चिंतन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
चिंतन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 18 मई 2022

दादी और पोती

"अम्मा मैं सुषमा और डॉली के साथ मॉल जा रहा हूं, तुम घर का ख्याल रखना" ठीक है बेटा.  तुम जाओ वैसे भी मेरे पैर में दर्द हो रहा है मैं मॉल में नही जाना चाहती तुम लोग जाओ" दादी आपको भी मॉल चलना पड़ेगा" 10 साल की पोती डॉली बोली ...

" तुम्हारी दादी मॉल में सीढियां नही चढ़ सकती, उन्हें escalator चढ़ना भी नही आता.  और वहां कोई मंदिर नही है इसलिए दादी का मॉल जाने में कोई interest नही है वो सिर्फ मंदिर जाने में interested रहती हैं"।  बहू सुषमा अपनी बेटी डॉली से बोली।

इस बात से दादी सहमत हो गई पर उनकी पोती डॉली जिद पर अड़ गई की वो भी मॉल नही जाएगी अगर दादी नही चली, यद्यपि दादी कह चुकी थीं कि वो मॉल जाने में interested नही है।

अंत मे 10 साल की पोती के सामने दादी की नही चली और वो भी साथ जाने को तैयार हो गई, जिस पर पोती डॉली बहुत खुश हो गई।

पिता ने सबको तैयार हों जाने को कहा। इससे पहले की मम्मी पापा तैयार होते सबसे बुजुर्ग दादी और सबसे छोटी लड़की तैयार हो गए।

पोती दादी को बालकनी में ले गई और  पोती ने एक फिट की दूरी से दो लकीर चाक से बना दी 

पोती ने दादी से कहा कि ये एक गेम है और आपको एक पक्षी की acting करनी है

 आपको एक पैर इन दो लाइन्स के बीच मे रखना है और दूसरा पैर 3 ऊंच ऊपर उठाना है

ये क्या है बेटी?, दादी ने पूछा, ये bird game है मैं आपको सिखाती हूँ।

जब तक पापा कार लाये तब तक दादी पोती ने काफी देर ये गेम खेला।

वो मॉल पहुंचे और जैसे ही वो escalator के पास पहुंचे, मम्मी पापा परेशान हो गए कि दादी कैसे escalator में चलेंगी। 

पर मम्मी पापा आश्चर्यचकित रह गए जब उन्होंने देखा कि दादी आराम से escalator में सीढ़ियां चढ़ रही थी और बल्कि पोती दादी escalator में बार बार ऊपर नीचे जाकर खूब मज़े ले रहे थे (दरअसल पोती ने दादी से कह दिया था कि यहां पर दादी को वोही Bird Game खेलना है दादी ने अपना दायां पैर उठाना है और एक चलती हुई सीढी पर रखना है और फिर बायां पैर 3 इंच उठाकर चलती हुई अगली सीढ़ी पर रखना है)

इस तरह दादी आसानी से escalator पर चढ़ पा रही थी और दादी पोती खूब बार escalator में ऊपर नीचे जाकर मज़े भी ले रही थीं 

उसके बाद वो पिक्चर हॉल गए जहां अंदर ठंडा था तो पोती ने चेहरे पर एक शरारतपूर्ण मुस्कान के साथ अपने बैग से एक शाल निकालकर दादी को उढ़ा दिया की वो पहले से तैयारी के साथ आई थी

Movie के बाद सब रेस्टारेंट में खाना खाने गए. बेटे ने अपनी माँ (डॉली की दादी) से पूछा कि आपके लिए कौन सी डिश order करनी है 

पर डॉली ने पापा के हाथ से menu झपटकर जबरन अपनी दादी के हाथ मे  दे दिया कि आपको पढ़ना आता है आप ही पढ़ कर deside कीजिये कि क्या खाना order करना है दादी ने मुस्कुराते हुए items फाइनल किये की क्या order करना है

खाने के बाद दादी और पोती ने video games खेले जो घर मे वो पहले ही खेलते थे

घर के लिए निकलने के पहले दादी वॉशरूम गई तो उनकी अनुपस्तिथि का फायदा उठा कर पापा ने बेटी से पूछ लिया कि तुम्हे दादी के बारे में इतना कैसे पता है जो बेटा होते हुए मुझे पता नही है?

तपाक से जवाब आया कि पापा जब आप छोटे से थे तो आपको घर मे नही छोड़ते थे और आपको घर से बाहर ले जाने के पहले आपकी मां कितनी तैयारी करती थीं? दूध की बोतलें, diapers, आपके कपड़े, खाने पीने का समान??    

आप क्यों सोचते हैं कि आपकी मां को सिर्फ मंदिर जाने में रुचि है उनकी भी वोही साधारण इच्छाएं होती हैं कि मॉल में जाएं सबके साथ खूब मज़ा करे खाएं पियें, पर बुजुर्गों को लगता है कि वो साथ जाकर आपके मज़े को किरकिरा करेंगे, इसलिए वो खुद पीछे हट जाते हैं और अपने दिल की बात ज़ुबा पर नही ला पाते।

पिता का मुंह खुला का खुला रह गया हालांकि वो खुश थे कि उनकी 10 साल की बिटिया ने उन्हें कितना नया और सुंदर पाठ पढ़ाया

(वाट्स एप से साभार)

रविवार, 19 दिसंबर 2021

चार दिन के जिनगानी

का होगे कउंवा मन आजकल कांव-कांव नइ करत हे, बिलई मन मियाउं-मियाउं नइ करत हे, कुकुर मन भुके बर भुलागे हे, कोलिहा मन हुंआ-हुंआ नइ करत हे, सुआ अउ पड़की-परेवना मन के घला बोलती बंद होगे हे। खबर तो ये घला मिलत हे के जंगल के शेर, भालू मन के दहड़ई घला सटकगे हे। गजराज मन घला चिंघाड़े ले छोड़ देहे, कइसे का होगे हे ते ओकरो मन के कांही आरो नइ मिलत हे? कुंआरी टूरी मन असन छेहेल्ला मारत, फुगड़ी रे फांय-फांय कस कूदत-फुदकत राहय तेनो हिरनी मन अइसे गत ला उतार देहें जइसे दस दिन के लांघन-पियास मरत हे। ये पशु-पक्षी मन ला अइसे का होगे हे ते कोनो चिटपोट नइ करत हे ? गोठियाय बताय ले छोड़ देहें। अउ तो अउ टेड़गी (बिच्छु) घला हा डंक मारे ले छोड़ देहे, अतके नहीं ढोड़िहा, पिटपिटी मन लरघियाय असन परे हे अउ घोड़ा करायत अउ डोमी सांप मन घला कोनो ला नइ डसत हे। अतेक माथा मारत हौं, जाने-समझे के कोशिश करथौं फेर मोर मगज मं थोरको कांही बात नइ बइठत हे। सोचत-सोचत मति हेरागे, पथरा परगे अक्कल ला फेर कांही पल्ला नइ परत हे? कोन अइसे का मंतर मार देहे ये जानवर मन ला, का जादू-टोना कर देहें ओला समझ नइ सकत हौं ? कुकुर मन मेर जाथौं तब मोला आवत देख के अइसे भाग जथे जइसे पुलिस ला देख के चोर मन भागथें। पहिली उही कुकुर मन देखयं तहां ले पूछी हलावत, मुड़ी मटकावत मोर करा आके पांव में लोटय, चांटय, चुमय फेर आज अइसे का होगे ते उलटा गंगा बोहाय ले धर लेहे? पिंजरा मं बइठे सुआ देखय तहां ले सीताराम..सीताराम.. काहय, मोर हाथ मं लाली मिरचा ला झटक के कोंटा मं जातिस तहां ले खा लेवय। बदमाश कउंआ अतेक सिधवा अउ मौनी बाबा बन जाही अइसन कभू सोचे नइ रेहेंव, कई घौं मोर हाथ ले रोटी ला झटक के चोरहा मन असन भाग जतिस अउ छानही मं बइठ के मोला टुहूं देखावत खातिस तेला आज का होगे हे, कांव-कांव नइ करत हे? ओकर बर आरुग रोटी लेके आय हौं लेवना डार के फेर वाह रे चंडाल थोरको कनमटक नइ मारत हे। नइ जानौं अइसे काबर होगे फेर कोनो न कोनो अइसे बात हे जेकर सेती ये सबो झन के बोलती बंद होगे हे। गुनी, ओझा, जोतिसी अउ पंडित मन करा जब जाके देखावत, सुनावत अउ बिचरावत हौं के का अइसे बात होगे जेकर से एमन चिंव-चांव नइ करत हें, मौन साध लेहें बैरागी मन बरोबर। कुछु जबर कारन हे का, अइसन तो कभू देखे-सुने ले नइ मिलत रिहिस हे ? शनि, राहू अउ केतू के कोनो भारी नजर तो नइ लग गेहे? कोनो बिनाश के समय तो नइ अवइया हे एकर मन उपर, दुख के पहाड़ तो नइ गिरइया हे? ओमन पंचांग ला उलट-पुलट के अतेक देखिन फेर कोनो अइसे बात ओकर मन के पकड़ में नइ अइस जइसे बइद मन बीमार मनखे के नाड़ी ला टमड़ते साठ रोग के लछन ला जान जथे अउ बीमारी ला बता देथें। उदास होगे हौं, का करौं कांही समझ नइ परत हे? एक दिन गऊ माता करा जाथौं तब देखथौं ओकर आंखी डाहर ले आंसू झरत रहिथे। गुनेंव पहिली रोटी खवाय ले जात रेहेंव तब ललक के अपन पांव ला सरकावत मोर कोती बढ़य। बछरु कभू ओकर आंखी ले ओझल हो जाय तब रंभावत सुने हौं। ओकर रंभई ला सुनके बछरु दउड़ के आ जाय। आज देखथौं, ओ बछरु नइ हे ओकर तीर मं न ये गाय रंभावत हे। कुछ समझ नइ परत हे। गऊ माता के ढरत आंसू ला देख के मोरो आंखी डबडबा जथे। सोचौं, जरूर ये माता उपर कोनो भारी बिपत आगे हे, संकट खपलागे हे। ओकर पीठ उपर अपन हाथ फेरथौं, आंसू ला पोंछथौं। अपन कान ला ओकर मुंह मेर दताथौं, तब ओहर बतइस, तौंन ला सुनके मोर जीव करलागे। किहिस-बेटा अब ये संसार हमर मन के लइक नइ रहिगे हे, जीना अबिरथा होवत हे। ये उही भारत देश हे जिहां भगवान कृष्ण गऊ चरावय, बंशी बजा-बजा के हमर मन के मनोरंजन करय, आज उही देश मं हमर मन के खुलेआम हत्या होवत हे, गऊ मांस बिकत हे। सब ले जादा गऊ मांस तो इही देश ले निरयात होवत हे तौंन शरम के बात हे। सब गऊ मांस खाय ले धर लेहें। जीयत मारत हे हमन ला। अइसन अधरमी देश मं तो अब एको पल जीये के मन नइ होवत हे। हमर मन के जीवन संकट मं हे| न हमर रक्षा देश के जनता कर सकत हे अउ न इहां के सरकार। उही पाके मौत ला सुरता करके रोवत हौं। 

