विरासत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
विरासत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 1 सितंबर 2022

जिहां गुड़ तिहां चांटी

मीठा केवल गुड़ और शक्कर ही नहीं होता, मीठेपन का गुण व्यक्ति, पशु और पक्षियों में भी होता है। सादा-सरल, उच्च विचार, रहन-सहन, भोलापन, निष्कपटता, छलहीन आचरण और व्यवहार मनुष्य के व्यक्तित्व में वह निखार ला देता है जिससे प्रभावित हुए बिना कोई नहीं रह सकता। अनायास उसकी ओर आकर्षित हो खींचे चले आते हैं। छत्तीसगढ़ की माटी इन्हीं खनिज सम्पदाओं से लबालब भरा हुआ है। सुख, शांति, प्रेम और सद्भाव रूपी खजानों को यहां के वासी दोनों हाथों से दानवीर, कर्ण और प्रवीरचंद भंजदेव की तरह लुटाते हैं। दानवीर मोरध्वज को यहां की माटी ने जन्म दिया था इसे सब जानते हैं। सब कुछ मिलता है यहां, किसी चीज की कमी नहीं, अभाव नहीं जिसके लिए दूसरों का मुंह ताकना पड़े। इसी संदर्भ में यहां प्रस्तुत है छत्तीसगढ़ी आलेख- 'जिहां गुड़ तिहां चांटी '|

           ______

छत्तीसगढ़ मं जउन मन आगे, बसगे, रहिके खपत हें, पचत हे, तउन सबो झन केहे लगे हें- मैं छत्तीसगढिय़ां हौं। झोरफा के झोरफा, दर-दर ले बरतिया मन असन, बतरकिरी मन असन झपाय परत हें। अइसन काबर होवत हे? सब छत्तीसगढिय़ा मॉडल के कमाल हे ते कोनो अउ दूसर कारन हे? कारन ला जाने अउ समझे ले परही, बिन जाने, बिन समझे कोन अपन मुंह ला ओखली में दिही!

हां..., कारन हे भई, जबरदस्त कारन हे। अउ ओ कारन हे सुख अउ शांति। इहां कोनो परकार के कल-कल नइहे, झगरा-लड़ई नइहे, अशांति नइहे, जइसन आन जघा मं हें। दूसर परदेश मं जा तो ले- रात-दिन झगरा लड़ई, मारपीट, चोरी, डकैती, बदमासी अउ दुनियाभर के अतियाचार। उहां सुतंत्र कोनो रेहे नइ सकय। चले फिरे, घुमे-टहले नइ सकय। चीज-बस, घर-दुआर, पूंजी-पसरा, बहू-बेटी के ककरो ठिकाना नहीं, के कब का हो जही? दू दिन, चार दिन बर घर छोड़ के कहूं बाहिर नइजा सकस, तलासत रहिथे के घर मालिक मन हे के नहीं। जइसे ओकर मन के कान मं बात पहुंचथे के फलाना घर के मालिक कहूं बाहिर गेहे, बर-बिहाव, मरनी-हरनी, घूमे-फिरे ले तब जान ले दूसर दिन ओकर मन के घर मं चोरी-डकैती, सेंधमारी, नहिते कोनो बहू-बेटी के इज्जत ऊपर आंच आ जाय रहिथे। 

जिहां गुड़ रहिथे तिहां चांटी के रेला लग जथे। कोन जनी ओकर मन के नाक मं का अइसे सक्ति रहिथे कोनो मोहनी दे बरोबर बरपेली खींचे चले आथे। हां, सचमुच मं मनमोहनी हे छत्तीसगढ़। एकर दूसर नांव मणिपुर, मेघालय, हिमाचल, कश्मीर, उत्तराखंड जइसे मनमोहनी परदेस रख देना चाही। छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधि मन ला एकर ऊपर विचार करना चाही, प्रबुद्ध वर्ग मन ला घला सोचना चाही। करे जा सकत हे, हो सकत हे, बस थोकन कोशिश करे भर के जरूरत हे। जब शहर मन के नाम बदले जा सकत हे तब परदेस के नांव बदलब मं कोनो परकार के अड़चन नइ आना चाही, हो सकत हे ये अपन-अपन विचार हे भई, कोनो ला बरपेली करे के या फेर जोजियाय के जरूरत नइहे। 

