़कर एक है और नमन करने योग्य है।

राहुल-मोदी पर भारी केजरीवाल की धार

शुक्रवार, 10 मई 2013

उमा अर्पिता की दस कविताएँ


1
सीमा
मेरे जीवन के
प्रत्येक कोण का
केन्द्र बिन्दु
तुम्हारे अस्तित्व का हिस्सा
बन गया है
कितना सिमट गया है
मेरी सोच का दायरा !

2
रीतते हुए

मेरे दोनों हाथों की
मुट्ठियाँ बन्द थीं
एक में थे अनगिनत
रंगीन सपने
और दूसरे में
आशा और विश्वास के संगम का
निर्मल पानी
जिन्हें सहजे-सहेजे
पग-पग धरती
धीमे-धीमे चलती रही थी मैं…

लेकिन अचानक उठा था
न जाने कैसा तूफ़ान कि अनायास ही
खुल गई थीं मेरी मुट्ठियाँ
और बिखर गया था
एक-एक सपना
रीत गया था उँगलियों के पोरों से
आशा और विश्वास का पानी भी…

अब मेरी हथेलियों में चुभती है
उदासी, निराशा और अविश्वास की रेत
तुम्हीं कहो दोस्त –
कब तक सहनी होगी मुझे यह चुभन…?

3
सुखद सपना


बिल्लौरी काँच की
खनखनाहट-सी
तुम्हारी हँसी, जब
मेरी पलकों पर
अँगड़ाई लेने लगती है, तब
अपनेपन की मादक गंध
हमारे बीच
आकर ठहर जाती है !

इस गंध को
अपनी-अपनी साँसों में
सहेजते हुए हम
करने लगते हैं
सुखद भविष्य की कल्पना
और हमारी आँखों में
खिल उठती है
गुलाब की छोटी-सी बगिया !

4
आस्था

तुम्हें छूकर
लौटी हर नज़र
मेरी ज़िन्दगी की राह में
मील का पत्थर हो गई।

5
बदलते मौसम के साथ

वो उम्र थी
कच्ची धूप-सी
गुनगुनी, सौंधी –
जब हमन
इच्छाओं के रोएँदार
नरम ऊन को
बुनना शुरू किया था
बुना था…

और आज यथार्थ ने
हमें मज़बूर कर दिया है
अपने बुने को, अपने ही हाथों
एक-एक फंदा कर उधेड़ने को…!

दोस्त –
उम्र की धूप, जब
अकेलेपन की खोह में
उतरने लगती है
तब क्या
ऐसा ही होता है…?

6
बेमानी जीवन

न धूप खिलती है
न बदरी छाती है
जब से तुम गए हो
यहाँ कुछ भी तो नहीं होता-
जहाँ कुछ भी न घटता हो
वहाँ जीवन का
घटते चले जाना
कितना बेमानी होता है…!

7
वर्जित बोल

तुम्हारी अबोली आँखों ने भी
सीख लिया है –
अनवरत बोलना/बतियाना
तब ऐसे में
कुछ भी कहना व्यर्थ है…!
बेहतर होगा –
बिछा दी जाएँ चुप्पी की सुरंगें
क्या जानते नहीं तुम दोस्त
कि प्रेम की दुनिया में
बोल वर्जित होते हैं…!

8
मान-अभिमान

स्वाति बूँद-सी मैं
तुम्हारी सीपी-सी आँखों में
खुद को
मोती होते देख
अभिमान से भर उठती हूँ
पर जब
तुम स्वयं ही
इस शुभ्र मोती को
आँसू-सा ढुलका देते हो
तब ऐसे में
मेरे मान करने का प्रश्न ही
कहाँ शेष रह जाता है!

9
उम्र का दौर


इक उम्र
वो भी आएगी, जब
चढ़ी धूप
मुंडेर से उतर
आँगन के किसी कोने में
सिमटती/खिसकती चली जाएगी
बदलने लगेंगे शब्दों के
चीज़ों के अर्थ
बदलती जाएगी हर परिभाषा
और होने लगेगा यकीं, कि
आसमाँ छू लेना
सचमुच असंभव है…!

10
उदास रात

रात उदास है
बेहद उदास

ज़िन्दगी क्या है
महज
कब्र की-सी खामोशी…

तुम्हीं कहो दोस्त
आज की रात
दर्द को
कविता में ढालूँ
या फिर
कविता को
दर्द बन जाने दूँ…?


उमा अर्पिता
जन्म : 14 जून 1956
शिक्षा : एम ए (राजनीति शास्त्र एवं हिन्दी)
लेखन : गत 35 वर्षों से देश की विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ, कहानियाँ, लघुकथाएँ, व्यंग्य व लेख आदि प्रकाशित। आकाशवाणी, नई दिल्ली के कविताओं व वार्ताओं का प्रसारण्।
प्रकाशित कृतियाँ : दो कविता संग्रह ‘धूप के गुनगुने अहसास’ (1986) और ‘कुछ सच, कुछ सपने’(2011) इसके अतिरिक्त ‘चतुरंगिनी’ काव्य संग्रह में चार कवयित्रियों में से एक। हिंदी की चर्चित कवयित्रियाँ- काव्य संग्रह में कविताएँ संकलित। कई लघुकथा संग्रहों में लघुकथाएँ संकलित।
मूल लेखन के अतिरिक्त लगभग 25 पुस्तकों का अंग्रेज़ी, उर्दू और पंजाबी से हिंदी में अनुवाद।

संप्रति : नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया, नई दिल्ली में हिंदी संपादक व हिंदी अधिकारी के पद पर कार्यरत।
संपर्क : 113-ए, पॉकेट-6, एम आई जी डी डी ए फ़्लैट्स, मयूर विहार, फ़ेज-3, दिल्ली-110096
ई मेल :
uma_62@hotmail.com

रविवार, 23 दिसंबर 2012

पंछी ताल नहाने आया

बहुत दिनों से
गायब कोई पंछी
ताल नहाने आया |
चोंच लड़ाकर
गीत सुनाकर
फिर -फिर हमें रिझाने आया |

बरसों से
सूखी टहनी पर
फूल खिले ,लौटी हरियाली ,
ये उदास
सुबहें फिर खनकीं
लगी पहनने झुमके ,बाली ,
शायद मुझसे
ही मिलना था
लेकिन किसी बहाने आया |

धूल फांकती
खुली खिड़कियाँ
नये -नये कैलेण्डर आये ,
देवदास के
पागल मन को
केवल पारो की छवि भाये ,
होठों में
उँगलियाँ फंसाकर
सीटी मौन बजाने आया |

सर्द हुए
रिश्तों में खुशबू  लौटी
फिर गरमाहट आई ,
अलबम खुले
और चित्रों को
दबे पांव की आहट भाई ,
कोई पथराई
आँखों को
फिर से ख़्वाब दिखाने आया |

दुःख तो
बस तेरे हिस्से का
सबको साथी गीत सुनाना ,
कोरे पन्नों
पर लिख देना
प्यार -मोहब्बत का अफ़साना ,
मैं तो रूठ गया था
ख़ुद से
मुझको कौन मनाने आया |


जयकृष्‍णा राय तुषार