देखथौं, सब कोती ककरो जीवन अब इहां सुरक्षित नइहे। हाथी, भालू, शेर, चीता अउ बेंदरा मन घला एती तेती भटके ले धर ले हें। जंगल के जंगल सफाचट होवत जात हे तब उहां के रहवइया जीवधारी अउ परानी मन कहां जाही। उकरो मन के मरे बिहान हे। बड़े-बड़े राक्षस मन काल बन के उहां मंडरावत हे। मनखे मन अपन सुख के खातिर बड़े-बड़े उद्योग अउ कल-कारखाना लगाावत हे। सरकार हा ओमन ला पंदोली देवत हे। महाकाल बन के ये धरती मं उतरे शैतान मन ला देख-देख के नदिया, नरवा, तरिया, डोंगरी, पहाड़, रुख-राई ठाढ़ सुखावत हें, ओकर मन के जीव कांपे ले धर लेहे। कभू बारहों महीना नदी-नरवा मं बहइया पानी सागर मेर जाके पांव पखारय तेन मन सुखाय ले धर लेहें, पहाड़ अउ रुख राई मन तो बड़े-बड़े थ्रेसर मशीन मन देखते साठ कांपे ले धर लेथे। कब कोन मशीन आके ओकर छाती ला दंदोर दिही, फोकला ओदार दिही। कोन जानही ओकर मन के दुख ला, आंखी के आंसू ला? अपन मरावय तब काला बतावय तइसे कस हाल होगे हे ओकर मन के। सोचेंव, ये मनखे मन हा सब के बइरी तो नइ बनगे हे, काल बन के तो नइ आगे हे? जहर उगलत हे नाग बन के, डसत हे सबो झन ला, मुरकेटत हे सब के जीवन ला। काबर दुख देवत हे, का मिलही अइसन करे ले? का ये बात ला नइ जानत हे के जौंन जइसन करहीं तइसन पांही तौंन ला? तब काबर अइसन अजलइत करथें, काबर छानही मं चढ़ के होरा भुंजत हें? उत्तराखंड मं ओ साल का होइस, कइसे प्रकृति ओकर मन के बारा ला बजाय रिहिस हे? कोरोना हा का तमाशा खेल के नइ गिस तेला अतेक जल्दी भुला गेव? अइस कोनो ओकर मन के बाप बचाय बर ओमन ला? चेत जाव, जान जाव, कोनो ला सतावौ अउ दुख देवौ झन। चार दिन के जिनगी, जीयव अउ सब ला जीयन दौ। सब संग हांस गोठिया लौ, परेम के दू भाखा बोले मं काकर का बिगड़त हे? इही धरम हे, परेम बेवहार हे। जइसे करिहौ तइसे पाहौ, नइ मानिहौ तब जाहौ बाबाजी के ला धर के धारे धार।

परमानंद वर्मा

मंगलवार, 2 जुलाई 2019

इनवेस्टमेंट या मूर्खता

मेरी बेटी की शादी थी और मैं कुछ दिनों की छुट्टी ले कर शादी के तमाम इंतजाम को देख रहा था. उस दिन सफर से लौट कर मैं घर आया तो पत्नी ने आ कर एक लिफाफा मुझे पकड़ा दिया. लिफाफा अनजाना था, लेकिन प्रेषक का नाम देख कर मुझे एक आश्चर्यमिश्रित जिज्ञासा हुई.
‘अमर विश्वास’ एक ऐसा नाम जिसे मिले मुझे वर्षों बीत गए थे. मैं ने लिफाफा खोला तो उस में 1 लाख डालर का चेक और एक चिट्ठी थी. इतनी बड़ी राशि वह भी मेरे नाम पर. मैं ने जल्दी से चिट्ठी खोली और एक सांस में ही सारा पत्र पढ़ डाला. पत्र किसी परी कथा की तरह मुझे अचंभित कर गया. लिखा था :
आदरणीय सर, मैं एक छोटी सी भेंट आप को दे रहा हूं. मुझे नहीं लगता कि आप के एहसानों का कर्ज मैं कभी उतार पाऊंगा. ये उपहार मेरी अनदेखी बहन के लिए है. घर पर सभी को मेरा प्रणाम.
आप का, अमर.
मेरी आंखों में वर्षों पुराने दिन सहसा किसी चलचित्र की तरह तैर गए.
एक दिन मैं चंडीगढ़ में टहलते हुए एक किताबों की दुकान पर अपनी मनपसंद पत्रिकाएं उलट पलट रहा था कि मेरी नजर बाहर पुस्तकों के एक छोटे से ढेर के पास खड़े एक लड़के पर पड़ी. वह पुस्तक की दुकान में घुसते हर सभ्रांत व्यक्ति से कुछ अनुनय विनय करता और कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर वापस अपनी जगह पर जा कर खड़ा हो जाता. मैं काफी देर तक मूकदर्शक की तरह यह नजारा देखता रहा. पहली नजर में यह फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों द्वारा की जाने वाली सामान्य सी व्यवस्था लगी, लेकिन उस लड़के के चेहरे की निराशा सामान्य नहीं थी. वह हर बार नई आशा के साथ अपनी कोशिश करता, फिर वही निराशा.
मैं काफी देर तक उसे देखने के बाद अपनी उत्सुकता दबा नहीं पाया और उस लड़के के पास जा कर खड़ा हो गया. वह लड़का कुछ सामान्य सी विज्ञान की पुस्तकें बेच रहा था. मुझे देख कर उस में फिर उम्मीद का संचार हुआ और बड़ी ऊर्जा के साथ उस ने मुझे पुस्तकें दिखानी शुरू कीं. मैं ने उस लड़के को ध्यान से देखा. साफ सुथरा, चेहरे पर आत्मविश्वास, लेकिन पहनावा बहुत ही साधारण. ठंड का मौसम था और वह केवल एक हलका सा स्वेटर पहने हुए था. पुस्तकें मेरे किसी काम की नहीं थीं फिर भी मैं ने जैसे किसी सम्मोहन से बंध कर उस से पूछा, ‘बच्चे, ये सारी पुस्तकें कितने की हैं?’
‘आप कितना दे सकते हैं, सर?’
‘अरे, कुछ तुम ने सोचा तो होगा.’
‘आप जो दे देंगे,’ लड़का थोड़ा निराश हो कर बोला.
‘तुम्हें कितना चाहिए?’ उस लड़के ने अब यह समझना शुरू कर दिया कि मैं अपना समय उस के साथ गुजार रहा हूं.
‘5 हजार रुपए,’ वह लड़का कुछ कड़वाहट में बोला.
‘इन पुस्तकों का कोई 500 भी दे दे तो बहुत है,’ मैं उसे दु:खी नहीं करना चाहता था फिर भी अनायास मुंह से निकल गया.
अब उस लड़के का चेहरा देखने लायक था. जैसे ढेर सारी निराशा किसी ने उस के चेहरे पर उंड़ेल दी हो. मुझे अब अपने कहे पर पछतावा हुआ. मैं ने अपना एक हाथ उस के कंधे पर रखा और उस से सांत्वना भरे शब्दों में फिर पूछा, ‘देखो बेटे, मुझे तुम पुस्तक बेचने वाले तो नहीं लगते, क्या बात है. साफ साफ बताओ कि क्या जरूरत है?’
वह लड़का तब जैसे फूट पड़ा. शायद काफी समय निराशा का उतार चढ़ाव अब उस के बर्दाश्त के बाहर था.
‘सर, मैं 10+2 कर चुका हूं. मेरे पिता एक छोटे से रेस्तरां में काम करते हैं. मेरा मेडिकल में चयन हो चुका है. अब उस में प्रवेश के लिए मुझे पैसे की जरूरत है. कुछ तो मेरे पिताजी देने के लिए तैयार हैं, कुछ का इंतजाम वह अभी नहीं कर सकते,’ लड़के ने एक ही सांस में बड़ी अच्छी अंगरेजी में कहा.