हां तब बात गुड़ अउ चांटी के शुरू होय रिहिसे। जउन गुरहा चीला खाये हें तउन मन ओकर सुवाद ला जान सकत हे। छत्तीसगढिय़ा मन तो खवई-पियई म बाजे हे। गजब मिठास अउ गुरतुर भरे हे छत्तीसगढ़ मं। सब जिनिस के मिठास हे। इहां का जिनिस नइहे, सब कुछ हे, सब भरपूर हे। खनिज सम्पदा, पेड़-पौधा, नदिया-नरवा, पहाड़, जंगल, बड़े-बड़े सरोवर ये सब तो इहंचेे हे। एकर छोड़े जउन बड़े जनिक सम्पदा धन, मणि, मानिक,हीरा -पन्ना सोना-चांदी, जवाहरात यहू कुछु नइहे इकरो ले जउन बड़े सम्पदा हे ओ हे धरम, तिहार, परब, उत्सव, खुसी, आनंद अउ परेम जउन इहां के माटी मं कन-कन मं जन-जन के मन मं बसे ओ अद्भुत हे। भगवान रामचंद्र ला जउन अपन कोख ले जनम दे हे तइसन महतारी के ये जन्मभूमि हे। अइसन जघा तब कइसन पावन अउ सुंदर नइ हो सकत हे। सप्तरिसी मन के तपोभूमि हे इही छत्तीसगढ़। साक्षात प्रयागराज हे राजिम, जिहां राजीव लोचन भगवान विराजे हे। ये धरती, ये छत्तीसगढ़, इहां के माटी चंदन बरोबर हे, मस्तक मं लगाय के लइक हे। 

अइसन जघा ला कोटि-कोटि परनाम हे। महानदी, सोंढूर अउ पइरी नदी के पानी छत्तीसगढ़ के पांव पखारत कल-कल करत बहत हे। सुख, शांति, परेम, आनंद अउ धरमभूमि हे छत्तीसगढ़। सर्वधर्म, समभाव, सद्भाव के त्रिवेणी मं असनान करे खातिर ओ सब इहां खींचे चले आवत हे। इही जादू हे, मनमोहनी हे, गुड़ के चासनी हे। जइसे चासनी मं अचान चकरित माखी के पांख धोखा मं फंसगे तब फेर ओहर फंसगे, निकल नइ सकय, बांच नइ सकय। वइसने छत्तीसगढ़ महतारी के मया हा उही मनमोहनी हे,ओकर गोदी मं बइठे, दूनों बांह मं पोटार लिस तब फिर ये दुलार, मया अउ ममता मं सब बंध जथे। छोड़ाय नइ छूटय। धन हे छत्तीसगढ़ महतारी अउ धन हे तोर मया। तोन मन मं ककरो बर भेदभाव नइहे। तोर हिरदय सब बर वइसने खुले हे जइसे संत तुकड़ो जी भजन गावय- ''सबके लिए खुला है मंदिर ये हमारा"। छत्तीसगढ़ कोनो परदेस नहीं मंदिर हे, तीरथधाम हे, पायलागी करथौं अइसन भुइयां ला... |

-परमानंद वर्मा

रविवार, 5 सितंबर 2021

तो हो जाए एक एक समोसा... ।।

"समोसा" सुनते ही मुंह में पानी आ जाना स्वाभाविक है। यह तिकोना, मोटा और भूरा सा व्यंजन अपनी कद काठी के कारण अपनी बिरादरी में अलग ही नजर आता है। अपने रूप रंग में भले ही यह उन्नीस बैठता हो लेकिन स्वाद में पूरा बीस है और शायद यही कारण है कि तेल की कढ़ाई में घंटों उछलकूद करने वाला गरमागरम समोसा हर उम्र के लोगों की पहली पसंद है। शायद ही कोई अभागा हो, जिसे समोसा खाने का मौका न मिला हो क्योंकि यह तो हर छोटी-बड़ी पार्टी की शान है....लेकिन क्या आपको पता है कि आपके जन्मदिन की तरह आपके प्रिय समोसे का भी एक दिन है जिसे विश्व समोसा दिवस (World Samosa Day) जाता है।...शायद कम ही लोगों को यह पता होगा कि दुनिया भर में 5 सितम्बर को विश्व समोसा दिवस मनाया जाता है।