‘तुम्हारा नाम क्या है?’ मैं ने मंत्रमुग्ध हो कर पूछा?
‘अमर विश्वास.’
‘तुम विश्वास हो और दिल छोटा करते हो. कितना पैसा चाहिए?’
‘5 हजार,’ अब की बार उस के स्वर में दीनता थी.
‘अगर मैं तुम्हें यह रकम दे दूं तो क्या मुझे वापस कर पाओगे? इन पुस्तकों की इतनी कीमत तो है नहीं,’ इस बार मैं ने थोड़ा हँस कर पूछा.
‘सर, आप ने ही तो कहा कि मैं विश्वास हूं. आप मुझ पर विश्वास कर सकते हैं. मैं पिछले 4 दिन से यहां आता हूं, आप पहले आदमी हैं जिस ने इतना पूछा. अगर पैसे का इंतजाम नहीं हो पाया तो मैं भी आप को किसी होटल में कपप्लेटें धोता हुआ मिलूंगा,’ उस के स्वर में अपने भविष्य के डूबने की आशंका थी.
उस के स्वर में जाने क्या बात थी जो मेरे जेहन में उस के लिए सहयोग की भावना तैरने लगी. मस्तिष्क उसे एक जालसाज से ज्यादा कुछ मानने को तैयार नहीं था, जबकि दिल में उस की बात को स्वीकार करने का स्वर उठने लगा था. आखिर में दिल जीत गया. मैं ने अपने पर्स से 5 हजार रुपए निकाले, जिन को मैं शेयर मार्किट में निवेश करने की सोच रहा था, उसे पकड़ा दिए. वैसे इतने रुपए तो मेरे लिए भी माने रखते थे, लेकिन न जाने किस मोह ने मुझ से वह पैसे निकलवा लिए.
‘देखो बेटे, मैं नहीं जानता कि तुम्हारी बातों में, तुम्हारी इच्छाशक्ति में कितना दम है, लेकिन मेरा दिल कहता है कि तुम्हारी मदद करनी चाहिए, इसीलिए कर रहा हूं. तुम से 4-5 साल छोटी मेरी बेटी भी है मिनी. सोचूंगा उस के लिए ही कोई खिलौना खरीद लिया,’ मैं ने पैसे अमर की तरफ बढ़ाते हुए कहा.
अमर हतप्रभ था. शायद उसे यकीन नहीं हो रहा था. उस की आंखों में आँसू तैर आए. उस ने मेरे पैर छुए तो आंखों से निकली दो बूंदें मेरे पैरों को चूम गईं.
‘ये पुस्तकें मैं आप की गाड़ी में रख दूं?’
‘कोई जरूरत नहीं. इन्हें तुम अपने पास रखो. यह मेरा कार्ड है, जब भी कोई जरूरत हो तो मुझे बताना.’
वह मूर्ति बन कर खड़ा रहा और मैं ने उस का कंधा थपथपाया, कार स्टार्ट कर आगे बढ़ा दी.
कार को चलाते हुए वह घटना मेरे दिमाग में घूम रही थी और मैं अपने खेले जुए के बारे में सोच रहा था, जिस में अनिश्चितता ही ज्यादा थी. कोई दूसरा सुनेगा तो मुझे एक भावुक मूर्ख से ज्यादा कुछ नहीं समझेगा. अत: मैं ने यह घटना किसी को न बताने का फैसला किया.

दिन गुजरते गए. अमर ने अपने मेडिकल में दाखिले की सूचना मुझे एक पत्र के माध्यम से दी. मुझे अपनी मूर्खता में कुछ मानवता नजर आई. एक अनजान सी शक्ति में या कहें दिल में अंदर बैठे मानव ने मुझे प्रेरित किया कि मैं हजार 2 हजार रुपए उस के पते पर फिर भेज दूं. भावनाएं जीतीं और मैं ने अपनी मूर्खता फिर दोहराई. 
दिन हवा होते गए. उस का संक्षिप्त-सा पत्र आता जिस में 4 लाइनें होतीं. 2 मेरे लिए, एक अपनी पढ़ाई पर और एक मिनी के लिए, जिसे वह अपनी बहन बोलता था. मैं अपनी मूर्खता दोहराता और उसे भूल जाता. मैं ने कभी चेष्टा भी नहीं की कि उस के पास जा कर अपने पैसे का उपयोग देखूं, न कभी वह मेरे घर आया. कुछ साल तक यही क्रम चलता रहा. एक दिन उस का पत्र आया कि वह उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया जा रहा है. छात्रवृत्तियों के बारे में भी बताया था और एक लाइन मिनी के लिए लिखना वह अब भी नहीं भूला.
मुझे अपनी उस मूर्खता पर दूसरी बार फख्र हुआ, बिना उस पत्र की सचाई जाने. समय पंख लगा कर उड़ता रहा. अमर ने अपनी शादी का कार्ड भेजा. वह शायद ऑस्ट्रेलिया में ही बसने के विचार में था. मिनी भी अपनी पढ़ाई पूरी कर चुकी थी. एक बड़े परिवार में उस का रिश्ता तय हुआ था. अब मुझे मिनी की शादी लड़के वालों की हैसियत के हिसाब से करनी थी. एक सरकारी उपक्रम का बड़ा अफसर कागजी शेर ही होता है. शादी के प्रबंध के लिए ढेर सारे पैसे का इंतजाम…उधेड़बुन…और अब वह चेक?
मैं वापस अपनी दुनिया में लौट आया. मैं ने अमर को एक बार फिर याद किया और मिनी की शादी का एक कार्ड अमर को भी भेज दिया.
शादी की गहमागहमी चल रही थी. मैं और मेरी पत्नी व्यवस्थाओं में व्यस्त थे और मिनी अपनी सहेलियों में. एक बड़ी सी गाड़ी पोर्च में आ कर रुकी. एक सभ्रांत से शख्स के लिए ड्राइवर ने गाड़ी का गेट खोला तो उस शख्स के साथ उस की पत्नी जिस की गोद में एक बच्चा था, भी गाड़ी से बाहर निकले.
मैं अपने दरवाजे पर जा कर खड़ा हुआ तो लगा कि इस व्यक्ति को पहले भी कहीं देखा है. उस ने आ कर मेरी पत्नी और मेरे पैर छुए.
‘‘सर, मैं अमर…’’ वह बड़ी श्रद्धा से बोला.
मेरी पत्नी अचंभित सी खड़ी थी. मैं ने बड़े गर्व से उसे सीने से लगा लिया. उस का बेटा मेरी पत्नी की गोद में घर सा अनुभव कर रहा था. मिनी अब भी संशय में थी. अमर अपने साथ ढेर सारे उपहार ले कर आया था. मिनी को उस ने बड़ी आत्मीयता से गले लगाया. मिनी भाई पाकर बड़ी खुश थी.
अमर शादी में एक बड़े भाई की रस्म हर तरह से निभाने में लगा रहा. उस ने न तो कोई बड़ी जिम्मेदारी मुझ पर डाली और न ही मेरे चाहते हुए मुझे एक भी पैसा खर्च करने दिया. उस के भारत प्रवास के दिन जैसे पंख लगा कर उड़ गए.
इस बार अमर जब ऑस्ट्रेलिया वापस लौटा, तो हवाई अड्डे पर उस को विदा करते हुए न केवल मेरी बल्कि मेरी पत्नी, मिनी सभी की आँखें नम थीं. हवाई जहाज ऊंचा और ऊंचा आकाश को छूने चल दिया और उसी के साथ साथ मेरा विश्वास भी आसमान छू रहा था
मैं अपनी मूर्खता पर एक बार फिर गर्वित था और सोच रहा था कि इस नश्वर संसार को चलाने वाला कोई भगवान नहीं हमारा विश्वास ही है।
अशोक भावसार ने वाट्स एप पर भेजा

शुक्रवार, 18 मई 2018

नौ बातें जो तय करती हैं, आप कितने वसंत देखेंगे


"ज़िंदगी बड़ी होनी चाहिए, जहांपनाह...लंबी नहीं..."

'आनंद' फ़िल्म का ये डायलॉग याद है न? भयंकर बीमारी के शिकार राजेश खन्ना दार्शनिक वाले अंदाज़ में ये बताते हैं कि उम्र लंबी ही हो, ये ज़रूरी नहीं.

ज़िंदगी शानदार, ख़ुशियों से लबरेज़ होनी चाहिए, भले ही उसके बरस कम हों. ख़ैर, फ़िल्मी बातें छोड़ कर हक़ीक़त का रुख़ करते हैं...

आज दुनिया में लोग पहले मुक़ाबले ज़्यादा लंबी उम्र जी रहे हैं. और इसे दुनिया की सुधरती सेहत और बेहतर होते हालात की मिसाल कहा जा रहा है.

दुनिया के 195 देशों में महिलाएं, मर्दों के मुक़ाबले ज़्यादा उम्र तक जीती हैं. रूस में महिलाओं की औसत उम्र पुरुषों के मुक़ाबले 11 बरस ज़्यादा है.

अफ्रीकी देश इथियोपिया में 1990 के मुक़ाबले आज लोग 19 बरस ज़्यादा लंबी ज़िंदगी जी रहे हैं.

वहीं, दुनिया के सबसे कम औसत उम्र वाले देश के मुक़ाबले सबसे ज़्यादा औसत उम्र वाले देश के लोगों में आयु का फ़ासला 34 बरस का है.

ग्लोबल बर्डेन ऑफ़ डिज़ीज़ प्रोजेक्ट और इंस्टीट्यूट ऑफ़ हेल्थ मीट्रिक्स ऐंड इवैल्युएशन के आंकड़े इस्तेमाल किए.

हमारी पड़ताल से सामने आए कुछ नतीजे इस तरह हैं.

1. अब इंसान ज़्यादा लंबी ज़िंदगी जी रहा है
दुनिया भर की औसत उम्र 1990 के दशक के मुक़ाबले सात बरस तक बढ़ गई है. मतलब ये कि हर साढ़े तीन साल में दुनिया में इंसानों की औसत उम्र एक साल बढ़ जाती है.

आज लोग लंबी ज़िंदगी इसलिए जी रहे हैं क्योंकि अमीर देशों में दिल की बीमारी से मृत्यु दर घटी है. वहीं गरीब देशों में बच्चों के मरने की तादाद भी कम हुई है.

सेहत की सुविधाएं बेहतर हुई हैं. साफ़-सफ़ाई बेहतर हुई है और बीमारियों के इलाज में नई-नई दवाएं और तकनीक ईजाद हुई है.

इसकी वजह से इंसानों की औसत उम्र बढ़ गई है. आज स्वस्थ जीवन के बरस भी ज़्यादा हो गए हैं.

मतलब ये कि आज आम इंसान औसतन ज़्यादा वक़्त तक सेहतमंद ज़िंदगी जीता है. इसमें 6.3 साल का इज़ाफ़ा हुआ है. हालांकि ये औसत अब घट रहा है.

2. पश्चिमी यूरोप के लोगों की उम्र सबसे ज़्यादा है
औसत उम्र के मामले में टॉप के 20 देशों में से 14 यूरोप के हैं. लेकिन इस लिस्ट में पूर्वी एशिया के देश टॉप पर हैं.

आज जापान और सिंगापुर के लोगों की औसत उम्र 84 साल तक हो गई है. वहीं, इंग्लैंड ने ज़्यादा औसत आए वाले टॉप 20 देशों में बमुश्किल जगह बनाई है.

इंग्लैंड में लोगों की औसत उम्र 81 बरस है. वहीं उत्तरी आयरलैंड औसत उम्र की पायदान में 32वें और वेल्श 34वें नंबर पर आता है.

दोनों इलाक़ों के लोगों की औसत उम्र 80 बरस है. 198 देशों में स्कॉटलैंड 79 बरस की औसत उम्र के साथ 42वें नंबर पर है.

3. औसत उम्र की निचली पायदान पर अफ्रीकी देशों की भरमार
नागरिकों की औसत उम्र के मामले में सबसे नीचे के 20 देशों में से 18 अफ्रीकी महाद्वीप के हैं.

भयंकर गृह युद्ध के शिकार लेसोथो और सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक देशों में 2016 में पैदा हुए बच्चों के सिर्फ़ 50 बरस की उम्र तक जीने की संभावना है.

ये टॉप के दो देशों जापान और सिंगापुर के मुक़ाबले 34 साल कम है.

कई दशकों से युद्ध, सूखे और अराजकता का शिकार अफ़ग़ानिस्तान इकलौता एशियाई देश है जो नीचे से टॉप 20 देशों में आता है.

आज अफ़ग़ानिस्तान के लोगों की औसत उम्र 58 साल है.

4. महिलाओं की उम्र मर्दों से ज़्यादा
198 में से 195 देशों में महिलाओं की औसत उम्र मर्दों से ज़्यादा है. इन देशों की महिलाओं की ज़िंदगी, पुरुषों के मुक़ाबले 6 बरस ज़्यादा होती है.

कई देशों में ये फ़ासला 11 साल तक का है. औरतों और मर्दों की औसत उम्र का ये फ़ासला सबसे ज़्यादा पूर्वी यूरोपीय देशों और रूस में देखने को मिलता है.

यहां पर महिलाओं के मुक़ाबले मर्दों की कम उम्र की वजह शराबनोशी और काम के ख़राब हालात बताई जाती है.

दुनिया में सिर्फ़ 3 देश ऐसे हैं, जहां मर्द, महिलाओं के मुक़ाबले लंबी उम्र जीते हैं. ये देश हैं कांगो गणराज्य, कुवैत औऱ मॉरिटॉनिया.

5. इथियोपिया में लोगों की औसत उम्र 19 साल बढ़ गई
1990 के दशक से 96 फ़ीसद देशों में लोगों की औसत उम्र बढ़ी है. उस दौर में 11 देशों में लोगों की औसत ज़िंदगी 50 साल से कम ही हुआ करती थी.

लेकिन 2016 में सभी देशों ने 50 साल की औसत उम्र का आंकड़ा छू लिया था.

जिन 10 देशों के नागरिकों की औसत उम्र में सबसे बड़ा बदलाव आया, उनमें से 6 अफ्रीका के सब-सहारा इलाक़े के हैं.

साल 1990 में आए भयंकर अकाल से अब तक उबरने की कोशिश कर रहे इथियोपिया की उस वक़्त औसत उम्र 47 ही थी.

लेकिन 2016 में वहां पैदा हुए बच्चों के आज 19 साल ज़्यादा लंबी ज़िंदगी जीने की संभावनाएं हैं.

इसकी वजह है कि इथियोपिया ने रोटावायरस और हैजा के अलावा सांस की कई बीमारियों पर काफ़ी हद तक काबू पा लिया है.

6. लेकिन, 8 देशों के लोगों की औसत उम्र घट गई
यूं तो दुनिया भर में लोगो की ज़िंदगी लंबी हो रही है. लेकिन 8 देश ऐसे भी हैं, जिनके नागरिकों की औसत उम्र घट भी गई.

इनमें से 4 तो अफ्रीका के सहारा इलाक़े के ही हैं, जहां 1990 से लोगों की औसत उम्र घट गई. सबसे ज़्यादा कमी लेसोथो के नागरिकों की ज़िंदगी में आई है.

संयुक्त राष्ट्र संघ के मुताबिक़ लेसोथो की 25 फ़ीसदी आबादी एचआईवी वायरस से संक्रमित है. ये दुनिया में एड्स से बीमार देशो में दूसरे नंबर पर है.

वहीं पड़ोस के दक्षिण अफ्रीका में 2016 में पैदा हुए बच्चों की औसत उम्र 62 बरस है. ये 1990 के मुक़ाबले दो साल कम है.

इसी दौरान दक्षिण अफ्रीका में एचआईवी के शिकार लोगों की तादाद में बहुत इज़ाफ़ा हुआ.

7. सरहद बदलते ही बढ़ा उम्र का फ़ासला
इन आंकड़ों से एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है. वो ये कि आस-पास के देशों में ही लोगों की औसत उम्र में 20 साल तक का फ़र्क़ देखने को मिलता है.

जैसे कि चीन और अफ़ग़ानिस्तान. दोनों देशों के नागरिकों की औसत उम्र में 18 साल का फ़र्क़ है.

वहीं, आतंकवाद और गृह युद्ध के शिकार माली में लोगों की औसत उम्र 62 साल है.

पड़ोसी अल्जीरिया में लोग 15 साल लंबी ज़िंदगी जीने की उम्मीद कर सकते हैं, जहां नागरिकों की औसत उम्र 77 बरस है.

8. युद्ध अपने साथ लाता है तबाही
2010 में सीरिया औसत उम्र की पायदान में 65वें नंबर पर हुआ करता था. यानी वो टॉप के तीन देशों में हुआ करता था.

मगर पिछले क़रीब एक दशक से जारी गृह युद्ध की वजह से आज सीरिया लोगों की औसत उम्र के मामले में 142वें नंबर पर आ गया है.

वहीं 1994 में नरसंहार झेलने वाले रवांडा के लोगों की औसत उम्र 11 बरस हुआ करती थी.

9. अकाल और क़ुदरती आपदाएं भी लाती हैं तबाही
उत्तर कोरिया ने 1994 से 1998 के बीच कई अकाल झेले.

इसकी वजह से 2000 के शुरुआती साल में यहां के लोगो की औसत उम्र काफ़ी घट गई थी.

इसी तरह, 2010 में आए भूकंप की वजह से हैती में 2 लाख से ज़्यादा लोग मारे गए थे.

राहत की बात ये है कि बाद के कुछ सालों से यहां के लोगों की औसत उम्र बढ़ी है.

सोमवार, 7 मई 2018

शुक्र है मेरे मालिक तेरा लाख-लाख ....