हमारे-आपके प्रिय समोसे का बस यह दुर्भाग्य है कि उसका दिन ‘शिक्षक दिवस’ के साथ पड़ता है और गुरुओं को समर्पित इस दिन की गरिमा-भव्यता और दिव्यता में समोसा समर्पित शिष्य की भाँति अपने दिन को कुर्बान कर देता है।...इसलिए भले ही वह शिक्षक दिवस की हर दावत में डायनिंग टेबल पर पूरी शान और गर्व से इठलाता हो लेकिन अपना दिन खुलकर नहीं माना पाता। शिक्षक दिवस और समोसे के बीच एक खास सम्बन्ध यह भी है हर व्यक्ति का और प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी का ‘समोसा गुरु’ जरुर होता है, जो यह बताता है कि ‘गुरु फलाने शहर में फलाने के समोसे बहुत गज़ब हैं’...और हर शहर-हर गली नुक्कड़ पर स्वादिष्ट समोसे का यह गुरुपन पलता-बढ़ता रहता है।
समोसा दिवस पर अपनी जानकारी बढ़ाने के लिए जब हमने इस लज़ीज़-मोटे समोसे का इतिहास खंगालना शुरू किया तो गूगल गुरु ने बताया कि समोसा असल में फारसी शब्द 'सम्मोकसा' से बना है। माना जाता है कि समोसे की उत्पत्ति 10वीं शताब्दी से पहले मध्य पूर्व में कहीं हुई थी और यह 13वीं से 14वीं शताब्दी के बीच भारत में आया। ऐसा माना जाता है कि समोसा मध्य-पूर्व के व्यापारियों के साथ भारत आया और आते ही पूरा भारतीय हो गया। तभी तो आजकल हर शहर की गली,मोहल्ले और नुक्कड पर समोसा आसानी से मिल जाता है। वैसे इन दिनों एक थ्योरी यह भी चल रही है कि अरब देशों में गेहूँ तो होता नहीं है तो उनको समोसा बनाने के लिए मैदा कहाँ से मिलेगा इसलिए समोसा पूरी तरह भारतीय पैदाइश है। बहरहाल अब तो समय के साथ समोसा रंग-रूप,आकार-प्रकार,स्वाद और गुण भी बदलता जा रहा है। शहरों में नमकीन की दुकानों पर मिलने वाले छोटे सूखे समोसों से लेकर दिल्ली के पास नोएडा में मिलने वाले गरमा-गरम छोटे समोसों और दिल्ली के ही नूडल्स वाले समोसे तक इसने लम्बा सफ़र तय किया है। अब तो इसने धीरे से मिठाइयों के बीच भी घुसपैठ कर ली है और चाकलेट और खोया भरे मीठे समोसे के रूप में भी अपने स्वाद से आमोखास की जुबान पर चढ़ने लगा है। पूर्वी दिल्ली में तो करीब 25 प्रकार के समोसे मिलते हैं। यहां आलू के साथ पास्ता, नूडल्स, पिज्जा और चॉकलेट समोसे जैसे कई प्रकार के समोसे लोगों को खूब भा रहे हैं । समोसे की लोकप्रियता का ही प्रमाण है कि दशक भर पहले बिहार के साथ साथ हिंदी पट्टी में यह नारा खूब लोकप्रिय हुआ था... ‘ जब तक रहेगा समोसे में आलू-तब तक रहेगा बिहार में लालू’...और इसीतरह ‘मिस्टर और मिसेज खिलाड़ी’ फिल्म के एक गीत ‘जब तक रहेगा समोसे में आलू, तब तक रहूँगा तेरा मैं शालू..’ ने भी समोसे की लोकप्रियता की आड़ में खूब कमाई की थी।....खैर इस फिल्म या लालूप्रसाद की लोकप्रियता तो समय के साथ कम होती गयी लेकिन हमारा समोसा आज भी पूरी आन-बान-शान के साथ स्वाद के पहले पायदान पर कायम है....तो चलिए हो जाए एक-एक समोसा.... ।।
संजीव शर्मा

बुधवार, 17 सितंबर 2014

साझी विरासत के साक्षी पाकिस्तान के मंदिर

पाकिस्तान के पंजाब के चकवाल जिले के कटास राज क्षेत्र में मंदिर समूह और बारादरी
पाकिस्तान में हिंदू मंदिर? महीने भर पहले दिल्ली में अपनी किताब के विमोचन के मौके पर रीमा अब्बासी से कुछ नौजवान श्रोताओं ने इस तरह के सवाले पूछे तो हैरान होने की बजाए वे खुश हुईं, ‘‘मुझे लगा कि मैंने आज के हिसाब से बेहद मौजूं विषय पर और ठीक समय पर यह किताब लिखी है.’’