एक पुरानी सी इमारत में था वैद्यजी का मकान था । पिछले हिस्से में रहते थे और अगले हिस्से में दवाख़ाना खोल रखा था । उनकी पत्नी की आदत थी कि दवाख़ाना खोलने से पहले उस दिन के लिए आवश्यक सामान एक चिठ्ठी में लिख कर दे देती थी । वैद्यजी गद्दी पर बैठकर पहले भगवान का नाम लेते फिर वह चिठ्ठी खोलते । पत्नी ने जो बातें लिखी होतीं, उनके भाव देखते , फिर उनका हिसाब करते । फिर परमात्मा से प्रार्थना करते कि हे भगवान ! मैं केवल तेरे ही आदेश के अनुसार तेरी भक्ति छोड़कर यहाँ दुनियादारी के चक्कर में आ बैठा हूँ । वैद्यजी कभी अपने मुँह से किसी रोगी से फ़ीस नहीं माँगते थे । कोई देता था, कोई नहीं देता था किन्तु एक बात निश्चित थी कि ज्यों ही उस दिन के आवश्यक सामान ख़रीदने योग्य पैसे पूरे हो जाते थे, उसके बाद वह किसी से भी दवा के पैसे नहीं लेते थे चाहे रोगी कितना ही धनवान क्यों न हो ।
एक दिन वैद्यजी ने दवाख़ाना खोला । गद्दी पर बैठकर परमात्मा का स्मरण करके पैसे का हिसाब लगाने के लिए आवश्यक सामान वाली चिट्ठी खोली तो वह चिठ्ठी को एकटक देखते ही रह गए। एक बार तो उनका मन भटक गया। उन्हें अपनी आँखों के सामने तारे चमकते हुए नज़र आए किन्तु शीघ्र ही उन्होंने अपनी तंत्रिकाओं पर नियंत्रण पा लिया। आटे-दाल-चावल आदि के बाद पत्नी ने लिखा था, "बेटी का विवाह 20 तारीख़ को है, उसके दहेज का सामान ।" कुछ देर सोचते रहे फिर बाकी चीजों की क़ीमत लिखने के बाद दहेज के सामने लिखा, ''यह काम परमात्मा का है, परमात्मा जाने''
एक-दो रोगी आए थे । उन्हें वैद्यजी दवाई दे रहे थे । इसी दौरान एक बड़ी सी कार उनके दवाखाने के सामने आकर रुकी । वैद्यजी ने कोई खास तवज्जो नहीं दी क्योंकि कई कारों वाले उनके पास आते रहते थे ।
दोनों मरीज दवाई लेकर चले गए । वह सूटेड-बूटेड साहब कार से बाहर निकले और नमस्ते करके बेंच पर बैठ गए। वैद्यजी ने कहा कि अगर आपको अपने लिए दवा लेनी है तो इधर स्टूल पर आएँ ताकि आपकी नाड़ी देख लूँ और अगर किसी रोगी की दवाई लेकर जाना है तो बीमारी की स्थिति का वर्णन करें। वह साहब कहने लगे "वैद्यजी ! आपने मुझे पहचाना नहीं । मेरा नाम कृष्णलाल है लेकिन आप मुझे पहचान भी कैसे सकते हैं ? क्योंकि मैं 15-16 साल बाद आपके दवाखाने पर आया हूँ । आप को पिछली मुलाकात का हाल सुनाता हूँ, फिर आपको सारी बात याद आ जाएगी। जब मैं पहली बार यहाँ आया था तो मैं खुद नहीं आया था अपितु ईश्वर मुझे आप के पास ले आया था क्योंकि ईश्वर ने मुझ पर कृपा की थी और वह मेरा घर आबाद करना चाहता था। हुआ इस तरह था कि मैं कार से अपने पैतृक घर जा रहा था । बिल्कुल आपके दवाखाने के सामने हमारी कार पंक्चर हो गई । ड्राईवर कार का पहिया उतार कर पंक्चर लगवाने चला गया । आपने देखा कि गर्मी में मैं कार के पास खड़ा था तो आप मेरे पास आए और दवाखाने की ओर इशारा किया और कहा कि इधर आकर कुर्सी पर बैठ जाएँ। अंधा क्या चाहे दो आँखें और कुर्सी पर आकर बैठ गया । ड्राइवर ने कुछ ज्यादा ही देर लगा दी थी । एक छोटी-सी बच्ची भी यहाँ आपकी मेज़ के पास खड़ी थी और बार-बार कह रही थी, ''चलो न बाबा, मुझे भूख लगी है । आप उससे कह रहे थे कि बेटी थोड़ा धीरज धरो, चलते हैं ।

मैं यह सोच कर कि इतनी देर से आप के पास बैठा था और मेरे ही कारण आप खाना खाने भी नहीं जा रहे थे ।

मुझे कोई दवाई खरीद लेनी चाहिए ताकि आप मेरे बैठने का भार महसूस न करें । मैंने कहा वैद्यजी मैं पिछले 5-6 साल से इंग्लैंड में रहकर कारोबार कर रहा हूँ । इंग्लैंड जाने से पहले मेरी शादी हो गई थी लेकिन अब तक बच्चे के सुख से वंचित हूँ । यहाँ भी इलाज कराया और वहाँ इंग्लैंड में भी लेकिन किस्मत ने निराशा के सिवा और कुछ नहीं दिया" आपने कहा था, "मेरे भाई ! भगवान से निराश न होओ । याद रखो कि उसके कोष में किसी चीज़ की कोई कमी नहीं है । आस-औलाद, धन-इज्जत, सुख-दुःख, जीवन-मृत्यु सब कुछ उसी के हाथ में है। यह किसी वैद्य या डॉक्टर के हाथ में नहीं होता और न ही किसी दवा में होता है। जो कुछ होना होता है वह सब भगवान के आदेश से होता है। औलाद देनी है तो उसी ने देनी है ।

मुझे याद है आप बातें करते जा रहे थे और साथ-साथ पुड़िया भी बनाते जा रहे थे । सभी दवा आपने दो भागों में विभाजित कर दो अलग-अलग लिफ़ाफ़ों में डाली थीं और फिर मुझसे पूछकर आप ने एक लिफ़ाफ़े पर मेरा और दूसरे पर मेरी पत्नी का नाम लिखकर दवा उपयोग करने का तरीका बताया था । मैंने तब बेदिली से वह दवाई ले ली थी क्योंकि मैं सिर्फ कुछ पैसे आप को देना चाहता था । लेकिन जब दवा लेने के बाद मैंने पैसे पूछे तो आपने कहा था, बस ठीक है । मैंने जोर डाला, तो आपने कहा कि आज का खाता बंद हो गया है । मैंने कहा मुझे आपकी बात समझ नहीं आई। इसी दौरान वहां एक और आदमी आया उसने हमारी चर्चा सुनकर मुझे बताया कि खाता बंद होने का मतलब यह है कि आज के घरेलू खर्च के लिए जितनी राशि वैद्यजी ने भगवान से माँगी थी वह ईश्वर ने उन्हें दे दी है। अधिक पैसे वे नहीं ले सकते । मैं कुछ हैरान हुआ और कुछ दिल में लज्जित भी कि मेरे विचार कितने निम्न थे और यह सरलचित्त वैद्य कितना महान है। मैंने जब घर जा कर पत्नी को औषधि दिखाई और सारी बात बताई तो उसके मुँह से निकला वो इंसान नहीं कोई देवता है और उसकी दी हुई दवा ही हमारे मन की मुराद पूरी करने का कारण बनेंगी। आज मेरे घर में दो फूल खिले हुए हैं । हम दोनों पति-पत्नी हर समय आपके लिए प्रार्थना करते रहते हैं। इतने साल तक कारोबार ने फ़ुरसत ही न दी कि स्वयं आकर आपसे धन्यवाद के दो शब्द ही कह जाता। इतने बरसों बाद आज भारत आया हूँ और कार केवल यहीं रोकी है ।

वैद्यजी हमारा सारा परिवार इंग्लैंड में सेटल हो चुका है । केवल मेरी एक विधवा बहन अपनी बेटी के साथ भारत में रहती है। हमारी भान्जी की शादी इस महीने की 21 तारीख को होनी है । न जाने क्यों जब-जब मैं अपनी भान्जी के भात के लिए कोई सामान खरीदता था तो मेरी आँखों के सामने आपकी वह छोटी-सी बेटी भी आ जाती थी और हर सामान मैं दोहरा खरीद लेता था । मैं आपके विचारों को जानता था कि संभवतः आप वह सामान न लें किन्तु मुझे लगता था कि मेरी अपनी सगी भान्जी के साथ जो चेहरा मुझे बार-बार दिख रहा है वह भी मेरी भान्जी ही है। मुझे लगता था कि ईश्वर ने इस भान्जी के विवाह में भी मुझे भात भरने की ज़िम्मेदारी दी है ।

वैद्यजी की आँखें आश्चर्य से खुली की खुली रह गईं और बहुत धीमी आवाज़ में बोले, ''कृष्णलाल जी, आप जो कुछ कह रहे हैं मुझे समझ नहीं आ रहा कि ईश्वर की यह क्या माया है । आप मेरी श्रीमती के हाथ की लिखी हुई यह चिठ्ठी देखिये" और वैद्यजी ने चिट्ठी खोलकर कृष्णलाल जी को पकड़ा दी । वहाँ उपस्थित सभी यह देखकर हैरान रह गए कि ''दहेज का सामान'' के सामने लिखा हुआ था ''यह काम परमात्मा का है, परमात्मा जाने''

काँपती-सी आवाज़ में वैद्यजी बोले, "कृष्णलाल जी, विश्वास कीजिये कि आज तक कभी ऐसा नहीं हुआ कि पत्नी ने चिठ्ठी पर आवश्यकता लिखी हो और भगवान ने उसी दिन उसकी व्यवस्था न कर दी हो। आपकी बातें सुनकर तो लगता है कि भगवान को पता होता है कि किस दिन मेरी श्रीमती क्या लिखने वाली हैं अन्यथा आपसे इतने दिन पहले ही सामान ख़रीदना आरम्भ न करवा दिया होता परमात्मा ने। वाह भगवान वाह! तू महान है तू दयावान है। मैं हैरान हूँ कि वह कैसे अपने रंग दिखाता है।"
वैद्यजी ने आगे कहा, "जब से होश सँभाला है, एक ही पाठ पढ़ा है कि सुबह परमात्मा का आभार करो, शाम को अच्छा दिन गुज़रने का आभार करो, खाते समय उसका आभार करो, सोते समय उसका आभार करो ।

शुक्र है मेरे मालिक तेरा लाख-लाख ....

मंगलवार, 24 अप्रैल 2018

रिश्ते


पिताजी जोऱ से चिल्लाते हैं ।
प्रिंस दौड़कर आता है, और
पूछता है...
क्या बात है पिताजी?
पिताजी- तूझे पता नहीं है, आज तेरी बहन रश्मि आ रही है? 
वह इस बार हम सभी के साथ अपना जन्मदिन मनायेगी..
अब जल्दी से जा और अपनी बहन को लेके आ,
हाँ और सुन...तू अपनी नई गाड़ी लेकर जा जो तूने कल खरीदी है...
उसे अच्छा लगेगा,
प्रिंस - लेकिन मेरी गाड़ी तो मेरा दोस्त ले गया है सुबह ही...
और आपकी गाड़ी भी ड्राइवर ये कहकर ले गया कि गाड़ी की ब्रेक चेक करवानी है।
पिताजी - ठीक है तो तू स्टेशन तो जा किसी की गाड़ी लेकर
या किराया करके?
उसे बहुत खुशी मिलेगी ।
प्रिंस - अरे वह बच्ची है क्या जो आ नहीं सकेगी?
आ जायेगी आप चिंता क्यों करते हो कोई टैक्सी या आटो लेकर-----
पिताजी - तूझे शर्म नहीं आती ऐसा बोलते हुए?  घर मे गाड़ियाँ होते हुए भी घर की बेटी किसी टैक्सी या आटो से आयेगी?
प्रिंस - ठीक है आप जाओ मुझे बहुत काम है मैं जा नहीं सकता ।
पिताजी - तूझे अपनी बहन की थोड़ी भी फिकर नहीं? शादी हो गई तो क्या बहन पराया हो गई ?
क्या उसे हम सबका प्यार पाने का हक नहीं?
 तेरा जितना अधिकार है इस घर में,
उतना ही तेरी बहन का भी है। कोई भी बेटी या बहन मायके छोड़ने के बाद पराया नहीं होती।
प्रिंस - मगर मेरे लिए वह पराया हो चुकी है और इस घर पर सिर्फ मेरा अधिकार है।
तडाक ...!
अचानक पिताजी का हाथ उठ जाता है प्रिंस पर,
 और तभी माँ आ जाती है ।
मम्मी - आप कुछ शरम तो करो, ऐसे जवान बेटे पर हाथ बिलकुल नहीं उठाते।
पिताजी - तुमने सुना नहीं इसने क्या कहा, ?
अपनी बहन को पराया कहता है ये वही बहन है जो इससे एक पल भी जुदा नहीं होती थी--
हर पल इसका ख्याल रखती थी। पाकेट मनी से भी बचाकर इसके लिए कुछ न कुछ खरीद देती थी। बिदाई के वक्त भी हमसे ज्यादा अपने भाई से गले लगकर रोई थी।
और ये आज उसी बहन को पराया कहता है।
प्रिंस -(मुस्कराकर)  बुआ का भी तो आज ही जन्मदिन है पापा...वह कई बार इस घर में आई है मगर हर बार अॉटो से आई है..आपने कभी भी अपनी गाड़ी लेकर उन्हें लेने नहीं गए...
माना वह आज वह तंगी मे है मगर कल वह भी बहुत अमीर थी । आपको मुझको इस घर को उन्होंने दिल खोलकर सहायता और सहयोग किया है। बुआ भी इसी घर से बिदा हुई थी फिर रश्मि दी और बुआ मे फर्क कैसा। रश्मि मेरी बहन है तो बुआ भी तो आपकी बहन है।
पापा... आप मेरे मार्गदर्शक हो आप मेरे हीरो हो मगर बस इसी बात से मैं हर पल अकेले में रोता हूँ।  तभी बाहर गाड़ी रूकने की आवाज आती है....
तब तक पापा भी प्रिंस की बातों से पश्चाताप की
आग मे जलकर रोने लगे और इधर प्रिंस भी~~
कि रश्मि दौड़कर पापा मम्मी से गले मिलती है..
लेकिन उनकी हालत देखकर पूछती है कि क्या हुआ पापा?
पापा - तेरा भाई आज मेरा भी पापा बन गया है ।
रश्मि - ए पागल...!!
नई गाड़ी न?
बहुत ही अच्छी है मैंने ड्राइवर को पीछे बिठाकर खुद चलाके आई हूँ और कलर भी मेरी पसंद का है।
प्रिंस - happy birthday to you दी...वह गाड़ी आपकी है और हमारे तरफ से आपको birthday gift..!!
बहन सुनते ही खुशी से उछल पड़ती है कि तभी बुआ भी अंदर आती है ।
बुआ - क्या भैया आप भी न, ???
न फोन न कोई खबर,
अचानक भेज दी गाड़ी आपने, भागकर आई हूँ खुशी से~
ऐसा लगा कि पापा आज भी जिंदा हैं ..
इधर पिताजी अपनी पलकों मे आँसू लिये प्रिंस की ओर देखते हैं ~
और प्रिंस पापा को चुप रहने का इशारा करता है।
इधर बुआ कहती जाती है कि मैं कितनी भाग्यशाली हूँ~~
 कि मुझे बाप जैसा भैया मिला,
ईश्वर करे मुझे हर जन्म मे आप ही भैया मिले...
पापा
मम्मी को पता चल गया था कि..
ये सब प्रिंस की करतूत है,
मगर आज फिर एक बार रिश्तों को मजबूती से जुड़ते देखकर वह अंदर से खुशी से टूटकर रोने लगे। उन्हें अब पूरा यकीन था कि...मेरे जाने के बाद भी मेरा प्रिंस रिश्तों को सदा हिफाजत से रखेगा~
बेटी और बहन
ये दो बेहद अनमोल शब्द हैं
जिनकी उम्र बहुत कम होती है । क्योंकि शादी के बाद बेटी और बहन किसी की पत्नी तो किसी की भाभी और किसी की बहू बनकर रह जाती है।
शायद लड़कियाँ इसी लिए मायके आती होंगी कि...
उन्हें फिर से बेटी और बहन शब्द सुनने को बहुत मन करता होगा~~
*रिश्ते कागज से नहीं दिल से और सच्चाई से निभाए जाये है।
झूठ और फरेब से नहीं* ✍

लेखक अज्ञात, वाट्स एप से प्राप्त।

शनिवार, 21 अप्रैल 2018

मानवता का अप्रतिम उदाहरण।

कल बाज़ार में फल खरीदने गया, तो देखा कि एक फल की रेहड़ी की छत से एक छोटा सा बोर्ड लटक रहा था, उस पर मोटे अक्षरों से लिखा हुआ था...
"घर मे कोई नहीं है, मेरी बूढ़ी माँ बीमार है, मुझे थोड़ी थोड़ी देर में उन्हें खाना, दवा और टॉयलट कराने के लिए घर जाना पड़ता है, अगर आपको जल्दी है तो अपनी मर्ज़ी से फल तौल लें, रेट साथ में लिखे हैं।
पैसे कोने पर गत्ते के नीचे रख दें, धन्यवाद!!"
अगर आपके पास पैसे नहीं हो तो मेरी तरफ से ले लेना, इजाज़त है..!!

मैंने इधर उधर देखा, पास पड़े तराजू में दो किलो सेब तोले दर्जन भर केले लिये, बैग में डाले, प्राइस लिस्ट से कीमत देखी, पैसे निकाल कर गत्ते को उठाया, वहाँ सौ-पचास और दस-दस के नोट पड़े थे, मैंने भी पैसे उसमें रख कर उसे ढंक दिया।

बैग उठाया और अपने फ्लैट पे आ गया, रात को खाना खाने के बाद मैं उधर से  निकला, तो देखा एक कमज़ोर सा आदमी, दाढ़ी आधी काली आधी सफेद, मैले से कुर्ते पजामे में रेहड़ी को धक्का लगा कर बस जाने ही वाला था, वो मुझे देखकर मुस्कुराया और बोला "साहब! फल तो खत्म हो गए।"

उसका नाम पूछा तो बोला: "सीताराम"
फिर हम सामने वाले ढाबे पर बैठ गए।
चाय आयी, वो कहने लगा, "पिछले तीन साल से मेरी माता बिस्तर पर हैं, कुछ पागल सी भी हो गईं है और अब तो फ़ालिज भी हो गया है, मेरी कोई संतान नहीं है, बीवी मर गयी है, सिर्फ मैं हूँ और मेरी माँ..!!
माँ की देखभाल करने वाला कोई नहीं है, इसलिए मुझे ही हर वक़्त माँ का ख्याल रखना पड़ता है"...

एक दिन मैंने माँ के पाँव दबाते हुए बड़ी नरमी से कहा, "..माँ!! तेरी सेवा करने को तो बड़ा जी चाहता है पर जेब खाली है और तू मुझे कमरे से बाहर निकलने नहीं देती, कहती है, तू जाता है तो जी घबराने लगता है, तू ही बता मै क्या करूँ?"
न ही मेरे पास कोई जमा पूंजी है।..

ये सुन कर माँ ने हाँफते-काँपते उठने की कोशिश की। मैंने तकिये की टेक लगवाई, उन्होंने झुर्रियों वाला चेहरा उठाया अपने कमज़ोर हाथों को ऊपर उठाया,
मन ही मन राम जी की स्तुति की फिर बोली..
"तू रेहड़ी वहीं छोड़ आया कर, हमारी किस्मत का हमें  जो कुछ भी है, इसी कमरे में बैठकर मिलेगा।"

मैंने कहा, "माँ क्या बात करती हो, वहाँ छोड़ आऊँगा तो कोई चोर उचक्का सब कुछ ले जायेगा, आजकल कौन लिहाज़ करता है? और बिना मालिक के कौन फल खरीदने आएगा?"