पाकिस्तान की पत्रकार रीमा अब्बासी कराची में रहती हैं. वे लंदन में पढ़ी हैं. परिवार के कई लोग हिंदुस्तान में हैं. संगीत और सिनेमा के अलावा योग में भी उनकी दिलचस्पी है. पाकिस्तान और भारत के कई अखबारों में अरसे से नियमित कॉलम लिखती हैं. वे पिछले एक दशक से धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को रेखांकित करने में जुटी हैं.

उनकी किताब हिस्टोरिक टेंपल्स इन पाकिस्तान का मजमून, उसकी कवर फोटो और उपशीर्षक अ कॉल टु कॉनशंस (अंतरात्मा की आवाज) भी इसी ओर इशारा करते हैं. करीब 300 पन्नों की यह किताब एक दस्तावेजी साक्ष्य है. लाहौर और कराची जैसे राजधानी शहरों से लेकर ठेठ बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा तक के बीहड़ इलाकों में साथी महिला फोटोग्राफर मदीहा ऐजाज के साथ जाकर अब्बासी ने करीब दो दर्जन ऐतिहासिक मंदिरों की रचनात्मक परिक्रमा की है.
(कराची में 15,00 वर्ष पुराना पंचमुखी हनुमान मंदिर)
भारत में पाकिस्तान के मंदिरों की खबरें उन पर कथित ‘‘हमलों’’ या अतिक्रमणों के संदर्भ में ही आती रही हैं. उनकी ऐतिहासिकता, आज के वहां के परिवेश और तथ्यों को एक संवेदनशील आंख से देखने-बताने की कोशिश ही नहीं की गई. कभी-कभी चर्चा हुई भी तो मोटे तौर पर दो मंदिरों-कटास राज और हिंगलाज माता की. पंजाब (पाकिस्तान) के चकवाल जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर पहाड़ी पर बने कटासराज मंदिर के बारे में मान्यता है कि शिव की अर्द्धांगिनी सती ने यहीं देह त्यागी थी और पांडवों ने वनवास के चार साल वहां बिताए थे.
नागरपारकर के इस्लामकोट में पाकिस्तान का इकलौता राम मंदिर
नागरपारकर के इस्लामकोट में पाकिस्तान
 का इकलौता ऐतिहासिक राम मंदिर
कई विद्वानों का मानना है कि कटास ऋग्वेद, रामायण, उपनिषदों और महाभारत के लिए प्रेरणास्थल रहा है. वहीं बलूचिस्तान प्रांत के लासबेला जिले में हिंगोल नदी के किनारे स्थित हिंगलाज (दुर्गा का एक नाम) माता का मंदिर दुस्साहसी तीर्थयात्रियों का भी कड़ा इम्तिहान लेता है. ऊंचे-नीचे, संकरे दुर्गम पहाड़ी, मैदानी इलाकों के अलावा बुनियादी सुविधाओं से दूर जनजातीय आबादी को पार कर वहां पहुंचना, लेखिका के मुताबिक एक दूसरी दुनिया में होने का एहसास कराता है.

कभी सिंध, कभी थार और नागरपारकर तो कभी पंजाब, अब्बासी ने अपनी टीम के साथ एक साल तीन माह तक इसी तरह खाक छानी. सिंध में सक्खर का साधु बेला मंदिर, अरोड़ का कालका मंदिर और सिंध के दलितों-मुसलमानों की अगाध श्रद्धा वाला रामा पीर मंदिर या फिर खैबर के हजारा जिले में मनसेहरा का शिवाला मंदिर. आठ-नौ महीने अब्बासी ने इन पर शोध और अध्ययन में लगाए.
बलूचिस्तान के दूरदराज इलाके में स्थित दुर्गा का हिंगलाज मंदिर
(बलूचिस्तान प्रांत के दूरदराज इलाके में स्थित दुर्गा का हिंगलाज मंदिर)

इस दौरान उन्होंने पाया कि 1992 में बाबरी मस्जिद गिराए जाने के बाद पंजाब प्रांत समेत पाकिस्तान में करीब 1,000 मंदिर ध्वस्त किए गए. पंजाब वह इलाका है, जहां से पाकिस्तान के ज्यादातर हुक्मरान आते हैं. इस बारे में सवाल करने पर वे कहती हैं, ‘‘हैरत की बात है कि मुझे पेशावर में ऐसी कोई मुश्किल नहीं आई जबकि लोगों को लगता है कि वहां हालात ठीक नहीं होंगे. उस लिहाज से देखें तो पंजाब में हरेक के लिए मुश्किल है, क्या हिंदू, क्या शिया, क्या अहमदी और क्या खवातीन (महिलाएं). यह सब देखकर एक लेखक के तौर पर मुझे दुख हुआ.’’