कहने लगीं.. "तू राम का नाम लेने के बाद बाद रेहड़ी को फलों से भरकर छोड़ कर आजा बस, ज्यादा बक-बक नहीं कर, शाम को खाली रेहड़ी ले आया कर, अगर तेरा रुपया गया तो मुझे बोलियो!"

ढाई साल हो गए हैं भाईसाहब सुबह रेहड़ी लगा आता हूँ ...शाम को ले जाता हूँ, लोग पैसे रख जाते हैं..
..फल ले जाते हैं, एक धेला भी ऊपर नीचे नहीं होता, बल्कि कुछ तो ज्यादा भी रख जाते हैं, कभी कोई माँ के लिए फूल रख जाता है, कभी कोई और चीज़!!

परसों एक बच्ची पुलाव बना कर रख गयी,
साथ में एक पर्ची भी थी "अम्मा के लिए!"

एक डॉक्टर अपना कार्ड छोड़ गए पीछे लिखा था,
'माँ की तबियत नाज़ुक हो तो मुझे कॉल कर लेना,
मैं आ जाऊँगा, कोई ख़जूर रख जाता है, रोजाना कुछ न कुछ मेरे हक के साथ मौजूद होता है।

न माँ हिलने देती है न मेरे राम कुछ कमी रहने देते हैं, माँ कहती है, तेरे फल मेरा राम अपने फरिश्तों से बिकवा देता है।

आखिर में, इतना ही कहूँगा की अपने मां -बाप की सेवा करो, और देखो दुनिया की कामयाबियाँ कैसे हमारे कदम चूमती हैं।...
💐💐🙏🙏
लेखक अज्ञात

मंगलवार, 10 अप्रैल 2018

निरर्थक सौंदर्य

एक सभ्रांत प्रतीत होने वाली अतीव सुन्दरी ने विमान में प्रवेश किया और अपनी सीट की तलाश में नजरें घुमाईं। उसने देखा कि उसकी सीट एक ऐसे व्यक्ति के बगल में है जो जिसके दोनों ही हाथ नहीं है। महिला को उस अपाहिज व्यक्ति के पास बैठने में झिझक हुई ! उस 'सुंदर' महिला ने एयरहोस्टेस को कहा कि वह उसके लिए नियत सीट पर सुविधापूर्वक यात्रा नहीं कर पायेगी, क्योंकि साथ की सीट पर एक दोनों हाथ विहीन व्यक्ति बैठा हुआ है | उस सुन्दरी ने एयरहोस्टेस से सीट बदलने हेतु आग्रह किया |  असहज हुई एयरहोस्टेस ने पूछा, "मैम क्या मुझे कारण बता सकती है"?
'सुंदर' महिला ने जवाब दिया: "मैं ऐसे लोगों को पसंद नहीं करती। मैं ऐसे व्यक्ति के पास बैठकर यात्रा नहीं कर पाऊँगी "।  दिखने में सभ्रांत और विनम्र प्रतीत होने वाली महिला के यह उद्गार सुनकर एयर हॉस्टेज़ अचंभित हो गई । सुन्दरी ने एक बार फिर एयरहोस्टेस से जोर देकर कहा कि मैं उस सीट पर नहीं बैठ सकती और मुझे कोई दूसरी सीट दे दी जाए । एयरहोस्टेस ने खाली सीट की तलाश में चारों ओर नजर घुमाई, पर कोई भी सीट खाली नहीं दिखी । एयरहोस्टेस ने महिला से कहा कि "मैडम इस इकोनोमी क्लास में कोई सीट रिक्त नहीं है, किन्तु यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखना हमारा दायित्व है, अतः मैं वायुयान के कप्तान से बात करती हूँ, कृपया तब तक थोडा धैर्य रखें "। ऐसा कहकर होस्टेस कप्तान से बात करने चली गई |
कुछ समय बाद उसने लौट कर महिला को बताया, "महोदया! आपको जो असुविधा हुई, उसके लिए बहुत खेद है, इस पूरे विमान में, केवल एक सीट खाली है और वह प्रथम श्रेणी में है। मैंने हमारी टीम से बात की और हमने एक असाधारण निर्णय लिया। एक यात्री को इकोनॉमी क्लास से प्रथम श्रेणी में भेजने का कार्य हमारी कंपनी के इतिहास में पहली बार हो रहा है ... "। 'सुंदर' महिला अत्यंत प्रसन्न हो गई, किन्तु इसके पहले कि वह अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करती और एक शब्द भी बोल पाती ... एयरहोस्टेस उस अपाहिज और दोनों हाथ विहीन व्यक्ति की ओर बढ़ गई और विनम्रता पूर्वक उनसे पूछा "सर, क्या आप प्रथम श्रेणी में जा सकेंगे ? क्योंकि हम नहीं चाहते कि आप एक अशिष्ट यात्री के साथ यात्रा करने की त्रासदी भुगतें । " यह सुनकर प्रत्येक यात्री ने ताली बजाकर इस निर्णय का स्वागत किया। वह अतीव सुन्दरी महिला तो अब शर्म से नजरें ही नहीं उठा पा रही थी।
तब उस अपाहिज व्यक्ति ने खड़े होकर कहा, "मैं एक भूतपूर्व सैनिक हूँ और मैंने एक ऑपरेशन के दौरान कश्मीर सीमा पर हुए बम विस्फोट में अपने दोनों हाथ खोये थे । सबसे पहले, जब मैंने इन देवी जी की चर्चा सुनी, तब मैं सोच रहा था: मैंने भी किन लोगों की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाली और अपने हाथ खोये ? लेकिन जब आप सभी की प्रतिक्रिया देखी, तो अब अपने आप पर गर्व महसूस हो रहा है कि मैंने अपने देश और देशवासियों की खातिर अपने दोनों हाथ खोये । "और इतना कह कर, वह प्रथम श्रेणी में चले गए।
'सुंदर' महिला पूरी तरह से शर्मिंदा होकर सर झुकाए सीट में गड़ गई। उस अतीव  सौंदर्य का भी कोई मूल्य नहीं अगर विचारों में उदारता न हो ...
लेखक- अज्ञात

बुधवार, 15 नवंबर 2017

फेल होता समाजवाद

एक स्थानीय कॉलेज में अर्थशास्त्र के एक प्रोफेसर ने अपने एक बयान में कहा – “उसने पहले कभी किसी छात्र को फेल नहीं किया, पर हाल ही में उसने एक पूरी की पूरी क्लास को फेल कर दिया है l”
क्योंकि उस क्लास ने दृढ़ता पूर्वक यह कहा था कि “समाजवाद सफल होगा और न कोई गरीब होगा और न कोई धनी होगा” सबको सामान करने वाला एक महान सिद्धांत !
तब प्रोफेसर ने कहा – अच्छा ठीक है ! आओ हम क्लास में समाजवाद के अनुरूप एक प्रयोग करते हैं  “सफलता पाने वाले सभी छात्रों के विभिन्न ग्रेड का औसत निकाला जाएगा और सबको वही एक ग्रेड दी जाएगी ”
पहली परीक्षा के बाद, सभी ग्रेडों का औसत निकाला गया और प्रत्येक छात्र को B ग्रेड प्राप्त हुआl
जिन छात्रों ने कठिन परिश्रम किया था वे परेशान हो गए और जिन्होनें कम ही पढ़ाई की थी वे खुश हुए l
दूसरी परीक्षा के लिए कम पढ़ने वाले छात्रों ने पहले से भी और कम पढ़ाई की और जिन्होंने कठिन परिश्रम किया था उन्होंने यह तय किया कि वे भी मुफ्त की ग्रेड प्राप्त करेंगे और उन्होंने भी कम पढ़ाई की l
दूसरी परीक्षा की ग्रेड D थी l
इसलिए कोई खुश नहीं था l
जब तीसरी परीक्षा हुई तो ग्रेड F हो गई l
जैसे-जैसे परीक्षाएँ आगे बढ़ने लगीं स्कोर कभी ऊपर नहीं उठा, बल्कि आपसी कलह, आरोप-प्रत्यारोप, गाली-गलौज और एक-दूसरे से नाराजगी के परिणाम स्वरूप कोई भी नहीं पढ़ता था क्योंकि कोई भी छात्र अंपने परिश्रम से दूसरे को लाभ नहीं पहुंचाना चाहता था l अंत में सभी आश्चर्यजनक रूप से फेल हो गए और प्रोफेसर ने उन्हें बताया कि इसी तरह “समाजवाद” भी अंततोगत्वा फेल हो जाएगा, क्योंकि ईनाम जब बहुत बड़ा होता है तो सफल होने के लिए किया जाने वाला उद्यम भी बहुत बड़ा होगा l परन्तु जब सरकार सारे अवार्ड छीन लेगी तो कोई भी न तो सफल होना चाहेगा और न ही सफल होने की कोशिश करेगा l
निम्नलिखित पाँच सर्वश्रेष्ठ उक्तियाँ इस प्रयोग पर लागू होती हैं l
1. आप समृद्ध व्यक्ति को उसकी समृद्धि से बेदखल करके गरीब को समृद्ध बनाने का क़ानून नहीं बना सकते l
2. जो व्यक्ति बिना कार्य किए कुछ प्राप्त करता है, अवश्य ही परिश्रम करने वाले किसी अन्य व्यक्ति के इनाम को छीन कर उसे दिया जाता है l
3. सरकार तब तक किसी को कोई वस्तु नहीं दे सकती जब तक वह उस वस्तु को किसी अन्य से छीन न ले l
4. आप सम्पदा को बाँट कर उसकी वृद्धि नहीं कर सकते l
5. जब किसी राष्ट्र की आधी आबादी यह समझ लेती है कि उसे कोई काम नहीं करना है, क्योंकि बाकी आधी आबादी उसकी देख-भाल जो कर रही है और बाकी आधी आबादी यह सोच कर कुछ अच्छा कार्य नहीं कर रही कि उसके कर्म का फल किसी दूसरे को मिल रहा है – तो वहीँ उस राष्ट्र के अंत की शुरुआत हो जाती है।

मंगलवार, 1 मार्च 2016

यक्ष प्रश्न

यक्ष प्रश्न

​पांडवों के वनवास के बारह वर्ष समाप्त होनेवाले थे. इसके बाद एक वर्ष के अज्ञातवास की चिंता युधिष्ठिर को सता रही थी. इसी चिंता में मग्न एक दिन युधिष्ठिर भाइयों और कृष्ण के साथ विचार विमर्श कर रहे थे कि उनके सामने एक रोता हुआ ब्राम्हण आ खड़ा हुआ. रोने का कारण पूछने पर उसने बताया – “मेरी झोपडी के बाहर अरणी की लकड़ी टंगी हुई थी. एक हिरण आया और वह इस लकड़ी से अपना शरीर खुजलाने लगा और चल पड़ा. अरणी की लकड़ी उसके सींग में ही अटक गई. इससे हिरण घबरा गया और बड़ी तेजी से भाग खड़ा हुआ. अब मैं अग्नि होत्र के लिए अग्नि कैसे उत्पन्न करूंगा?” (अरणी ऐसी लकड़ी है जिसे दूसरी अरणी से रगड़कर आग पैदा की जाती है).
उस ब्राम्हण पर तरस खाकर पाँचों भाई हिरण की खोज में निकल पड़े. हिरण उनके आगे से तेजी से दौड़ता हुआ बहुत दूर निकल गया और आँखों से ओझल हो गया. पाँचों पांडव थके हुए प्यास से व्याकुल होकर एक बरगद की छाँव में बैठ गए. वे सभी इस बात से लज्जित थे कि शक्तिशाली और शूरवीर होते हुए भी ब्राम्हण का छोटा सा काम भी नहीं कर सके. प्यास के मारे उन सभी का कंठ सूख रहा था. नकुल सभी के लिए पानी की खोज में निकल पड़े. कुछ दूर जाने पर उन्हें एक सरोवर मिला जिसमें स्वच्छ पानी भरा हुआ था. नकुल पानी पीने के लिए जैसे ही सरोवर में उतरे, एक आवाज़ आई – “माद्री के पुत्र, दुस्साहस नहीं करो. यह जलाशय मेरे आधीन है. पहले मेरे प्रश्नों के उत्तर दो, फिर पानी पियो”.
नकुल चौंक उठे, पर उन्हें इतनी तेज प्यास लग रही थी कि उन्होंने चेतावनी अनसुनी कर दी और पानी पी लिया. पानी पीते ही वे प्राणहीन होकर गिर पड़े.
​बड़ी देर तक नकुल के नहीं लौटने पर युधिष्ठिर चिंतित हुए और उन्होंने सहदेव को भेजा. सहदेव के साथ भी वही घटना घटी जो नकुल के साथ घटी थी.
सहदेव के न लौटने पर अर्जुन उस सरोवर के पास गए. दोनों भाइयों को मृत पड़े देखकर उनकी मृत्यु का कारण सोचते हुए अर्जुन को भी उसी प्रकार की वाणी सुनाई दी जैसी नकुल और सहदेव ने सुनी थी. अर्जुन कुपित होकर शब्दभेदी बाण चलने लगे परंतु उसका कोई फल नहीं निकला. अर्जुन ने भी क्रोध में आकर पानी पी लिया और वे भी किनारे पर आते-आते मूर्छित होकर गिर गए.
अर्जुन की बाट जोहते-जोहते युधिष्ठिर व्याकुल हो उठे. उन्होंने भाइयों की खोज के लिए भीम को भेजा. भीमसेन तेजी से जलाशय की ओर बढ़े. वहां उन्होंने अपने तीन भाइयों को मृत पाया. उन्होंने सोचा कि यह अवश्य किसी राक्षस के करतूत है पर कुछ करने से पहले उन्होंने पानी पीना चाहा. यह सोचकर भीम ज्यों ही सरोवर में उतरे उन्हें भी वही आवाज़ सुनाई दी. – “मुझे रोकनेवाला तू कौन है!?” – यह कहकर भीम ने पानी पी लिया. पानी पीते ही वे भी वहीं ढेर हो गए.
चारों भाइयों के नहीं लौटने पर युधिष्ठिर चिंतित हो उठे और उन्हें खोजते हुए जलाशय की ओर जाने लगे. निर्जन वन से गुज़रते हुए युधिष्ठिर उसी विषैले सरोवर के पास पहुँच गए जिसका जल पीकर उनके चारों भाई प्राण खो बैठे थे. उनकी मृत्यु का कारण खोजते हुए युधिष्ठिर भी पानी पीने के लिए सरोवर में उतरे और उन्हें भी वही आवाज़ सुनाई दी – “सावधान! तुम्हारे भाइयों ने मेरी बात न मानकर तालाब का जल पी लिया. यह तालाब मेरे आधीन है. मेरे प्रश्नों का सही उत्तर देने पर ही तुम इस तालाब का जल पी सकते हो!”

​युधिष्ठिर जान गए कि यह कोई यक्ष बोल रहा था. उन्होंने कहा – “आप प्रश्न करें, मैं उत्तर देने का प्रयास करूंगा!”
यक्ष ने प्रश्न किया – मनुष्य का साथ कौन देता है?
युधिष्ठिर ने कहा – धैर्य ही मनुष्य का साथ देता है.
यक्ष – यशलाभ का एकमात्र उपाय क्या है?
युधिष्ठिर – दान.
यक्ष – हवा से तेज कौन चलता है?
युधिष्ठिर – मन.
यक्ष – विदेश जानेवाले का साथी कौन होता है?
युधिष्ठिर – विद्या.
यक्ष – किसे त्याग कर मनुष्य प्रिय हो जाता है?
युधिष्ठिर – अहम् भाव से उत्पन्न गर्व के छूट जाने पर.
यक्ष – किस चीज़ के खो जाने पर दुःख नहीं होता?
युधिष्ठिर – क्रोध.
यक्ष – किस चीज़ को गंवाकर मनुष्य धनी बनता है?
युधिष्ठिर – लोभ.
यक्ष – ब्राम्हण होना किस बात पर निर्भर है? जन्म पर, विद्या पर, या शीतल स्वभाव पर?
युधिष्ठिर – शीतल स्वभाव पर.
यक्ष – कौन सा एकमात्र उपाय है जिससे जीवन सुखी हो जाता है?
युधिष्ठिर – अच्छा स्वभाव ही सुखी होने का उपाय है.
यक्ष – सर्वोत्तम लाभ क्या है?
युधिष्ठिर – आरोग्य.
यक्ष – धर्म से बढ़कर संसार में और क्या है?
युधिष्ठिर – दया.
यक्ष – कैसे व्यक्ति के साथ की गयी मित्रता पुरानी नहीं पड़ती?
युधिष्ठिर – सज्जनों के साथ की गयी मित्रता कभी पुरानी नहीं पड़ती.
यक्ष – इस जगत में सबसे बड़ा आश्चर्य क्या है?
युधिष्ठिर – रोज़ हजारों-लाखों लोग मरते हैं फिर भी सभी को अनंतकाल तक जीते रहने की इच्छा होती है. इससे बड़ा आश्चर्य और क्या हो सकता है?
इसी प्रकार यक्ष ने कई प्रश्न किये और युधिष्ठिर ने उन सभी के ठीक-ठीक उत्तर दिए. अंत में यक्ष ने कहा – “राजन, मैं तुम्हारे मृत भाइयों में से केवल किसी एक को ही जीवित कर सकता हूँ. तुम जिसे भी चाहोगे वह जीवित हो जायेगा”.
युधिष्ठिर ने यह सुनकर एक पल को सोचा, फिर कहा – “नकुल जीवित हो जाये”.
युधिष्ठिर के यह कहते ही यक्ष उनके सामने प्रकट हो गया और बोला – “युधिष्ठिर! दस हज़ार हाथियों के बल वाले भीम को छोड़कर तुमने नकुल को जिलाना क्यों ठीक समझा? भीम नहीं तो तुम अर्जुन को ही जिला लेते जिसके युद्ध कौशल से सदा ही तुम्हारी रक्षा होती आई है!”
युधिष्ठिर ने कहा – “हे देव, मनुष्य की रक्षा न तो भीम से होती है न ही अर्जुन से. धर्म ही मनुष्य की रक्षा करता है और धर्म से विमुख होनेपर मनुष्य का नाश हो जाता है. मेरे पिता की दो पत्नियों में से कुंती माता का पुत्र मैं ही बचा हूँ. मैं चाहता हूँ कि माद्री माता का भी एक पुत्र जीवित रहे.”

“पक्षपात से रहित मेरे प्रिय पुत्र, तुम्हारे चारों भाई जीवित हो उठें!” – यक्ष ने युधिष्ठिर को यह वर दिया. यह यक्ष और कोई नहीं बल्कि स्वयं धर्मदेव थे. उन्होंने ही हिरण का और यक्ष का रूप धारण किया हुआ था. उनकी इच्छा थी कि वे अपने धर्मपरायण पुत्र युधिष्ठिर को देखकर अपनी आँखें तृप्त करें.