लेकिन फिर वे जैसे एक झटके के साथ उस विषय से बाहर आते हुए स्पष्ट कहती हैं कि और भी 500 या 1,000 मंदिर होंगे लेकिन चूंकि उनकी किताब का मजमून ‘‘ऐतिहासिक मंदिर्य है, इसलिए उन्होंने, ‘‘इतिहास, सौहार्द, पुरातत्व और उपमहाद्वीप की साझा विरासत के मूल्यों पर ही फोकस रखा है.’’ उन्होंने पाया कि हिंगलाज माता के मंदिर में हिंदुओं के अलावा स्थानीय बलूच और यहां तक कि ईरान से गैर-हिंदू भी मन्नतें मांगने आते हैं. किताब में कई जगहों पर मंदिरों में मिले गैर-हिंदुओं का हवाला दिया गया है.
हिंगलाज मंदिर क्षेत्र का बाहर से दिखता बेहद खूबसूरत नजारा
(हिंगलाज मंदिर क्षेत्र का बाहर से दिखता बेहद खूबसूरत नजारा)

‘‘मैं जहां-जहां जिस मंदिर में भी गई, पुजारी हो, भक्त हो, बलूची हो या पेशावर के मुसलमान हों, जब मैंने उन्हें किताब का मजमून और इसके हिंदुस्तान में छपने की बात कही तो यकीन जानिए, हर किसी ने खुशी जताते हुए यही कहा कि हिंदुस्तान तक यह बात पहुंचनी चाहिए.’’ यही वह ताकत थी जिसने अब्बासी को इस जुनूनी काम में लगाए रखा. वरना ऊबड़-खाबड़ बीहड़ों के हड्डियां चटका देने वाले रास्तों से गुजरते वक्त उन्हें एक वक्त लगा भी कि यह क्या बला मोल ले ली.

 ‘‘हिंगलाज पहुंचना तो वाकई बड़ा ही दुश्वार और चैलेंजिंग था. टीम का साजो-सामान लेकर चलना और फंड की दिक्कत. लेकिन चूंकि हमारे पास एक बड़ा मकसद था. एक धर्म विशेष की बजाए इसमें इंसानियत, बहुलतावाद और मंदिरों से जुड़े जीवन पर बात करनी थी. इस किताब में इतिहास को सेलिब्रेट किया गया है.’’
सिंध में दलित हिंदुओं और मुसलमानों का प्रमुख धर्म स्थल रामा पीर मंदिर
(सिंध में दलित हिंदुओं और मुसलमानों का प्रमुख धर्म स्थल रामा पीर मंदिर)

लेखिका के लिए मुल्क के कोने-कोने का सफर सिर्फ किताबी यात्रा नहीं थी. इससे वे खुद अपने मुल्क को कहीं बेहतर ढंग से जान पाईं, ‘‘पाकिस्तान के एक नागरिक के नाते अब इसे मैं पहले से बेहतर समझ पाई हूं. इन यात्राओं ने जेहनी तौर भी मुझे समृद्ध किया है.’’ इस किताब को लेकर भारत से मिली प्रतिक्रियाओं ने उनका हौसला बढ़ाया है. वे कहती हैं कि किताब के लिए जुटाए गए तमाम तथ्य और फोटो वगैरह लाहौर के पुरातत्व संग्रहालय में रखे जाएंगे.
रीमा अब्बासी‘‘यह सब तो ठीक है लेकिन हिंदुस्तान इस विषय पर सपोर्ट करने के लिए इतना ज्यादा खुला होगा, इसकी मुझे उम्मीद न थी.’’ 29 अगस्त को दिल्ली के हैबिटाट सेंटर में एक संस्था की ओर से उन्हें राजीव गांधी एक्सीलेंस अवार्ड दिया गया. इसमें वे खुद नहीं थीं पर अक्तूबर में एक साहित्य उत्सव में वे यहां होंगी. तब शायद यह किताब हिंदी में लाने की बात वे आगे बढ़ाएं, ‘‘मेरी दिली इच्छा है कि यह हिंदी में आए क्योंकि यहां की अहम जबान है हिंदी. हिंदी के लोग इसे पढ़ेंगे तो इससे मेरे मजमून को ताकत मिलेगी.’’ 
शिवकेश | सौजन्‍य: इंडिया टुडे | नई दिल्ली, 3 सितम्बर 2014 |